थाईलैंड ट्रिप की कर रहे हैं प्लानिंग? पैकिंग से लेकर लोकल नियमों तक, आपके बहुत काम आएंगी ये टिप्स
थाईलैंड यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।

थाईलैंड ट्रिप से जुड़ी जरूरी बातें (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। थाईलैंड अपनी खूबसूरती, संस्कृति और खान-पान की वजह से दुनियाभर के पर्यटकों के बीच मशहूर है। फॉरेन ट्रिप में भारतीय थाईलैंड जाना काफी पसंद करते हैं। अगर आप भी थाईलैंड घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं, तो आपको कुछ जरूरी बातें पता होनी चाहिए।
किसी भी नए देश में जाने से पहले वहां के नियमों, मौसम और संस्कृति के बारे में जानना जरूरी है, ताकि सफर बिना किसी परेशानी के बीते। आइए जानें कुछ ऐसी ही जरूरी बातें, जो आपकी थाईलैंड ट्रिप के लिए जरूरी हैं।
मॉस्किटो रिपेलेंट न भूलें
थाईलैंड एक ट्रॉपिकल देश है, जिसके कारण यहां पर मच्छरों की समस्या काफी आम है। डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों से बचने के लिए आप अपने साथ अच्छी क्वालिटी का मॉस्किटो रिपेलेंट जरूर रखें। आप इसे थाईलैंड के लोकल स्टोर से भी खरीद सकते हैं। होटल से बाहर निकलने से पहले पूरे शरीर पर अच्छी तरह मॉस्किटो रिपेलेंट जरूर लगाएं।
मोबाइल डेटा की व्यवस्था पहले ही कर लें
आप किसी अनजान देश में जा रहे हैं, तो इंटरनेट कनेक्टिविटी काफी जरूरी है। थाईलैंड पहुंचते ही तुरंत नेविगेशन, बुकिंग और अपने परिवार या दोस्तों से जुड़े रहने के लिए इंटरनेट बहुत जरूरी है। इसलिए आप चाहें, तो अपने देश से ही इंटरनेशनल रोमिंग पैक ले सकते हैं या फिर एयरपोर्ट पर उतरते ही लोक टूरिस्म सिम कार्ड खरीद सकते हैं। इसके अलावा, ई-सिम का ऑप्शन भी आजकल काफी पसंद किया जा रहा है।
हर कोई अंग्रेजी नहीं बोलता
थाईलैंड एक बहुत बड़ा टूरिस्ट स्पॉट है। इसलिए बड़े होटल, मॉल और एयरपोर्ट पर अंग्रेजी आसानी से समझी और बोली जाती है। हालांकि, लोकल मार्केट, स्ट्रीट फूड स्टॉल या टैक्सी ड्राइवर्स के साथ बातचीत करने समय अंग्रेजी में थोड़ी परेशानी आ सकती है। ऐसे में ट्रांसलेशन ऐप्स का इस्तेमाल करना या थाई भाषा के बेसिक शब्द सीख लेना मददगार हो सकता है।
किसी के सिर को न छुएं
थाईलैंड की संस्कृति में सिर को सबसे पवित्र हिस्सा माना जाता है। इसलिए गलती से भी किसी के सिर को न छुएं। कई बार लोग बच्चों के सिर को छू देते हैं, लेकिन ऐसा करने से बचें। इसी तरह जमीन पर गिरी किसी चीज पर पैर रखना या थाईलैंड की मुद्रा पर पैर रखना भी अपमानजनक माना जाता है।
सनस्क्रीन लगाना न भूलें
थाईलैंड एक ट्रॉपिकल देश है, जहां धूप के साथ उमस भी काफी रहती है। इसलिए बीच पर घूमते समय यूवी किरणों से स्किन डैमेज हो सकती है। इसलिए अपने साथ एसपीएफ 50 वाला सनस्क्रीन जरूर रखें। बॉडी के लिए सनस्क्रीन स्प्रे रख सकते हैं। होटल से निकलने से पहले शरीर के हर खुले हिस्से पर सनस्क्रीन लगाएं। 20 मिनट इंतजार करें और फिर मॉस्किटो रिपेलेंट लगाकर ही होटल से बाहर निकलें।
हल्के और आरामदायक कपड़े साथ रखें
थाईलैंड का मौसम गर्म और उमस भरा होता है। इसलिए ट्रैवल करते समय कोई भी भारी-भरकम कपड़ा न रखें। इसके बजाय कॉटन या लिनेन के कपड़े रखें, ताकि पसीना आसानी से सूख जाए। अगर किसी मंदिर में जा रहे हैं, तो कपड़ों की शालीनता का ध्यान रखें।
मजबूत ग्रिप वाले जूते पहनें
थाईलैंड में कई रास्ते फिसलन वाले होते हैं और लोकल जगहों पर घूमते समय काफी चलना भी पड़ सकता है। इसलिए अच्छी ग्रिप वाले जूते पहनें, ताकि चलते समय गिरने का रिस्क कम हो और पैरों में दर्द न हो।
