इस बार भी भारी रहा दक्षिणी जोन का पलड़ा

सुधीर कुमार पूर्वी दिल्ली पूर्वी दिल्ली नगर निगम के अहम पद किसे हासिल होंगे इसका पटाक्षेप

By JagranEdited By: Publish:Wed, 17 Jun 2020 10:20 PM (IST) Updated:Wed, 17 Jun 2020 10:20 PM (IST)
इस बार भी भारी रहा दक्षिणी जोन का पलड़ा
इस बार भी भारी रहा दक्षिणी जोन का पलड़ा

सुधीर कुमार, पूर्वी दिल्ली:

पूर्वी दिल्ली नगर निगम के अहम पद किसे हासिल होंगे, इसका पटाक्षेप बुधवार को हो गया। निगम के इस कार्यकाल में महापौर पद के चुनाव में शाहदरा दक्षिणी जोन का पलड़ा इस बार भी भारी रहा और शाहदरा उत्तरी जोन इससे वंचित रह गया। वहीं स्थायी समिति में शाहदरा उत्तरी जोन इस बार बाजी मारने में सफल रहा। शाहदरा दक्षिणी जोन का इलाका जहां सांसद गौतम गंभीर का संसदीय क्षेत्र है वहीं शाहदरा उत्तरी जोन का इलाका सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी का है।

निगम के इस कार्यकाल में तीन साल तक शाहदरा दक्षिणी जोन से महापौर का चयन होता रहा है। इस बार संभावना जताई जा रही थी कि शाहदरा उत्तरी जोन से महापौर बनाया जाएगा। इस जोन से महापौर प्रत्याशी के रूप में प्रमोद गुप्ता का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा था। लेकिन ऐसा नहीं हो पाया और चौथी बार भी शाहदरा दक्षिणी जोन से निर्मल जैन ही महापौर बनेंगे।

पिछले साल स्थायी समिति से शाहदरा उत्तरी जोन का दबदबा खत्म हो गया था लेकिन इस बार फिर से पुरानी स्थिति हो गई है। सत्यपाल सिंह दूसरी बार स्थायी समिति के चेयरमैन बनेंगे। वह पूर्वी निगम के ऐसे एकमात्र पार्षद हैं जो पांचों साल स्थायी समिति के सदस्य रहेंगे। तीन साल से वह सदस्य हैं और इस बार उन्होंने फिर से सदस्य के रूप में नामांकन दाखिल किया है। इसके पहले वह स्थायी समिति के चेयरमैन रह चुके हैं और इस बार के लिए भाजपा ने उनके नाम की घोषणा पहले ही कर दी है।

पूर्वी दिल्ली नगर निगम में दबंग नेता के रूप में जाने जाने वाले प्रवेश शर्मा इस बार फिर महत्वपूर्ण पद पर पहुंच चुके हैं। वह नेता सदन बनने के साथ ही स्थायी समिति के सदस्य भी बनेंगे। वह इसके पहले दो सालों तक स्थायी समिति के सदस्य रह चुके हैं और एक बार चेयरमैन रह चुके हैं। वर्तमान में वह शाहदरा उत्तरी जोन के चेयरमैन भी हैं। वार्ड समिति में महिलाओं का रहेगा दबदबा

पूर्वी दिल्ली नगर निगम के दोनों जोन में इस बार महिलाओं के खाते में ज्यादा पद गए हैं। जहां शाहदरा दक्षिणी जोन का चेयरमैन भावना मलिक को बनाया जाएगा वहीं डिप्टी चेयरपर्सन के रूप में शशि के नाम की घोषणा की गई है। इस बार जोन महिलाओं के हाथों में रहेगा। विशेष बात यह है कि अभी तक इस जोन की बागडोर महिला पार्षद कंचन महेश्वरी के हाथों में ही है। शाहदरा उत्तरी जोन में डिप्टी चेयरपर्सन का पद दुर्गेश तिवारी को दिया गया है। उन्हें पूर्वांचल कोटे से यह पद मिला है। इनके ससुर लाल बिहारी तिवारी सांसद व दिल्ली के पूर्व मंत्री रह चुके हैं। गुप्त मतदान का रहा अहम योगदान

इस बार निगम के सभी पदों के प्रत्याशियों के चयन के लिए गुप्त मतदान की प्रक्रिया अपनाई गई थी, जिसमें पार्षद, विधायक, सांसद और जिलाध्यक्षों से प्राथमिकता सूची ली गई थी। इस मतदान प्रक्रिया में सात से आठ नाम निकल कर आए थे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि सातों अहम पद उन्हीं लोगों को दिए गए हैं, जो प्राथमिकता सूची में थे। यह अलग बात है कि जो छठे नंबर पर आया उसे तीसरे नंबर का और दूसरे नंबर पर आने वाले को चौथे नंबर का पद मिल गया। लेकिन इसमें ज्यादा बदलाव नहीं किया गया है। बड़े नेताओं की अनुशंसा पर चयनित सात नामों की प्राथमिकता सूची में थोड़ा बदलाव किया गया है।

chat bot
आपका साथी