टूजी, थ्रीजी व सीएनजी के अब जीजाजी घोटाला : राजनाथ

By Edited By: Publish:Mon, 21 Apr 2014 06:53 PM (IST) Updated:Mon, 21 Apr 2014 06:53 PM (IST)
टूजी, थ्रीजी व सीएनजी के अब जीजाजी घोटाला : राजनाथ

जागरण न्यूज नेटवर्क, सुपौल/अररिया : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने सोमवार को बिना नाम लिए रॉबर्ट वाड्रा पर प्रहार करते हुए कहा है कि टूजी, थ्रीजी और सीनएनजी के बाद अब जीजाजी घोटाला सामने आया है। घोटालों में आकंठ डूबी कांग्रेस आज देश बचाने के नाम पर वोट मांग रही है।

श्री सिंह राघोपुर के सिमराही में भाजपा के सुपौल प्रत्याशी कामेश्वर चौपाल व अररिया के बरदाहा में अररिया प्रत्याशी प्रदीप कुमार सिंह के पक्ष में आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति बिगाड़ने का ठीकरा कांग्रेस पर फोड़ते हुए कहा कि वह 60 वर्षो के शासनकाल में भी कांग्रेस देश को गरीबी से मुक्त नहीं करा पाई है। 5.5 लाख करोड़ के घोटालों का सेहरा कांग्रेस के सिर पर बंध रहा है। कहा कि देश की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कहा कि केंद्र तथा प्रदेश की सरकारों को जनता की कोई परवाह नहीं है। सीमा पर हमारे सैनिकों की हत्या कर दी गई, लेकिन केंद्र सरकार चुप बैठी रही। अररिया बैरगाछी में अब तक एसएसबी कैंप के अब तक नहीं बनने, अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा व घुसपैठ जैसे मुद्दों पर बिहार सरकार की खिंचाई की। राजनाथ ने कहा कि हम सत्ता में आए तो 71 के बाद आए सभी विदेशी घुसपैठियों को चिह्नित कर वापस भेज दिया जाएगा। देशविरोधी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सीमा पर कंटीली बाड़ लगवाई जाएगी। किसानों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए श्री सिंह ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर प्रधानमंत्री ग्राम सिंचाई योजना लागू की जाएगी। जिस तरह अटल बिहारी वाजपेयी ने सड़कों का जाल बिछवाया, उसी प्रकार हम खेतों में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को समृद्ध बनाने के लिए दोबारा फसल बीमा सुरक्षा योजना लागू करवाई जाएगी। युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। राजनाथ सिंह ने कहा कि अटल सरकार में महंगाई काबू में थी। मिथिलांचल के विभिक्त दोनों भागों को जोड़ने के लिए ईस्ट-वेस्ट-कॉरीडोर की स्थापना उन्हीं के समय हुई। उस समय ही भपटियाही-निर्मली नई रेल लाइन की स्वीकृति दी गई। लेकिन दस वर्षो तक इसके लिए मनमोहन सरकार ने राशि उपलब्ध नहीं कराई। लालू व नीतीश पर निशाना साधते हुए श्री सिंह ने कहा कि ये दोनों अपने आप को समाजवादी कहते हैं। लेकिन, कांग्रेस प्रेम इनके राजनीतिक चरित्र को संदेहास्पद बना रहा है। कहा कि इस चुनाव में जदयू वोट कटवा की भूमिका में है। उन्होंने नरेंद्र मोदी को देश का सबसे मजबूत नेता और आज के भारत की जरूरत बताते हुए कहा कि उनकी लोकप्रियता का लोहा अब पूरी दुनिया मान रही है। अररिया की सभा को सूबे के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अश्रि्वनी चौबे व भाजपा विधायक आनंदी यादव ने भी संबोधित किया।

chat bot
आपका साथी