Maharashtra Politics: सुशील मोदी का विरोधियों पर तंज, कहा- देश को आजादी भी रात में मिली थी

महाराष्‍ट्र पॉलिटिक्‍स को लेकर बिहार के उपमुख्‍मंत्री सुशील कुमार मोदी ने विरोधियों पर कड़ा तंज कसा है। उन्‍होंने महाराष्‍ट्र में आधी रात पर कमेंट करनेवाले नेताओं को निशाना बनाया।

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Sun, 24 Nov 2019 09:45 PM (IST) Updated:Sun, 24 Nov 2019 10:35 PM (IST)
Maharashtra Politics: सुशील मोदी का विरोधियों पर तंज, कहा- देश को आजादी भी रात में मिली थी
Maharashtra Politics: सुशील मोदी का विरोधियों पर तंज, कहा- देश को आजादी भी रात में मिली थी

पटना, राज्य ब्यूरो। महाराष्‍ट्र पॉलिटिक्‍स को लेकर बिहार के उपमुख्‍मंत्री सुशील कुमार मोदी ने विरोधियों पर कड़ा तंज कसा है। उन्‍होंने महाराष्‍ट्र में आधी रात पर कमेंट करनेवाले नेताओं को निशाना बनाया है। उन्‍होंने कहा कि भारत को आजादी भी रात में ही मिली थी। उन्‍होंने इसी बहाने राबड़ी सरकार के साथ कांग्रेस विधायकों के मंत्री बनने पर भी कमेंट किया। उपमुख्‍यमंत्री सुशील मोदी ने महाराष्‍ट्र में गठित बीजेपी सरकार की प्रशंसा की तथा इसे लेकर रविवार को ट्वीट भी किया।

उपमुख्‍यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राबड़ी सरकार में कांग्रेस के सभी 35 विधायक मंत्री बनकर सत्ता की मलाई काट रहे थे, इसलिए उस दौर में हुए भ्रष्टाचार के आरोपों से वे बच नहीं सकते। केंद्र और राज्य में अब जब भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस वाली सरकार है, तब कांग्रेस की बेचैनी बढ़ी हुई है। महाराष्ट्र में इनकी दाल नहीं गली और सत्ता में आकर लूटने के दरवाजे बंद होते चले गए। जिनके पेट पर लात पड़ी, उन्होंने अपनी वेदना प्रकट करने को मार्च निकाला था इसलिए जनता ने इसे पूरी तरह नकार दिया।

मोदी ने कहा कि जो लोग महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन हटाने और नई सरकार के गठन की प्रक्रिया रात में शुरू होने पर विलाप कर रहे हैं, उन्हें जानना चाहिए कि भारत को आजादी भी आधी रात को ही मिली थी। यूनियन जैक रात में उतारा गया था। नवरात्र में शक्ति की साधना और दीपावली में लक्ष्मी-पूजा का अनुष्ठान भी रात में ही होता है। उन्होंने कहा कि संस्कृति और इतिहास से कटे लोग जनता से क्या जुड़ेंगे? कहा कि कांग्रेसनीत यूपीए सरकार के समय दिल्ली में कोल ब्लाॅक आवंटन से लेकर राष्ट्रमंडल खेल तक में करोड़ों रुपये के घोटाले हुए। महाराष्ट्र में आदर्श सोसायटी घोटाला उजागर हुआ। जिनके शासन में 10 लाख करोड़ का बैंक एनपीए घोटाला हुआ, वहीं लोग बैंकिंग प्रणाली को मजबूत करने वाली नरेंद्र मोदी सरकार पर अनर्गल आरोप लगाते हैं।

chat bot
आपका साथी