गया में रफ्तार का कहर: डोभी में फिर तीन लोगों की गई जान, हर दिन हादसे में हो रही लोगों की मौत

गया में अलग-अलग सड़क हादसे में सोमवार को तीन की मौत हो गई। तेज रफ्तार की वजह से दोनों हादसे हुए। दिन में हाईवा से हुई टक्‍कर के दौरान बाइक उसमें फंस गई। इस कारण करीब आधा किलोमीटर तक घिसटती रही।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Tue, 09 Mar 2021 07:21 AM (IST) Updated:Tue, 09 Mar 2021 07:21 AM (IST)
गया में रफ्तार का कहर: डोभी में फिर तीन लोगों की गई जान, हर दिन हादसे में हो रही लोगों की मौत
हादसे के बाद लोगों ने किया सड़क जाम। जागरण

संवाद सूत्र, डोभी (गया)। गया का डोभी क्षेत्र सड़क हादसों का जोन बन गया है। प्राय: हर दिन यहां हादसे हो रहे हैं। अलग-अलग जगहों पर सोमवार को हुए हादसे ने तीन लोगों की जिंदगी छीन ली। पहली घटना डोभी-चतरा सड़क मार्ग में बहेरा मोड़ के पास दिन में हुई। इसमें एक की मौत हो गई। दूसरा घायल हो गया। शाम में गया-डोभी मार्ग पर गम्‍हरिया गांव के पास हादसे में साला-बहनोई की मौत हो गई। इसके बावजूद न तो वाहन चालक सतर्क हो रहे हैं और न ही प्रशासन।

घटनास्‍थल पर ही एक की मौत, दूसरे ने रास्‍ते में तोड़ा दम

गया-डोभी सड़क मार्ग में गम्हरिया गांव के पास ट्रक की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त डोभी थाना के गम्हरिया निवासी दीपक कुमार मांझी और गुरुआ थाना के बुधुआचक का अनुज कुमार के रूप में की गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गया-डोभी सड़क मार्ग को लगभग दो घंटे तक जाम रखा। घटनास्थल पर डोभी, शेरघाटी और मगध यूनिवर्सिटी थाना की पुलिस पहुंची। बीडीओ नीरज कुमार राय और प्रखंड प्रमुख के पति भगत यादव लोगों के समझाने में लगे रहे।

अवैध गिट्टी लदे ट्रक से हुआ हादसा

स्वजनों के बताया कि दीपक अपने ममेरे बहनोई के साथ शादी-विवाह संबंधित कार्य को लेकर बुधुआचक गया था। वहीं से देर शाम लौट रहा था। गम्हरिया गांव के पास सड़क पार करते समय पीछे से गिट्टी लदे ट्रक की चपेट में आ गया। दीपक का सिर ट्रक के चक्के के नीचे चला गया। घटनास्थल पर दीपक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अनुज को पीएचसी ले जाया गया। चिकित्सकों ने अनुज को भी मृत घोषित कर दिया। चालक ट्रक को छोड़कर भाग निकला।  ट्रक पर अवैध गिट्टी लदा है जो झारखंड से गया को जा रहा था। जाम के कारण सैकडों गाडिय़ां फंसी रही।

हाईवा में फंस कर काफी दूर तक घिसटती रही बाइक

उधर डोभी-चतरा मार्ग में बहेरा मोड़ के पास हाइवा से टक्‍कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल काे स्‍थानीय लोगों ने पीएचसी पहुंचाया। वहां से उसे मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घायल युवक गया रेलवे कॉलोनी का विवेक कुमार है। मृतक का पहचान नहीं हो सकी है। विवेक की शहर में ही इलेक्ट्रॉनिक्‍स की दुकान है। वह झारखंड से पैसे का तगादा कर लौट रहा था। घटना के संदर्भ में लोगो ने बताया कि बाइक सवार झारखंड की ओर से आ रहा था। जबकि हाइवा डोभी की ओर से जा रहा था। तभी घटना घटी। टक्कर के बाद बाइक हाइवा में फंस गई और लगभग पांच सौ मीटर तक घिसटती चली गई। इस कारण उसमें आग लग गयी। बाद में हाइवा के चालक ने बाइक को खींचकर निकाला और वाहन छोड़कर भाग गया।

chat bot
आपका साथी