कनपुरिया हलवाई ने खुद को ठग बताकर मिठाई का नाम रख दिया था ‘ठग्गू’, गांधी जी की बात से जुड़ा है मजेदार किस्सा
कानपुर के मशहूर 'ठग्गू के लड्डू' की कहानी बेहद दिलचस्प है, जिसका नाम महात्मा गांधी के भाषण से प्रेरित है।

कानपुर के मशहूर ‘ठग्गू के लड्डू’ की कहानी (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आप डॉक्टर को यह कहते हमेशा पाएंगे कि चीनी सेहत के लिए हानिकारक है, इसका सेवन कम से काम कीजिए। पर क्या कभी सुना है कि कोई हलवाई ही अपनी मिठाई की बुराई करते हुए यह कहे और इसके बावजूद वो देश-दुनिया में मशहूर हो जाए?
यह बात सुनने में अटपटी लग सकती है लेकिन कानपुर के एक हलवाई की कहानी कुछ ऐसी है, जो जीवन का सबक देने के साथ अपनी दुकान भी शान से चला रहे हैं। आइए आज कानपुर की मिठाई की बात करें।
कानपुर के मशहूर ‘ठग्गू के लड्डू’
‘अरे लट्टू घुमाई के, चक्कर चलाई के, लूट ले हो दुनिया को ठेंगा दिखाई के, हो ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको ठगा नहीं’ आपने बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म बंटी और बबली का ये टाइटल ट्रैक जरूर सुना होगा, पर यह सिर्फ फिल्म का नहीं हलवाई की दुकान का भी टाइटल है। जी हां, हम कानपुर की मशहूर दुकान ‘ठग्गू के लड्डू’ बात कर रहे हैं। यह दुकान आज से 60 साल पहले राम अवतार पांडे नामक शख्स से शुरू की थी।
क्यों रखा दुकान का नाम ठग्गू?
इसकी कहानी कुछ ऐसी है कि राम अवतार पांडे उत्तर प्रदेश के परौली गांव के रहने वाले थे, वो कानपुर अपनी पत्नी के बनाए लड्डू बेचने आए थे। उन्हें नहीं पता था कि उनका ये छोटा सा काम दुनियाभर में अपनी पहचान बना लेगा। दरअसल, पांडे महात्मा गांधी के बहुत बड़े अनुयायी थे और उन्हें ही अपना आदर्श मानते थे। कहा जाता है एक बार जब गांधी जी दिल्ली में अपना भाषण दे रहे थे तो पांडे भी वहीं पर मौजूद थे।
उस समय गांधी जी ने चीनी को सफेद जहर बताकर उसे हानिकारक बताया। अब ये बात सुनकर पांडे इस दुविधा में पड़ गए कि चीनी सफेद जहर है पर इसके बिना तो लड्डू बन ही नहीं सकते। ऐसे में उन्होंने सत्य का मार्ग अपनाया और चीनी के बुरे प्रभावों के बारे में ग्राहकों को जागरूक करने के उद्देश्य से लड्डुओं का नाम ही ठग्गू रख दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने इस लड्डू के ब्रांड की टैगलाइन भी रखी - ‘ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको हमने ठगा नहीं।’
पीएम मोदी भी कर चुके खूब तारीफ
साल 2021 में एक रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने भी ‘ठग्गू के लड्डू’ की टैगलाइन का जिक्र कर कहा था कि कानपुर के लोगों के मिजाज, बेबाकी और हाजिर जवाबी की तुलना किसी से नहीं की जा सकती।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।