विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली से फ्लाइट लेकर करें महाकाल के दर्शन, ओंकारेश्वर मंदिर में भी लगाएं हाजिरी; IRCTC ने निकाला 4 दिन का टूर

Published: Sun, 29 Nov 2026 06:00 PM (IST)

IRCTC 4 दिन का एक खास हवाई टूर लेकर आया है। इस कंफर्ट क्लास ट्रिप में आपको उज्जैन, ओंकारेश्वर और इंदौर घूमने का मौका मिलेगा।

महाकाल दर्शन, ओंकारेश्वर घाट और हवाई सफर की झलक। (AI जनरेटेड तस्वीर)

महाकाल दर्शन, ओंकारेश्वर घाट और हवाई सफर की झलक। (AI जनरेटेड तस्वीर)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आपका मन भी दिसंबर में एक छोटी-सी ट्रिप पर निकलने का है, जहां मंदिरों की शांति भी मिले और मॉडर्न शहर की वाइब भी, तो देश के ठीक बीचों-बीच बसा मध्य प्रदेश एक बेस्ट ऑप्शन है।

जी हां, इसी एक्सपीरिएंस को मजेदार बनाने के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IRCTC) ने 4 दिन का खास 'इंदौर उज्जैन' हवाई टूर पेश किया है। 19 दिसंबर 2026 को दिल्ली एयरपोर्ट से रवाना होने वाले इस कंफर्ट क्लास पैकेज में 30 यात्रियों का एक ग्रुप साथ जाएगा। इस दौरान आपको उज्जैन, ओंकारेश्वर और इंदौर घूमने का पूरा मौका मिलेगा।

दिल्ली से इंदौर का सफर

इस पैकेज में आने-जाने के लिए इंडिगो एयरलाइन की उड़ान तय की गई है, जिससे सफर में समय की अच्छी खासी बचत होगी। नीचे दिया गया फ्लाइट शेड्यूल अभी संभावित है और एयरलाइन अपनी संचालन सुविधा के अनुसार इसमें बदलाव कर सकती है:

यात्रा फ्लाइट नंबर रूट प्रस्थान समय आगमन समय
जाने की उड़ान 6E 6488 दिल्ली से इंदौर (DEL-IDR) दोपहर 12:05 बजे दोपहर 01:35 बजे
वापसी की उड़ान 6E 5301 इंदौर से दिल्ली (IDR-DEL) शाम 06:45 बजे रात 08:15 बजे

4 दिन का पूरा प्लान

इस टूर का शेड्यूल कुछ ऐसे तैयार किया गया है कि आप प्रमुख मंदिरों के दर्शन के साथ-साथ स्थानीय बाजारों और ऐतिहासिक जगहों को भी आराम से एक्सप्लोर कर सकें।

  • पहला दिन (दिल्ली से इंदौर और उज्जैन): दोपहर 12:05 बजे दिल्ली से उड़ान भरकर 01:35 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से उज्जैन के लिए निकलना होगा। होटल में चेक-इन करने के बाद महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन होंगे। रात का खाना और आराम उज्जैन के होटल में ही होगा।
  • दूसरा दिन (उज्जैन से ओंकारेश्वर): सुबह जल्दी उठकर आप महाकालेश्वर मंदिर में होने वाली भस्म आरती का ऑप्शनल दर्शन कर सकते हैं। इसके बाद होटल लौटकर ब्रेकफास्ट करें और फिर काल भैरव, राम घाट जैसी आसपास की जगहों को घूमने का वक्त मिलेगा। दोपहर के खाने के बाद ओंकारेश्वर के लिए प्रस्थान होगा, जहां होटल चेक-इन, डिनर और नाइट स्टे रहेगा।
  • तीसरा दिन (ओंकारेश्वर, महेश्वर और इंदौर): सुबह सबसे पहले ओंकारेश्वर मंदिर के दर्शन होंगे और नाश्ते के बाद होटल से चेक-आउट करना होगा। इसके बाद का पड़ाव होगा महेश्वर, जहां नदी के किनारे बने खूबसूरत मंदिर देखने को मिलेंगे। अगर वक्त बचा, तो रेहवा सोसाइटी जाकर माहेश्वरी साड़ियों की बुनाई की प्रक्रिया भी देख सकते हैं। रास्ते में वैकल्पिक तौर पर राजवाड़ा पैलेस और सराफा बाजार घूमने का मौका मिलेगा। डिनर और रात का ठहराव इंदौर में तय है।
  • चौथा दिन (इंदौर से दिल्ली वापसी): ब्रेकफास्ट के बाद होटल से चेक-आउट करेंगे। इसके बाद आप अपने स्तर पर लोकल मार्केट और खजराना मंदिर, बड़ा गणपति व 56 स्ट्रीट जैसी जगहें घूमने के लिए फ्री रहेंगे। शाम को एयरपोर्ट के लिए निकलेंगे और 06:45 बजे की फ्लाइट से दिल्ली लौट आएंगे।

शेयरिंग में होगी अच्छी बचत

अगर आप दोस्तों या परिवार के साथ ग्रुप में जा रहे हैं, तो ट्रिपल शेयरिंग चुनकर अपना खर्च काफी कम कर सकते हैं। इस कंफर्ट क्लास पैकेज के लिए प्रति व्यक्ति किराया इस प्रकार रखा गया है:

कैटेगरी प्रति व्यक्ति शुल्क
अकेले रुकने पर (सिंगल ऑक्यूपेंसी) ₹45,200
दो लोगों के साथ (डबल ऑक्यूपेंसी) ₹37,500
तीन लोगों के साथ (ट्रिपल ऑक्यूपेंसी) ₹30,000
बच्चा (5 से 11 साल, बेड के साथ) ₹28,100
बच्चा (5 साल से कम, बिना बेड के) ₹28,100
बच्चा (2 से 5 साल) ₹21,500

अगर बच्चे की उम्र 11 साल से ज्यादा है, तो उसे वयस्क का किराया देना होगा। वहीं 2 साल से कम उम्र के शिशुओं के लिए इन्फेंट टिकट लेना जरूरी है, हालांकि उन्हें फ्लाइट में अलग सीट नहीं मिलती। ध्यान रखें कि ये दरें सबसे कम श्रेणी के हवाई किराए पर आधारित हैं, अगर एयरफेयर, एयरपोर्ट टैक्स या पीक सीजन व किसी बड़े आयोजन के कारण होटल के रेट बढ़ते हैं, तो बढ़ा हुआ खर्च यात्री को ही उठाना होगा।

पैकेज में आपको क्या-क्या मिलेगा?

  • दिल्ली से इंदौर आने-जाने का इंडिगो एयरलाइन का टिकट
  • महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर मंदिर में शीघ्र दर्शन की सुविधा
  • तीनों शहरों में होटल स्टे और एमएपी प्लान के तहत रोजाना ब्रेकफास्ट व डिनर
  • हर यात्री को रोज 1 बोतल पानी, ट्रैवल इंश्योरेंस और जीएसटी

तय आइटिनरी के मुताबिक शेयरिंग वाहन से घूमना

बता दें, पैकेज इन्क्लूजन में शेयरिंग एसी वाहन लिखा है, जबकि सामान्य नोट्स में सीट-इन-कोच नॉन-एसी वाहन का जिक्र है, इसलिए बुकिंग से पहले IRCTC से इसकी पुष्टि जरूर कर लें।

खुद उठाना होगा इन चीजों का खर्च

  • दिल्ली एयरपोर्ट आने-जाने की व्यवस्था यात्रियों को खुद करनी होगी
  • दोपहर का खाना, सुबह-शाम की चाय, फ्लाइट के अंदर का भोजन और रास्ते की एक्स्ट्रा मील्स
  • किसी भी स्मारक की एंट्री फीस, स्टिल या वीडियो कैमरा चार्ज और आइटिनरी में सुझाई गई ऑप्शनल एक्टिविटीज
  • तय शेड्यूल से बाहर किसी भी दर्शन या साइटसीइंग के लिए लोकल ट्रांसपोर्ट
  • होटल में सामान उठाने का चार्ज, टिप्स, लॉन्ड्री, फोन बिल और बाकी निजी खर्च

टिकट बुक करने से पहले जान लें ये जरूरी बातें

बुकिंग के समय पूरा 100 प्रतिशत पेमेंट एक साथ करना होगा और बैंक चार्ज भी ग्राहक को देना होगा, जिसके बाद कन्फर्मेशन टूर वाउचर जारी कर दिया जाएगा। एक बार टिकट कन्फर्म होने के बाद उसे किसी और के नाम ट्रांसफर नहीं किया जा सकता- नाम बदलवाने की रिक्वेस्ट को नई बुकिंग माना जाएगा और कैंसिलेशन चार्ज लागू होगा।

अगर प्लान कैंसिल करना पड़ जाए, तो यह प्रक्रिया सिर्फ irctctourism.com वेबसाइट पर लॉग-इन करके बुक्ड हिस्ट्री के जरिए ही पूरी होगी, रेलवे के पीआरएस काउंटर पर नहीं। कैंसिलेशन पर कटने वाली राशि कुछ इस तरह है:

  • 21 दिन पहले: पैकेज लागत का 30 प्रतिशत
  • 21 से 15 दिन पहले: 55 प्रतिशत
  • 14 से 08 दिन पहले: 80 प्रतिशत
  • 7 से 0 दिन पहले या न पहुंचने पर: 100 प्रतिशत

किसी भी कन्फ्यूजन से बचने के लिए IRCTC से टूर की पूरी ब्रीफिंग जरूर ले लें।

यह भी पढ़ें- कब तक सिर्फ रील्स में देखेंगे उदयपुर की शाम? इस दिसंबर IRCTC के एक ही टूर में घूमें राजस्थान के कई शहर

यह भी पढ़ें- कश्मीर की वादियों से करें नए साल की शुरुआत, IRCTC लाया 6 दिनों का Winter Tour; जानिए पूरा शेड्यूल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।