विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फ्लाइट में फोन बंद करने की सलाह क्यों दी जाती है? समझिए पायलट को किस बात का रहता है डर

Published: Mon, 16 Nov 2026 07:00 AM (IST)

हवाई यात्रा के दौरान फोन को फ्लाइट मोड में रखने की सलाह दी जाती है, मगर क्या आपको इसके पीछे ...और पढ़ें

हवाई सफर के दौरान फोन को 'फ्लाइट मोड' में रखना क्यों जरूरी है? (Image Source: AI-Generated)

हवाई सफर के दौरान फोन को 'फ्लाइट मोड' में रखना क्यों जरूरी है? (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जब भी हम हवाई सफर पर निकलते हैं, तो सीट बेल्ट बांधते ही स्पीकर पर एक जानी-पहचानी आवाज गूंजती है- "कृपया अपने फोन को फ्लाइट मोड में कर लें।" बहुत से लोग बिना सोचे इस नियम को मान लेते हैं, लेकिन कइयों के मन में यह सवाल उठता है कि आज के 5G और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस वाले दौर में भी फोन बंद कराने की क्या जरूरत है?

जी हां, बचपन में तो हमने यहां तक सुना था कि फोन चालू रखने से विमान के सामने चिड़िया आ जाती है। आइए, इस आर्टिकल में ऐसा करने के पीछे की असल कहानी समझते हैं।

why airplane mode is required on flights

(Image Source: AI-Generated)

फोन में 'एयरप्लेन मोड' का काम क्या है?

इसे चालू करते ही आपके स्मार्टफोन का सेलुलर नेटवर्क पूरी तरह से कट जाता है। आसान भाषा में कहें तो आपका फोन नीचे जमीन पर लगे टावरों को खोजना बंद कर देता है। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे ऑन करने के बाद भी आप वाई-फाई और ब्लूटूथ चालू कर सकते हैं। यही वजह है कि आज कई विमानों में सफर के बीच भी वाई-फाई का यूज किया जा सकता है।

क्या फोन ऑन रहने से प्लेन क्रैश हो जाएगा?

अगर सीधे शब्दों में कहें, तो बिल्कुल नहीं। अगर आप या कोई और यात्री गलती से फोन चालू छोड़ भी दे, तो विमान आसमान से नीचे नहीं गिरेगा। FAA और EASA जैसी दुनिया की सबसे बड़ी विमानन संस्थाओं ने भी माना है कि आज के आधुनिक हवाई जहाजों में इतनी तगड़ी शील्डिंग' होती है कि वे मोबाइल फोन के सिग्नल को आसानी से बर्दाश्त कर सकते हैं। फिर भी, हवाई सफर में हमेशा "बेटर सेफ दैन सॉरी" यानी सुरक्षा में कोई कोताही नहीं, वाला नियम चलता है, ताकि किसी भी खतरे की गुंजाइश को शून्य किया जा सके।

वो 'टिट-टिट' वाली आवाज और पायलट की परेशानी

याद कीजिए, जब किसी पुराने रेडियो या स्पीकर के पास मोबाइल रखा होता था, तो उसमें से 'टिट-टिट-टिट' की अजीब सी आवाज आने लगती थी। फ्लाइट में भी ठीक ऐसा ही होता है।

जब विमान टेकऑफ करता है या लैंडिंग के लिए नीचे आता है, तो आपका फोन नेटवर्क से जुड़ने के लिए पूरी ताकत लगा देता है। अगर सैकड़ों यात्रियों के मोबाइल एक साथ टावर खोजने लगेंगे, तो इससे पैदा होने वाले रेडियो सिग्नल पायलट के हेडफोन में वही 'बज' या शोर पैदा कर सकते हैं। इस दौरान पायलट को एयर ट्रैफिक कंट्रोल से मौसम, हवा की रफ्तार और रनवे के बारे में बेहद अहम जानकारी लेनी होती है। जरा सोचिए, उस शोर के कारण अगर पायलट कोई जरूरी निर्देश सुनने से चूक गया, तो कितनी बड़ी गलतफहमी या हादसा हो सकता है।

जमीन के नेटवर्क और 5G का चक्कर

हवाई जहाज सैकड़ों किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ता है। इतनी ऊंचाई और स्पीड पर अगर कोई फोन चालू रहे, तो वह हर सेकंड अलग-अलग मोबाइल टावर से जुड़ने की कोशिश करेगा। नीचे जमीन पर लगे टावर इस तरह से काम करने के लिए नहीं बनाए गए हैं। इससे जमीन के मोबाइल नेटवर्क में भी रुकावट आ सकती है।

इसके अलावा, कुछ समय पहले अमेरिका में 5G नेटवर्क को लेकर भी काफी बवाल हुआ था। वहां की एजेंसी ने चेतावनी दी थी कि 5G के कुछ सिग्नल पुराने हवाई जहाजों के रेडियो अल्टीमीटर को भटका सकते हैं। यह वही जरूरी मशीन है, जो खराब मौसम और धुंध में लैंडिंग के समय पायलट को यह बताती है कि जमीन कितनी दूर है।

टेकऑफ और लैंडिंग के वक्त जरूरी है सावधानी

टेकऑफ और लैंडिंग उड़ान के सबसे नाजुक और अहम हिस्से होते हैं। एयरलाइंस यह भी चाहती हैं कि अगर इस समय कोई आपातकालीन स्थिति आ जाए, तो यात्रियों की नजरें फोन की स्क्रीन पर न गड़ी हों। उनका पूरा ध्यान केबिन क्रू की बातों और सुरक्षा निर्देशों पर होना चाहिए।

यूरोप में अब कुछ ऐसी तकनीकें आ गई हैं जहां विमान के अंदर सुरक्षित तरीके से मोबाइल नेटवर्क दिया जा रहा है, लेकिन जब तक यह तकनीक पूरी दुनिया में आम नहीं हो जाती, तब तक सफर में अपने मोबाइल को फ्लाइट मोड में रखना ही आपकी सुरक्षा के लिए सबसे समझदारी भरा कदम है।

यह भी पढ़ें- फ्लाइट कैंसिल होने पर एयरलाइन नहीं कर सकती मनमानी, यात्रियों के लिए DGCA ने बनाए हैं ये खास नियम

यह भी पढ़ें- दो अलग-अलग एयरलाइन की फ्लाइट बुक की है तो संभलकर! जानिए कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने पर रिफंड मिलेगा या नहीं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।