भारत व अमेरिका कारोबारी संबंध आगे बढ़ाने पर राजी

विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में खाद्य सुरक्षा को लेकर स्थायी समाधान तक पहुंचने पर भारत व अमेरिका के बीच बनी सहमति अब दोनों के व्यापारिक संबंधों में और आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। दोनों देश कृषि उत्पादों की बाजार पहुंच बढ़ाने और वीजा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत आगे

By Manoj YadavEdited By: Publish:Tue, 25 Nov 2014 09:01 PM (IST) Updated:Wed, 26 Nov 2014 01:56 AM (IST)
भारत व अमेरिका कारोबारी संबंध आगे बढ़ाने पर राजी

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में खाद्य सुरक्षा को लेकर स्थायी समाधान तक पहुंचने पर भारत व अमेरिका के बीच बनी सहमति अब दोनों के व्यापारिक संबंधों में और आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। दोनों देश कृषि उत्पादों की बाजार पहुंच बढ़ाने और वीजा से जुड़े मुद्दों पर बातचीत आगे जारी रखने को राजी हो गए हैं। यह चर्चा मंगलवार को भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड पॉलिसी फोरम (टीपीएफ) की बैठक में हुई।

इस बैठक में भारत की तरफ से वाणिज्य व उद्योग मंत्री निर्मला सीतारमण और अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि माइकल फ्रोमैन ने हिस्सा लिया। अमेरिका भारत के सामाजिक सुरक्षा मसले पर भी सूचनाओं की समीक्षा करने को राजी हो गया है। बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा गया है कि दोनों देश भारतीय पेशेवरों की अमेरिका में पहुंच आसान बनाने के मुद्दे पर भी विचार करने के लिए तैयार हैं। दोनों के बीच पेटेंट से जुड़े मसलों पर भी चर्चा हुई।

बैठक में दोनों देशों ने एक दूसरे के आग्रह पर विचार करने का आश्वासन दिया। अमेरिकी कृषि उत्पादों की भारतीय बाजार में पहुंच बढ़ाने को लेकर भी भारत विचार करने को राजी है। अमेरिका लंबे अरसे से यह मांग कर रहा है। दोनों देश वनस्पति और जानवरों के स्वास्थ्य पर तकनीकी बातचीत करने को भी सहमत हुए हैं। यह वार्ता इस मसले पर आपसी सहयोग बढ़ाने में मददगार होगी। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा के मसले पर दोनों देश वार्ता की दिशा इस तरह तय करने को तैयार हुए हैं जिससे दोनों के बीच कृषि उत्पादों की पहुंच आसान हो। भारत ने चावल, आम, अनार और अंगूर जैसे कृषि उत्पादों के मामले में अमेरिका की ओर से भेदभाव बरते जाने का मुद्दा भी बैठक में उठाया।

दोनों देश ऐसा माहौल बनाने पर काम करेंगे, जिससे भारत में मैन्यूफैक्चरिंग क्षेत्र में निवेश बढ़ाया जा सके। इसके लिए दोनों प्रतिनिधियों ने व्यापार और निवेश नीति तय करते वक्त सभी संबंधित पक्षों के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान करने पर भी सहमति जताई। दोनों प्रतिनिधियों के बीच वीजा मुद्दे पर भी बातचीत हुई। भारत लंबे अरसे से अमेरिका से अपने पेशेवरों को वीजा मिलने में हो रहे भेदभाव का सवाल उठाता रहा है। इसके अलावा भारतीयों को अमेरिका में मिलने वाली सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं को लेकर भी सीतारमणन ने बैठक में अपनी चिंता जाहिर की।

पढ़ेंः जीएसटी पर सरकार ने बनाई सहमति

पढ़ेंः खत्म होगा बैंक ड्राफ्ट, पोस्टल आर्डर बनवाने का झंझट

chat bot
आपका साथी