महिला उद्योग मेले में परंपरागत सामान कर रहे आकर्षित

ज्ञान भवन में महिला विकास निगम के बैनर तले आयोजित महिला उद्योग मेले में लोगों की भीड़ जुट रही है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 22 Feb 2020 11:07 PM (IST) Updated:Sun, 23 Feb 2020 01:18 AM (IST)
महिला उद्योग मेले में परंपरागत सामान कर रहे आकर्षित
महिला उद्योग मेले में परंपरागत सामान कर रहे आकर्षित

पटना। ज्ञान भवन में महिला विकास निगम के बैनर तले आयोजित महिला उद्योग मेले में लोगों की भीड़ जुट रही है। इसमें लोगों को घरेलू सामान खरीदने से लेकर पर्व-त्योहार की शॉपिंग का मौका भी मिल रहा है। मेले में परंपरागत सामानों के साथ ही मॉडर्न चीजों को भी खूबसूरती से परोसा गया है। इसमें 150 महिला उद्यमियों ने हिस्सा लिया है। हाथ से बनी गुड़ियों की मांग है ज्यादा :

इस बार महिला उद्योग मेले में आरा की नमिता आजाद द्वारा बनाई गई गुड़ियों को लोग बहुत पसंद कर रहे हैं। नमिता बताती हैं कि समय के साथ-साथ गुड़ियों की मांग घटने लगी है। आजकल के बच्चे परंपरागत खिलौनों की जगह मोबाइल व लैपटॉप से खेलना ज्यादा पसंद करने लगे हैं। हालांकि मैंने ऐसी गुड़िया बनाई है जो घर की सजावट के काम भी आती है। इन गुड़ियों की कीमत 100 रुपये से लेकर एक हजार रुपये तक है। शादी में काम आनेवाली पुरानी चीजों से जोड़ रही हैं सुनीता :

मेले में लोगों को परंपरागत चीजों से जोड़ने के लिए डिजाइनर सुनीता प्रकाश ने भी अपना स्टॉल लगाया है। उनके स्टॉल पर वैसे सामान की भरमार है, जिनका इस्तेमाल शादी के दौरान किया जाता है। जैसे सूप, दउरा आदि। साथ ही स्टॉल पर ब्लॉक प्रिंट के डिजाइन से बने फूलों का गुलदस्ता भी लोगों को भा रहा है। एक पीस की कीमत 30 रुपये है। होली को ध्यान में रखते हुए हो रही शॉपिंग : होली को ध्यान में रखते हुए शॉपिंग की जा रही है। इसमें पंजाबी सूट से लेकर चुनरी प्रिंट, दुपंट्टा और चिकन वर्क कुर्ता भी पसंद किया जा रहा है। मेले में लोगों को आकर्षित करने के लिए सेल्फी जोन भी बनाए गए हैं।

chat bot
आपका साथी