कब तक सिर्फ रील्स में देखेंगे उदयपुर की शाम? इस दिसंबर IRCTC के एक ही टूर में घूमें राजस्थान के कई शहर
अगर आप बिना होटल, कैब या फ्लाइट की टेंशन लिए राजाओं की धरती घूमना चाहते हैं, तो IRCTC का 'हेरिटेज टूर ऑफ राजस्थान' पैकेज आपके लिए बढ़िया ऑप्शन है।

दिसंबर में राजस्थान घूमने का प्लान है? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। राजस्थान घूमने का प्लान तो हर बार बनता है, लेकिन फ्लाइट, होटल और रूट सेट करने के झंझट में बात वहीं अटक जाती है। आपके साथ भी ऐसा ही होता है ना? अब सोचिए, अगर आपको बस अपना बैग पैक करना हो और बाकी पूरी ट्रिप कोई और प्लान कर दे, तो कितना मजा आए।
अगर आप दिसंबर की छुट्टियों में ऐसी जगह जाना चाहते हैं जहां नजारे कमाल के हों और माहौल एकदम सुकून भरा, तो भारत के पश्चिम में बसा राजस्थान इसके लिए परफेक्ट है। पिंक सिटी जयपुर के आलीशान महल हों, जोधपुर के शानदार किले, सजी-धजी हवेलियां, नक्काशीदार मंदिर या जैसलमेर के रेगिस्तान में डीलक्स कैंप, राजाओं की इस धरती की रंगीन कला किसी का भी दिल जीत लेने के लिए काफी है।
अगर आप भुवनेश्वर के आसपास रहते हैं और बिना किसी टेंशन के राजस्थान एक्सप्लोर करना चाहते हैं, तो IRCTC का 'हेरिटेज टूर ऑफ राजस्थान' पैकेज आपके लिए बढ़िया मौका है। बता दें, 10 दिनों का यह कम्फर्ट क्लास फ्लाइट टूर 5 दिसंबर 2026 से शुरू होने जा रहा है।
एक ही ट्रिप में घूमेंगे पूरा राजस्थान
इस पैकेज की सबसे बड़ी खासियत यह है कि 10 दिनों में राजस्थान के लगभग सभी मशहूर जगहें कवर हो जाएंगी।
सफर की शुरुआत पिंक सिटी जयपुर से होगी। यहां हवा महल, जंतर मंतर, सिटी पैलेस और आमेर किला घूमने के साथ-साथ चौकी धानी में राजस्थानी डिनर का मजा भी मिलेगा। जयपुर के बाद बारी आएगी पुष्कर की, जहां ब्रह्मा मंदिर और पुष्कर झील के सुकून के बीच शाम को शॉपिंग या अपने हिसाब से अजमेर दरगाह जाने का मौका रहेगा।
इसके बाद काफिला चित्तौड़गढ़ किला और विजय स्तंभ देखते हुए उदयपुर पहुंचेगा। उदयपुर में तीन रातों के स्टे के दौरान आप सिर्फ सिटी पैलेस ही नहीं, बल्कि आसपास की बेहतरीन जगहें भी घूमेंगे, जैसे माउंट आबू की नक्की झील व दिलवाड़ा मंदिर, एकलिंगजी, हल्दीघाटी, रणकपुर मंदिर और कुंभलगढ़ किला।
ट्रिप के आखिरी हिस्से में जोधपुर का मेहरानगढ़ किला और उम्मेद भवन म्यूजियम देखने को मिलेगा। साथ ही जैसलमेर के डीलक्स डेजर्ट कैंप में एक रात बिताने का अनुभव भी इस पैकेज में शामिल है। वापसी से पहले जोधपुर में एक दोपहर आपको अपने हिसाब से शहर एक्सप्लोर करने के लिए फ्री भी मिलेगी।
जेब पर कितना खर्च आएगा?
अगर आप अकेले जा रहे हैं तो पैकेज थोड़ा महंगा पड़ सकता है, लेकिन दोस्तों या फैमिली के साथ शेयरिंग में यह काफी बेहतर डील है:
- अकेले (सिंगल ऑक्यूपेंसी): ₹92,615 प्रति व्यक्ति
- 2 लोगों के साथ (डबल शेयरिंग): ₹72,050 प्रति व्यक्ति
- 3 लोगों के साथ (ट्रिपल शेयरिंग): ₹67,840 प्रति व्यक्ति
अगर साथ में 5 से 11 साल के बच्चे हैं, तो बेड के साथ ₹59,360 और बिना बेड के ₹53,250 लगेंगे। 2 साल तक के छोटे बच्चों का किराया बुकिंग के वक्त IRCTC ऑफिस में कैश जमा करना होगा, जबकि 11 साल से बड़े बच्चों का पूरा किराया लगेगा।
पैकेज में क्या मिलेगा और क्या नहीं?
इस किराए में भुवनेश्वर से जयपुर जाने और जोधपुर से वापस आने की फ्लाइट टिकट शामिल है। इसके अलावा सभी शहरों में 3-स्टार लेवल के होटल और जैसलमेर में डीलक्स कैंप में ठहरना, रोज का ब्रेकफास्ट व डिनर, एसी बस से पूरा घूमना-फिरना, एक टूर मैनेजर और ट्रैवल इंश्योरेंस पैकेज का हिस्सा हैं।
हालांकि, कुछ खर्च आपको अपनी जेब से करने होंगे, जैसे पूरे ट्रिप का दोपहर का खाना, किलों-मंदिरों के एंट्री टिकट, टूर गाइड, फ्लाइट के अंदर का खाना-पीना और आपके निजी खर्चे।
बुक करने से पहले जान लें काम की बातें
यह एक ग्रुप टूर है, इसलिए इसमें वेब चेक-इन की सुविधा नहीं मिलेगी और पूरे ट्रिप में ग्रुप के टाइम के हिसाब से चलना होगा। अगर आपके साथ सीनियर सिटीजंस जा रहे हैं, तो बुकिंग से पहले उनका मेडिकल चेक-अप कराना जरूरी है। वहीं, 75 साल से ज्यादा उम्र के यात्रियों के साथ किसी यंग फैमिली मेंबर का होना अनिवार्य है। प्लान कैंसिल करने की स्थिति में तारीख के हिसाब से 30% से 100% तक चार्ज कट सकता है।
इस टूर में कुल 29 सीटें ही रखी गई हैं। अगर आप इस दिसंबर राजस्थान के किले, महल और रेगिस्तान घूमने का मन बना रहे हैं, तो बुकिंग के लिए irctctourism.com पर विजिट कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- कश्मीर की वादियों से करें नए साल की शुरुआत, IRCTC लाया 6 दिनों का Winter Tour; जानिए पूरा शेड्यूल
यह भी पढ़ें- 6 दिन में IRCTC करा रहा डलहौजी, धर्मशाला और अमृतसर की ट्रिप, ₹17,565 से शुरू है किराया; AC कैब-होटल भी शामिल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।