भागलपुर में मारिया को मार डाला, पिता ने कहा- दहेज के लिए ससुरालवालों ने दिया अंजाम

भागलपुर में फिर एक विवाहिता को मार डाला। घटना तातारपुर थाना क्षेत्र के सराय स्थित कल्लू सरदार लेन की है।

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Fri, 19 Apr 2019 05:53 PM (IST) Updated:Sat, 20 Apr 2019 12:24 PM (IST)
भागलपुर में मारिया को मार डाला, पिता ने कहा- दहेज के लिए ससुरालवालों ने दिया अंजाम
भागलपुर में मारिया को मार डाला, पिता ने कहा- दहेज के लिए ससुरालवालों ने दिया अंजाम

भागलपुर [जेएनएन]। तातारपुर थाना क्षेत्र के सराय कल्लू सरदार लेन में दहेज के लिए ससुरालवालों ने मारिया परवीन (28 वर्ष) की गला दबाकर हत्या कर दी। मामले में मारिया के पिता मेहंदी हसन ने शुक्रवार को पति इरशाद उर्फ गुड्डू, ससुर मोईन उर्फ मोइनउद्दीन खान, सास, ननद, नंदोई और कल्लू नामक युवक के खिलाफ तातारपुर थाने में केस दर्ज कराया है। मेहंदी हसन झारखंड के रांची स्थित हिंदपीड़ी निजाम नगर नदी ग्राउंड के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि उसकी पुत्री मारिया की शादी छह साल पहले मु. मोईन (पेशे से दर्जी) के बेटे इरशाद से हुई थी। इरशाद गोलघर पटना में रहकर गाड़ी चलाता था। बैंक से लोन लेकर उसने गाड़ी खरीदी था।

लोन नहीं चुकाने पर बैंक ने गाड़ी जब्त कर ली। इसके बाद वह सराय कल्लू सरदार लेन में रहने लगा। यहां रहकर मॉल में काम करने लगा। एक तो बैंक का लोन चुकता नहीं कर पाया और उसपर कई लोगों से इरशाद ने कर्ज ले रखा था। इरशाद और उसके माता-पिता समेत परिवार के अन्य सदस्य बार-बार रुपये मांगते थे। 25, 15 और 50 हजार रुपये उन्होंने इरशाद को दिए भी थे। एक महीने पूर्व एक लाख रुपये की मांग की। रुपये नहीं देने पर बेटी को मार डालने की धमकी दी थी। ससुराल वाले मारिया के साथ मारपीट करते थे। 

मारिया पटना में एक मॉल में काम करती थी। पांच माह पूर्व पुत्री के जन्म होने पर मारिया ने काम छोड़ दिया था। उन्होंने बताया कि गुरुवार को पुत्री से दोपहर दो और तीन बजे के बीच मोबाइल पर बातचीत हुई थी। शाम साढ़े छह बजे सराय के किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि मारिया की तबीयत काफी खराब है। दो घंटे के बाद फिर फोन पर जानकारी दी गई कि उसकी पुत्री की मौत हो गई है।

गला दबाकर पुत्री की हत्या कर घर से सभी लोग भाग गए। आरोपित पांच माह की बच्ची भी साथ लेकर गए हैं। वहीं, शुक्रवार सुबह 11 बजे तातारपुर पुलिस को घटना की सूचना मिली। घर में स्थित चौकी पर मारिया का शव पड़ा था। उसके गले पर कसकर दबाने का निशान था। इरशाद और उसके माता-पिता घर में नहीं थे। पुलिस शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम करा शव परिजन को सौंप दिया।

तातारपुर इंस्पेक्टर सत्येंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि गुरुवार शाम साढ़े पांच बजे हत्या की गई थी। जिस दुपट्टे से गला दबाया गया था उसे जब्त कर लिया गया है। केस दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

chat bot
आपका साथी