मकान के विवाद में मारी गई थी संजय को गोली

पटना । कंकड़बाग थानान्तर्गत हाउसिंग कॉलोनी 'ए' सेक्टर में एम्वे एजेंट संजय श्रीवास्तव को गा

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Aug 2017 03:08 AM (IST) Updated:Wed, 23 Aug 2017 03:08 AM (IST)
मकान के विवाद में मारी गई थी संजय को गोली
मकान के विवाद में मारी गई थी संजय को गोली

पटना । कंकड़बाग थानान्तर्गत हाउसिंग कॉलोनी 'ए' सेक्टर में एम्वे एजेंट संजय श्रीवास्तव को गोली मारकर घायल करने के पीछे मकान का विवाद सामने आ रहा है। पुलिस इस बिंदु पर तफ्तीश कर रही है, लेकिन अब तक गोली चलाने वाले शूटरों का पता नहीं चल पाया है। इधर, अस्पताल में ऑपरेशन के बाद संजय के शरीर से गोलियां निकाल दी गई। हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। थानाध्यक्ष रविभूषण के मुताबिक घटना के कारणों और साजिशकर्ता के बारे में जानकारी जुटा ली गई है। आरोपित जल्द गिरफ्त मे होंगे।

रिश्तेदार ने बेच दिया था मकान :

परिजनों के मुताबिक ए-सेक्टर में मकान संख्या ए/75 संजय श्रीवास्तव उर्फ देवेश के पिता के नाम पर है। कुछ साल पहले उसके करीबी रिश्तेदार ने उस मकान को महेंद्रू के एक दबंग को बेच दिया था। उस वक्त देवेश दिल्ली में नौकरी करता था। वापस घर आने पर उसे घटना की जानकारी हुई, तब उसने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। इस बीच दबंगों ने मकान पर कब्जा भी जमा लिया था।

प्रशासन की मदद से हटाया कब्जा :

दोनों पक्षों के बीच निचली अदालत में मुकदमा चला जिसमें देवेश की जीत हुई। कोर्ट के आदेश पर प्रशासन की मदद से देवेश ने मकान पर कब्जा किया और परिवार के साथ रहने लगा। गुस्से में आकर विरोधी पक्ष ने वर्ष 2014 में भी उसपर जानलेवा हमला किया था, लेकिन समय के साथ मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।

आने वाला है कोर्ट का फैसला :

बताया जाता है कि निचली अदालत का फैसला संजय के पक्ष में आने के बाद विरोधी ने हाईकोर्ट में मुकदमा किया था। इस मामले की सुनवाई लगभग पूरी कर ली गई है। संजय की दोबारा जीत होने के पूरे आसार दिखने लगे। यही कारण रहा कि कोर्ट का फैसला आने से पहले विरोधी उसकी जान लेने पर तुल गए। साजिशकर्ता ने पेशेवर हत्यारों को सुपारी देकर संजय की हत्या करानी चाही, लेकिन इस बार भी वह नाकाम रहे।

--------

: क्या है मामला :

सोमवार की रात ए-सेक्टर में एम्वे कंपनी के एजेंट संजय श्रीवास्तव को बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया था। घटना के बाद वह खुद कार चलाकर अस्पताल पहुंचा। घर के पास ही वारदात हुई। वह बैंडमिंटन खेल कर लौटा था और कार में बैठकर दोस्त से बात कर रहा था कि तभी दो बदमाश बाइक से आए और गोली चला दी। संजय को दो गोलियां लगीं थी। फायरिंग के बाद हमलावर फरार हो गए थे।

chat bot
आपका साथी