JDU के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह BJP में हुए शामिल, इस वजह से पिछले साल छोड़ा था नीतीश का साथ

2024 के लोकसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार को भाजपा ने झटका दिया है। पिछले साल जदयू का दामन छोड़ने वाले आरसीपी सिंह आज भाजपा में शामिल हो गए। वहीं जदयू से दो दिन पहले इस्तीफा देने वाली सुहेली मेहता भी भाजपा में शामिल होंगी।

By Raman ShuklaEdited By: Publish:Thu, 11 May 2023 12:15 PM (IST) Updated:Thu, 11 May 2023 02:50 PM (IST)
JDU के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह BJP में हुए शामिल, इस वजह से पिछले साल छोड़ा था नीतीश का साथ
JDU के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह आज BJP में होंगे शामिल

राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और पूर्व सांसद मीना सिंह के बाद अब पूर्व केंद्रीय मंत्री व जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे आरसीपी सिंह गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली में आयोजित मिलन समारोह में उन्होंने भाजपा की अधिकारिक सदस्यता ली।

पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह को लेकर लगभग एक साल से यह कयास लगाए जा रहे थे कि वे भाजपा के साथ अपनी नई राजनीतिक पारी शुरू कर सकते हैं। मिलन समारोह में आरसीपी सिंह के भाजपा में शामिल होने के दौरान गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मौजूद रहे।

पिछले साल जदयू से दिया था इस्तीफा

आरसीपी सिंह वर्तमान की मोदी सरकार में लगभग एक साल तक केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। वे दो दशक से भी ज्यादा समय तक नीतीश कुमार और जदयू से जुड़े रहे।

आरसीपी सिंह पर पिछले साल यह आरोप लगे थे कि उन्होंने भाजपा के साथ मिलकर जदयू को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। साथ ही कई जगह अवैध संपत्ति अर्जित की। साथ ही उनपर यह भी आरोप लगे कि उन्होंने बिना नीतीश कुमार के अनुमति के केंद्रीय मंत्री बनने का निर्णय किया था। उन्होंने खुद पर लगे कई आरोपों के बाद जदयू से इस्तीफा दे दिया था।

सुहेली मेहता आज भाजपा में होंगी शामिल

इधर, भाजपा प्रदेश मुख्यालय में जदयू से दो दिन पहले इस्तीफा देने वाली प्रदेश प्रवक्ता सुहेली मेहता के अलावा कई और जदयू नेताओं के भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराने की तैयारी है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में मिलन समारोह का आयोजन प्रस्तावित है।

chat bot
आपका साथी