खरमास के बाद मांगलिक कार्यों की शुरुआत, फरवरी में विवाह के शुभ मुहूर्त अधिक

सीतामढ़ी। हिदू धर्म में 15 दिसंबर से 16 जनवरी तक का महीना खरमास का माना जाता है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 19 Jan 2022 12:27 AM (IST) Updated:Wed, 19 Jan 2022 12:27 AM (IST)
खरमास के बाद मांगलिक कार्यों की शुरुआत, फरवरी में विवाह के शुभ मुहूर्त अधिक
खरमास के बाद मांगलिक कार्यों की शुरुआत, फरवरी में विवाह के शुभ मुहूर्त अधिक

सीतामढ़ी। हिदू धर्म में 15 दिसंबर से 16 जनवरी तक का महीना खरमास का माना जाता है। इस दौरान सभी प्रकार के शुभ कार्यों पर रोक लग जाती है। सूर्य के धनु राशि में गोचर की अवधि को खरमास कहा जाता है। खरमास दिसंबर के मध्य से शुरू होता है और जनवरी के मध्य तक रहता है। 14 जनवरी यानी मकर संक्रांति के दिन खरमास का महीना समाप्त हो जाता है। इसके बाद से सभी मांगलिक कार्य फिर से शुरू हो जाते हैं। 14 जनवरी के बाद सूर्य मकर राशि में प्रवेश करते हैं और 16 जनवरी से मांगलिक कार्य शुरू हो जाते हैं।

हिदू धर्म की पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, खरमास में शादी, सगाई ,नई दुल्हन का प्रवेश, गृह प्रवेश, गृह निर्माण, नए बिजनेस की शुरुआत और बच्चों का मुंडन जैसे मांगलिक कार्य ना करने का विधान है। मकर संक्रांति के दिन सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करते ही शुभ कार्य आरंभ हो जाते हैं। ऐसे में अगर आप भी पिछले एक महीने से खरमास समाप्त होने और शुभ कार्य प्रारंभ करने का इंतजार कर रहे हैं तो यह समय आपके लिए काफी अच्छा है।

----------------------

अगले तीन महीने शादी-विवाह के लिए ये हैं शुभ तिथियां

---------------

जनवरी 2022 शुभ मुहूर्त : 22 जनवरी को पहला शुभ मुहूर्त है। इसके बाद 23, 24 और 25 जनवरी को तय मुहूर्त में शादी करना शुभ रहेगा।

फरवरी 2022 शुभ मुहूर्त : जनवरी के मुकाबले फरवरी में ज्यादा शादियां होंगी। अगले महीने का पहला शुभ मुहूर्त 5 फरवरी को है। इसके बाद 6, 7, 9, 10, 11, 12, 18, 19, 20 और 22 फरवरी भी शादियों के लिए शुभ तिथियां होंगी।

मार्च 2022 शुभ मुहूर्त : साल के तीसरे महीने मार्च में केवल 2 शुभ मुहूर्त हैं। अंचल गली वैदेही क्लब निकुंज मंदिर के पुजारी आचार्य सुमन झा के अनुसार, इस महीने की 4 और 9 तारीख को शादी करना शुभ रहेगा।

chat bot
आपका साथी