नगर निगम में एल्डरमैन पर गरमाई राजनीति

By Edited By: Publish:Sun, 21 Sep 2014 01:06 AM (IST) Updated:Sun, 21 Sep 2014 01:06 AM (IST)
नगर निगम में एल्डरमैन पर गरमाई राजनीति

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : राजधानी में कांग्रेस के शासन काल में लगभग एक साल पहले तीनों नगर निगमों में लगाए गए 30 एल्डरमैन को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। सत्ता पक्ष जहां इन एल्डरमैन को हटाने के पक्ष में है, वहीं नगर निगम में विपक्ष की भूमिका निभा रही कांग्रेस के भी अब इस मुद्दे पर तेवर कड़े हो गए हैं।

नगर निगम उत्तरी में विपक्ष के नेता मुकेश गोयल ने मामले पर महापौर योगेंद्र चंदोलिया से शिकायत की है। जिसमें उन्होंने नेता सदन मीरा अग्रवाल पर आरोप लगाया है कि निगम के सदन में एल्डरमैन के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उनका कहना है कि एल्डरमैन को भी सड़क व सामुदायिक भवन आदि के नाम रखने के लिए सिफारिश करने का अधिकार है। मगर नगर निगम उन्हें यह अधिकार नहीं दे रहा है। यहां तक कि सदन की बैठक में बात भी नहीं रखने दिया जाता है। गोयल का कहना है कि यदि इस मामले पर महापौर कार्रवाई नहीं करेंगे तो तीनों निगम के एल्डरमैन को लेकर उपराज्यपाल के सामने बात रखी जाएगी।

इधर, गत दिनों नगर निगम उत्तरी के सदन में हंगामा करने पर एल्डरमैन की शिकायत सत्ता पक्ष ने उपराज्यपाल और शहरी विकास मंत्रालय से की है। नगर निगम उत्तरी की सदन की नेता मीरा अग्रवाल ने इस बारे में पत्र लिखा है। उनका कहना है कि विपक्ष गलत बात कर रहा है। एल्डरमैन को बात रखने का पूरा मौका दिया जाता है। मगर एल्डरमैन बात नहीं रखते बल्कि कांग्रेस के निगम पार्षदों के साथ मिलकर सदन में व्यवधान उत्पन्न करते हैं। ऐसे कैसे चलेगा।

उनका कहना हैं कि एल्डरमैन वे लोग होते हैं जो निगम से संबंधित मामलों के विशेषज्ञ होते हैं। मगर यहां तो कांग्रेस के कार्यकर्ता एल्डरमैन बना दिए गए हैं, जो हटने ही चाहिए।

chat bot
आपका साथी