विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शहर बदला, दौर बदला, मगर कोलकाता की पहचान नहीं; पुरानी इमारतों में आज भी धड़कती है इसकी विरासत

Published: Sun, 22 Nov 2026 11:33 AM (IST)

कोलकाता की समृद्ध स्थापत्य विरासत और सांस्कृतिक पहचान शहर के अतीत को वर्तमान से जोड़ती है। 

कोलकाता शहर : एक जीवंत विरासत (Image Source: AI Generated)

कोलकाता शहर : एक जीवंत विरासत (Image Source: AI Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संदीप भूतोड़िया , मुंबई। पुरानो शेई दिनेर कोथा भुलबी कि रे हाय, ओ शेई चोखेर देखा, प्रानेर कोथा, शे कि भोला जाय। (क्या तुम उन पुराने दिनों की बातों को भूल जाओगे? जो हमने अपनी आंखों से देखा और दिल से कहा, क्या उसे कभी भुलाया जा सकता है?) -रवींद्रनाथ टैगोर

टैगोर ने यह पंक्तियां दोस्ती, साझा यादों और समय के साथ पीछे छूट गई किसी अनमोल चीज़ को फिर से पाने की मानवीय तड़प पर लिखी थीं। लेकिन मुझे अक्सर लगता है कि उनके ये शब्द मेरे प्रिय शहर कोलकाता से हमारे रिश्ते को भी उतनी ही खूबसूरती से बयां करते हैं। यहां अतीत कोई ऐसी चीज़ नहीं जिसे संग्रहालयों या इतिहास की किताबों में खोजना पड़े, बल्कि यह रोज़मर्रा की ज़िंदगी में रचा-बसा है। यह लोहे की नाजुक जालीदार बालकनियों से नीचे झांकता है, पुरानी हवेलियों की झिलमिलाती खिड़कियों से देखता है, हुगली के ऊपर मंदिरों के शिखरों में उभरता है और उन इमारतों के विशाल स्तंभों में नज़र आता है, जिन्होंने बड़े साम्राज्यों का उत्थान और पतन देखा है।

अद्भुत वास्तुकला की अनोखी पहचान

भारत के बहुत कम शहरों के पास वास्तुकला की ऐसी शानदार विविधता मौजूद है। कोलकाता में एक ही इलाके में यूरोपीय शैली की भव्य इमारत के ठीक बगल में पारंपरिक बंगाली आंगन वाला घर खड़ा मिल सकता है। यहां एक गॉथिक चर्च और एक जैन मंदिर एक ही मोहल्ले में साथ-साथ दिखाई देते हैं। 

यूरोपीय महलों की तर्ज पर बनी किसी हवेली के भीतर झांकने पर एक पारंपरिक 'ठाकुर दलान' मिल जाएगा, जहां पीढ़ियों से लोग दुर्गा पूजा के लिए जुटते रहे हैं। ये इमारतें महज बीते कल के अवशेष नहीं हैं। ये बताती हैं कि हम कौन थे, कैसे रहते थे और हमने दुनिया को किस नज़र से देखा। ये कोलकाता की सबसे बड़ी खूबी भी उजागर करती हैं-अपनी पहचान खोए बिना हर बाहरी प्रभाव को आत्मसात करने की इसकी अद्भुत कला।

महानगर को गढ़ने वाले स्मारक

कोलकाता के विक्टोरिया मेमोरियल हॉल और इंडियन म्यूजियम से जुड़ाव ने मेरे इस विश्वास को और पक्का किया है कि हमारे बड़े सांस्कृतिक संस्थान सिर्फ पुरानी वस्तुओं के भंडार नहीं हैं, बल्कि ये वे स्थान हैं जहां समाज अपनी कहानी से रूबरू होता है। 1921 में आम लोगों के लिए खोला गया विक्टोरिया मेमोरियल निस्संदेह कोलकाता की सबसे खास पहचान है। 

इसकी संगमरमर की चमक, शानदार गुंबद और विशाल बगीचे महारानी विक्टोरिया और ब्रिटिश हुकूमत की याद में बने थे, लेकिन आज इस इमारत के मायने इसे बनवाने वालों की सोच से कहीं आगे निकल चुके हैं। यह कोलकाता, बंगाल और भारत की साझा सांस्कृतिक धरोहर है। 2025 में इसके न्यासी बोर्ड में नामित होने पर मैंने इसे बंगाल की आत्मा में रचा-बसा बताया था। इसकी सबसे बड़ी ताकत पीढ़ियों को आपस में जोड़ने की क्षमता है।

बौद्धिक जिज्ञासा का जीवंत केंद्र

इंडियन म्यूजियम (भारतीय संग्रहालय) इतिहास का एक और अनूठा पहलू दिखाता है। 1814 में बना यह संग्रहालय भारतीय उपमहाद्वीप का सबसे पुराना और बड़ा बहुउद्देशीय संग्रहालय है। चौरंगी स्थित इसकी मौजूदा इमारत 1878 में जनता के लिए खुली थी, जहां पुरातत्व, कला, मानव विज्ञान और प्राकृतिक इतिहास से जुड़ी बेशकीमती चीज़ें मौजूद हैं। 

इसकी दीर्घाओं में घूमना उस बौद्धिक जिज्ञासा से साक्षात्कार जैसा है जिसने आधुनिक भारत की नींव रखी। दोनों संस्थानों के साथ काम करते हुए मैंने यही सीखा है कि कोई भी संग्रहालय सिर्फ अपने संग्रह के दम पर ज़िंदा नहीं रह सकता। उसे आज के समाज के लिए प्रासंगिक बने रहना होगा। हमारे बच्चों को यहां सिर्फ स्कूल की मजबूरी में नहीं, बल्कि जिज्ञासा और रुचि के साथ आना चाहिए।

उत्तरी कोलकाता की आत्मीय विरासत

यदि मध्य कोलकाता शाही महत्वाकांक्षा की भव्यता दिखाता है, तो उत्तरी कोलकाता एक कहीं ज़्यादा आत्मीय कहानी सुनाता है। यहां की इमारतों को उन धनी बंगाली परिवारों, व्यापारियों, समाज सुधारकों, कलाकारों और बुद्धिजीवियों ने आकार दिया, जो 18वीं और 19वीं सदी के सांस्कृतिक पुनर्जागरण का हिस्सा थे। राजा नबकृष्ण देब से जुड़ी शोभाबाजार राजबाड़ी आज भी कोलकाता की कुलीन विरासत की मिसाल है। 

इसके आंगन उस दौर की याद दिलाते हैं जब दुर्गा पूजा बड़े सामाजिक और सांस्कृतिक मेलजोल का जरिया थी। पाथुरियाघाटा की हवेलियां, मार्बल पैलेस और जोड़ासांको का टैगोर भवन यूरोपीय कला और बंगाली परंपराओं के अनोखे मिलन को दर्शाते हैं। साथ ही, यहां के अर्मेनियाई चर्च, चीनी मंदिर, यहूदी प्रार्थना स्थल, मस्जिदें और जैन मंदिर उन तमाम समुदायों की गवाही देते हैं जिन्होंने इस शहर को अपना घर बनाया। यही विविधता कोलकाता की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

हुगली किनारे बसा जीवंत इतिहास

हुगली नदी के बिना कोलकाता की स्थापत्य विरासत का विवरण अधूरा है। यह नदी शहर के व्यापार, संवाद और आध्यात्मिक जीवन की मुख्य जीवनरेखा रही है। इसके किनारों पर बस्तियां, मंदिर और घाट विकसित हुए, जो आज भी शहर की पहचान हैं। 1855 में रानी रासमणि द्वारा बनवाया गया दक्षिणेश्वर काली मंदिर बंगाल की नवरत्न स्थापत्य शैली का बेजोड़ नमूना है, जिसके नौ शिखर 12 शिव मंदिरों वाले परिसर के ऊपर उठते हैं। 

नदी के उस पार बेलूर मठ की वास्तुकला-विभिन्न धार्मिक परंपराओं के संगम से-स्वामी विवेकानंद की सार्वभौमिक दृष्टि को साकार करती है। वहीं, पल्लाडियन शैली में बना प्रिंसेप घाट कोलकाता के सबसे चर्चित स्थलों में से एक है, जबकि नदी किनारे के अन्य कम प्रसिद्ध घाट भी अनगिनत बंगालियों के व्यापार, पूजा और उत्सव के साक्षी रहे हैं।

विरासत बचाने की बड़ी चुनौती

आज कोलकाता की यह विरासत उन चुनौतियों से जूझ रही है जो हर ऐतिहासिक शहर के सामने हैंः शहरी विकास का दबाव, रखरखाव का बढ़ता खर्च, बंटवारे के विवाद, प्रदूषण और कई बार लोगों की उदासीनता। कलकत्ता विश्वविद्यालय के पुराने सीनेट हॉल जैसी इमारतों का खोना याद दिलाता है कि वास्तुकला का विनाश अपरिवर्तनीय है। 

एक बार कोई धरोहर मिट जाए, तो तस्वीरें और दस्तावेज उसकी याद तो संजो सकते हैं, पर शहर में उसकी जीवंत उपस्थिति वापस नहीं ला सकते। हालांकि, कुछ उत्साहजनक पहल भी हुई हैं। पुरानी करेंसी बिल्डिंग और मेटकाफ हॉल का जीर्णोद्धार कर उन्हें सांस्कृतिक केंद्रों में बदलना दिखाता है कि ऐतिहासिक इमारतें अपनी मूल पहचान खोए बिना भी समकालीन बन सकती हैं।

भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी 

हमें ऐसी और पहलों की ज़रूरत है। संरक्षण को सरकार, संस्थानों, व्यापारियों, संपत्ति मालिकों और नागरिकों की साझा साझेदारी बनाना होगा। इसमें कॉर्पोरेट जगत, वास्तुकारों, इतिहासकारों और सांस्कृतिक संस्थाओं की अहम भूमिका है। हेरिटेज वॉक, शैक्षणिक कार्यक्रम और प्रदर्शनियां लोगों को उन इमारतों से फिर जोड़ सकती हैं, जिनके पास से वे बरसों से अनजान गुज़रते रहे हैं। 

पूरब और पश्चिम, परंपरा और आधुनिकता, आस्था और तर्क के बीच कोलकाता हमेशा से संवाद का शहर रहा है। इसकी इमारतें उन्हीं संवादों का सबसे स्थायी दस्तावेज हैं। हम इस विरासत के मालिक नहीं, बल्कि अस्थायी संरक्षक मात्र हैं। पुराने दिनों को याद करने का टैगोर का सवाल हमारे सामूहिक विवेक को एक चुनौती है। जो शहर अपनी इमारतों को भूल जाता है, वह उन विचारों और लोगों को भी भूल जाता है जिन्होंने उसे गढ़ा है। कोलकाता का भविष्य उसके अतीत की कीमत पर नहीं, बल्कि अतीत की गहरी समझ के साथ संवारा जाना चाहिए।

( लेखक संस्कृतिकर्मी हैं)

यह भी पढ़ें- कनपुरिया हलवाई ने खुद को ठग बताकर मिठाई का नाम रख दिया था ‘ठग्गू’, गांधी जी की बात से जुड़ा है मजेदार किस्सा

यह भी पढ़ें- पूरी दुनिया में बजा भारत का डंका! ट्रैवल मैगजीन ने चुना डेस्टिनेशन ऑफ द ईयर 2027, घूमने के लिए सुझाईं 10 जगहें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।