पुस्तक मेले में छाई उदासी

By Edited By: Publish:Tue, 26 Aug 2014 03:01 AM (IST) Updated:Mon, 25 Aug 2014 11:47 PM (IST)
पुस्तक मेले में छाई उदासी

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली : प्रगति मैदान में चल रहे दिल्ली पुस्तक मेले में सोमवार को उदासी छाई रही। हालांकि पुस्तकों के विमोचन और स्टेशनरी के स्टॉलों पर बच्चे जरूर दिखे। तेज धूप और सोमवार का दिन होने के कारण मेले में कम लोग आए। 'लिटरेचर इन सिनेमा' थीम पर आयोजित इस बार के पुस्तक मेले में न तो किसी ऐसे उपन्यासकार को आमंत्रित किया गया है जिसकी कहानियों या उपन्यास पर फिल्में बनी हों न ही किसी कलाकार या निर्देशक को ही आमंत्रित किया गया है।

भारतीय प्रकाशक संघ और इंडियन ट्रेड प्रमोशन आर्गनाइजेशन मिलकर इस पुस्तक मेले को आयोजित कर रहे हैं। दर्शकों से रूबरू कराने के लिए आयोजकों ने व्यक्ति विशेष को आमंत्रित नहीं किया है। इतना ही नहीं, उनके बीच तनातनी भी देखने को मिल रही है।

भारतीय प्रकाशक संघ के एक अधिकारी का कहना है कि हमारा बजट बहुत कम है। हम सह आयोजक हैं, इसलिए अपनी तरफ से किसी को नहीं बुलाया है। प्रमुख आयोजक आइटीपीओ है, यह सरकार की इकाई है इसलिए इस बारे में बेहतर वही बता सकता है। कुछ प्रकाशक अपनी तरफ से कुछ लोगों को बुलाएंगे, लेकिन यह पुष्ट सूचना नहीं है। ऑथर्स गिल्ड एक कार्यक्रम साहित्य और सिनेमा पर कराने वाला है, उसमें भी कुछ लोग आ सकते हैं।

पुस्तक मेले में नामी प्रकाशकों की संख्या कम है, इसलिए उन्होंने सिनेमा पर किताबें भी कम रखी हैं। स्टालों में अधिकांश पुरानी किताबें हैं, जिसमें डिस्काउंट दिया जा रहा है।

दमन सिंह की पुस्तक बेस्ट सेलर

पुस्तक मेले में कई किताबों का विमोचन हुआ। इसमें ए चांद एंड कंपनी ने पीसी तुलसियान की पुस्तकों का विमोचन किया तथा अंग्रेजी ग्रामर सिखाने के लिए गिनीज बुक में नाम दर्ज कराने वाले संजय सिन्हा की पुस्तक का विमोचन भी किया गया। अमरीकी दूतावास ने भी बच्चों के साथ परिचर्चा का कार्यक्रम रखा था। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बेटी दमन सिंह की पुस्तक स्ट्रिक्टली पर्सनल, अंग्रेजी लेखक क्रिस्टोफर सी डोयल की पुस्तक द महाभारत सिक्रेट, देवदत्त पटनायक की पुस्तक सीता सहित अन्य पुस्तकें बेस्ट सेलर रहीं।

chat bot
आपका साथी