शादी की पहली सालगिरह के दिन नीलम की उठी अर्थी

ठीक एक साल पहले 20 अप्रैल 2018 को अकबरपुर थाना क्षेत्र के बाबूलाल साव की बेटी नीलम कुमारी की डोली रजौली पहुंची थी। रजौली के नीचे बाजार निवासी स्व. ओमप्रकाश साव के पुत्र उदय साव के साथ उसकी शादी हुई थी। अब 20 अप्रैल 2019 को शादी की पहली सालगिरह के दिन नीलम की अर्थी उठी।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 20 Apr 2019 11:07 PM (IST) Updated:Sun, 21 Apr 2019 06:27 AM (IST)
शादी की पहली सालगिरह के  दिन नीलम की उठी अर्थी
शादी की पहली सालगिरह के दिन नीलम की उठी अर्थी

ठीक एक साल पहले, 20 अप्रैल 2018 को अकबरपुर थाना क्षेत्र के बाबूलाल साव की बेटी नीलम कुमारी की डोली रजौली पहुंची थी। रजौली के नीचे बाजार निवासी स्व. ओमप्रकाश साव के पुत्र उदय साव के साथ उसकी शादी हुई थी। अब 20 अप्रैल 2019 को शादी की पहली सालगिरह के दिन नीलम की अर्थी उठी। एक दिन पहले गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इस बाबत मृतका के भाई मुकेश कुमार ने रजौली थाने में सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें विवाहिता के पति उदय साव, उसका बड़ा भाई मंटू साव, छोटा भाई राहुल कुमार, सास मानती देवी, मंटू साव की पत्नी, ननद संजू देवी, नन्दोई भोला साव का नाम शामिल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी सास व गोतनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य लोग घर छोड़कर फरार हो गए।

दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि पिछले साल 20 अप्रैल को उसकी बहन की शादी उदय साव उर्फ कारु के साथ की हुई थी। शादी के कुछ ही दिन बाद से बहनोई व ससुराल वाले उनसे रुपयों की मांग करने लगे। रुपये नहीं देने पर वे लोग बहन को मायके ले जाने की दबाव बना रहे थे। 15 दिनों पूर्व बहनोई उदय ने फोन कर जानकारी दी कि उन्होंने पश्चिम बंगाल में व्यवसाय करने के लिए दुकान लिया है। इसके लिए पूंजी के रूप में उसे दो लाख रुपये की आवश्यकता है। लेकिन जब उन्हें रुपये नहीं दिये तो शनिवार को दहेज के लोभी ससुराल वालों ने उसकी बहन की रस्सी से गला घोटकर हत्या कर दी। विवाहिता के पति व परिवार वालों ने घटना को आत्महत्या का रंग देने की कोशिश की। लेकिन घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को विवाहिता द्वारा फांसी लगा लिए जाने से संबंधी कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। जिससे यह साफ प्रतीत होता है कि ससुराल वालों ने नीलम की हत्या कर दी। मृतका के भाई ने यह भी बताया कि पुलिस जिस समय घटनास्थल पर पहुंची, उस समय तक मृतका का शव भी अकड़ चुका था। लिहाजा आशंका है कि दिन में ही बहन की हत्या की गई है। पूरे मामले को लेकर थानाध्यक्ष सुजय विद्यार्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के बाद मायके वाले परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मृतका की सास व गोतनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जल्द ही अन्य पांचो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

chat bot
आपका साथी