दो घंटे तक मिट्टी के नीचे बोरवेल में फंसा रहा गुलाब

बेगूसराय। गुरुवार को रतनपुर स्थित बाल सुधार गृह में एक चापाकल का मोटर निकालने गड्ढ़े में उतरा मिस्त्री बोरवेल में फंस गया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jan 2019 05:14 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jan 2019 05:14 PM (IST)
दो घंटे तक मिट्टी के नीचे बोरवेल में फंसा रहा गुलाब
दो घंटे तक मिट्टी के नीचे बोरवेल में फंसा रहा गुलाब

बेगूसराय। गुरुवार को रतनपुर स्थित बाल सुधार गृह में एक चापाकल का मोटर निकालने गड्ढ़े में उतरा मिस्त्री बोरवेल में फंस गया। उसकी जान जिला प्रशासन के अधिकारियों की तत्परता से बची। फिलहाल घायल मिस्त्री सदर अस्पताल में भर्ती है जहां चिकित्सकों की टीम उसका इलाज कर रही है। घायल मिस्त्री की पहचान सदर प्रखंड के महारथपुर निवासी गोरेलाल के पुत्र गुलाब के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार अन्य के साथ गुलाब भी रतनपुर स्थित बालगृह के चापाकल को ठीक करने गया था। यहां करीब 15 फीट गड्ढा कर चापाकल के मोटर व पाइप को निकालने का कार्य किया जा रहा था। गड्ढे से मोटर व पाइप निकालने के लिए गुलाब जैसे ही गड्ढे में उतरा की ऊपर की मिट्टी धंस कर बोरवेल पर गिर गई और गड्ढे में उतरा गुलाब उसमें दब गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत एसडीओ संजीव कुमार चौधरी को दी। सूचना मिलते ही एसडीओ ने खगड़िया जिला प्रशासन से तत्काल एसडीआरएफ की टीम भेजने की मांग की। इसके बाद सदर एसडीओ संजीव के नेतृत्व में एक टीम घटनास्थल पर पहुंची। सूचना मिलते ही नगर थाना अध्यक्ष एवं रतनपुर ओपी प्रभारी भी दल-बल के साथ पहुंच गए तथा खगड़िया से एसडीआरएफ की टीम के आने का इंतजार किए बिना बोरवेल में फंसे मजदूर को निकालने की कार्रवाई शुरु कर दी। घटनास्थल पर पहुंची टीम ने रस्सी व बांस के सहारे बोरवेल में फंसे गुलाब को सफलता पूर्वक बाहर निकाल लिया। बताया गया कि गुलाब करीब दो घंटे तक उस बोरवेल में मिट्टी के नीचे दबा रहा जिस कारण वह बेहोश हो गया था। बोरवेल से निकालने के बाद उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समाचार प्रेषण तक भी वह बेहोश पड़ा था।

chat bot
आपका साथी