बिहार के बक्‍सर में बड़ी वारदात: राजद नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे फेंका मिला शव

बक्सर में राजद नेता के पुत्र की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। औद्योगिक थानाक्षेत्र अंतर्गत सरिमपुर अहिरौली के सड़क किनारे शव फेंक दिया गया। मृतक की पहचान राजद के पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संतोष भारती के पुत्र चंदन भारती के रूप में कई गई है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Thu, 10 Dec 2020 09:16 AM (IST) Updated:Thu, 10 Dec 2020 10:06 PM (IST)
बिहार के बक्‍सर में बड़ी वारदात: राजद नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे फेंका मिला शव
बक्सर में राजद नेता की सिर में गोली मारकर हत्या।

बक्सर, जेएनएन। बिहार के बक्‍सर में गुरुवार की सुबह बड़ी वारदात प्रकाश में आई। एक दिन पहले घर से लापता राजद पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संतोष भारती के पुत्र चंदन भारती (21) की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। चंदन भारती का फेंका शव औद्योगिक थानाक्षेत्र अंतर्गत सरिमपुर अहिरौली सड़क किनारे मिला। गुरुवार की सुबह लोगों ने शव देख कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटनास्थल से पुलिस ने 9 एमएम का एक खोखा भी बरामद किया। घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गई है। हत्या किसने की, अभी ये साफ नहीं हो सका है। 

गुरुवार की सुबह बगीचे में मिला शव

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह छह बजे औद्योगिक थानाक्षेत्र अंतर्गत सरिमपुर अहिरौली से गुजर रहे ग्रामीणों ने सोनार के बगीचे में एक युवक का शव देखकर पुलिस को सूचना दी। युवक के सिर में करीब से गोली मारी गई थी, जिससे उसका चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। जानकारी होने पर पहुंची औद्योगिक थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। बुधवार रात में ही आरजेडी के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष संतोष भारती ने अपने 21 वर्षीय पुत्र के घर वापस नहीं लौटने की पुलिस को सूचना दी थी। लिहाजा पुलिस ने शव की पहचान के लिए उन्हें पोस्टमॉर्टम हाउस बुलाया। वहां युवक की पहचान करते ही संतोष भारती खुद को काबू में नहीं रख सके और अचेत हो गए।

बीती शाम से लापता थे चंदन

मिली जानकारी के अनुसार चंदन बुधवार की शाम करीब आठ बजे अपनी मां से किसी काम के लिए सौ रुपये मांगकर घर से निकले थे। उसके बाद वो घर वापस नहीं लौटे। चंदन के घर नहीं आने पर स्वजनों द्वारा खोजबीन की जा रही थी। जानकारी न होने पर चंदन के पिता संतोष भारती ने औद्योगिक पुलिस को भी इसकी जानकारी दी थी।

घटना से इलाके में सनसनी

राजद नेता के पुत्र की हत्या के बारे में जानकारी मिलते ही पार्टी के जिलाध्यक्ष शेषनाथ सिंह समेत अन्य नेता पहुंचे। घटना से पूरे इलाके में सनसनी मच गई है।

chat bot
आपका साथी