भारतीय पर्यटकों को झटका! थाईलैंड ने खत्म की 60 दिनों की वीजा-फ्री एंट्री, अब लागू होगा यह नया नियम
भारतीयों के लिए अब थाईलैंड में वीजा-फ्री एंट्री बंद हो चुकी है।
-1779694186741_m.webp)
थाइलैंड के वीजा के नियमों में बड़ा बदलाव (Picture Courtesy: Freepik)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप भी आने वाले दिनों में थाईलैंड घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। थाईलैंड सरकार ने अपनी एंट्री रेगुलेशंस में एक बहुत बड़ा बदलाव किया है, जिसके बारे में आपको जरूर पता होना चाहिए।
इस नए फैसले के तहत भारत समेत 93 देशों के यात्रियों को मिलने वाली 60-दिनों की वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा को अब पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है। थाईलैंड सरकार का यह कदम वीजा कैटेगरीज को आसान बनाने और इमिग्रेशन कंट्रोल को ज्यादा सख्त करने की एक बड़ी योजना का हिस्सा है। आइए जानें अब थाईलैंड जाने के लिए आपको वीजा से जुड़ी किन बातों के बारे में जानकारी होनी चाहिए।
कब से लागू होंगे नए नियम?
थाईलैंड के कैबिनेट ने 19 मई, 2026 को इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। ये नए नियम रॉयल गजट में पब्लिश होने के ठीक 15 दिनों के बाद से लागू हो जाएंगे।
भारतीय यात्रियों पर इसका क्या असर पड़ेगा?
इस नए बदलाव का सबसे बड़ा असर थाईलैंड जाने वाले भारतीय पर्यटकों पर पड़ने वाला है। जुलाई 2024 में भारत को थाईलैंड की 60-दिवसीय वीजा फ्री योजना में शामिल किया गया था, जिसके तहत भारतीय नागरिक बिना वीजा के दो महीने तक वहां रह सकते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
ताजा बजलावों के बाद भारत को अब वीजा ऑन अराइवल की कैटेगरी में डाल दिया गया है। इसका मतलब है कि अब इंडियन पासपोर्ट होल्डर्स को थाईलैंड में वीजा-फ्री एंट्री नहीं मिलेगी।
अब भारतीय यात्रियों को इमिग्रेशन चेकपॉइंट्स पर जरूरी दस्तावेज दिखाने होंगे और वहां पहुंचते ही वीजा लेना होगा। इसके अलावा, इस कैटेगरी के तहत अब आप थाईलैंड में केवल 15 दिनों तक ही ठहर सकेंगे यानी शॉर्ट वेकेशन के लिए यह परफेक्ट है, लेकिन अगर थाईलैंड में लंबी छुट्टियां बितानी है, तो पहले से तैयारी करनी पड़ेगी।
जो लोग पहले से थाईलैंड में हैं, उनका क्या होगा?
अगर आप पहले से ही थाईलैंड में मौजूद हैं या नए नियमों के लागू होने से पहले आप थाईलैंड पहुंच रहे हैं, तो घबराने की बात नहीं है। आपको अपने अप्रूव्ड स्टे पीरियड तक रुकने की अनुमति दी जाएगी।
किन देशों को मिलेगी वीजा-फ्री एंट्री?
इन बदलावों के बाद थाईलैंड की 30-दिवसीय वीजा फ्री एंट्री का लाभ 54 देशों को मिलेगा, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, जपान, अमेरिका, स्वीट्जरलैंड, मलेशियास, यूके, कनाडा, जर्मनी, फ्रांस, सऊदी अरब, यूएई और साउथ अफ्रीका जैसे देश शामिल हैं।
