घर लौटने के बदले ससुराल जाने पर पिता ने लगाई फटकार, गुस्से में आकार बेटे ने कर दी पिता की हत्या

घटना पश्चिम चंपारण के बथवरिया थाना के मलाही की है। घटना को अंजाम देने के बाद पुत्र फरार पुलिस कर रही तलाश। सौतेली मां ने बेटे समेत छह अन्य को किया नामजद।

By Murari KumarEdited By: Publish:Fri, 27 Mar 2020 03:12 PM (IST) Updated:Fri, 27 Mar 2020 03:12 PM (IST)
घर लौटने के बदले ससुराल जाने पर पिता ने लगाई फटकार, गुस्से में आकार बेटे ने कर दी पिता की हत्या
घर लौटने के बदले ससुराल जाने पर पिता ने लगाई फटकार, गुस्से में आकार बेटे ने कर दी पिता की हत्या

पश्चिम चंपारण, जेएनएन। मामूली विवाद में बेटे ने पिता को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। घटना के बाद से आरोपित पुत्र फरार है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर बेटे समेत छह लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है। बथवरिया थाना के मलाही निवासी 50 वर्षीय लालबाबू चौधरी शुक्रवार की सुबह सरेह में गेहूं की रखवाली कर रहे थे। तभी उनका बेटा भोला चौधरी सरेह में पहुंचा।

 ससुराल जाने की बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। भोला पंजाब में मजदूरी करता है। दो माह पहले वह घर न लौट कर ससुराल चला गया था। शुक्रवार को जब लौटा तो पिता ने इसके लिए फटकार लगाई। जिसके बाद दोनों में कहा सुनी हो गई। इस बीच भोला ने लाठी डंडे से पीटकर पिता को मौत के घाट उतार दिया। घटना को अंजाम देने के बाद वह फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। मृतक की पत्नी रुक्मिणी देवी के आवेदन पर भोला चौधरी, दरोगा चौधरी, जमादार यादव, रमेश चौधरी, बिंध्याचल चौधरी  आदि को नामजद अभियुक्त बनाया गया हैं।

पांच घंटे बाद पहुंची पुलिस, लोग आक्रोशित 

घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। लेकिन, सूचना के पांच घंटे के बाद पुलिस गांव में पहुंची। इसको लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी है। लोगों ने कहा कि यदि पुलिस समय से पहुंची होती तो आरोपित पुलिस की गिरफ्त में होते। 

मृतक लालबहादुर ने की थी दो शादी

मृतक लालबाबू चौधरी ने दो शादी की थी। उसकी दूसरी शादी नवलपुर थाना क्षेत्र के दूधिहवा में हुई। दूसरी शादी से लालबाबू चौधरी के छह लड़के और दो लड़कियां हैं। पहली शादी धनहा थाना क्षेत्र के मुसहरी गांव मे हुई थी। पहली पत्नी से भोला चौधरी और एक लड़की है। भोला ने ही पिता की हत्या कर दी। 

घटना के संबंध में बथवरिया के थानाध्यक्ष  धीरज कुमार सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया गया है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

chat bot
आपका साथी