विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गर्मी की छुट्टियों में बना रहे हैं ट्रैवल प्लान, इन 4 बड़े वीजा बदलावों का रखें ध्यान; किन देशों में बदले नियम?

Published: Fri, 01 May 2026 04:40 PM (IST)

भारतीय यात्रियों के लिए गर्मी की छुट्टियों से पहले कई देशों के वीजा नियमों में बदलाव हुए हैं, जिनमें फ्रांस, वियतनाम, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया शामिल हैं।

विदेश घूमने से पहले जान लें ये 4 बड़े वीजा बदलाव बदल सकते हैं आपके प्लान (AI द्वारा जनरेटेड फोटो)

विदेश घूमने से पहले जान लें ये 4 बड़े वीजा बदलाव बदल सकते हैं आपके प्लान (AI द्वारा जनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. फ्रांस ने भारतीय यात्रियों के लिए ट्रांजिट वीजा खत्म किया।

  2. वियतनाम में डिजिटल अराइवल कार्ड अब अनिवार्य होगा।

  3. थाईलैंड के वीजा शुल्क बढ़े, दक्षिण कोरिया में छूट।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। गर्मी की छुट्टियों में विदेश घूमने की योजना बना रहे भारतीय यात्रियों के लिए वीजा नियमों में कई अहम बदलाव हुए हैं। इन बदलावों का असर आपके ट्रैवल प्लान, खर्च और दस्तावेजों पर पड़ सकता है।

कुछ देशों ने नियम आसान किए हैं, तो कुछ ने नई शर्तें जोड़ दी हैं। ऐसे में यात्रा से पहले इन अपडेट्स को जानना जरूरी है, ताकि बाद में कोई परेशानी न हो। यह बदलाव यूरोप, दक्षिण-पूर्व एशिया और अन्य लोकप्रिय डेस्टिनेशन से जुड़े हैं।

फ्रांस और वियतनाम से जुड़े बदलाव

फ्रांस ने 10 अप्रैल 2026 से भारतीय यात्रियों के लिए एयरपोर्ट ट्रांजिट वीजा (ATV) की जरूरत खत्म कर दी है। अब अगर यात्री सिर्फ ट्रांजिट जोन में रहकर किसी नॉन-शेंगेन देश जा रहे हैं, तो उन्हें वीजा नहीं लेना होगा। इससे पेरिस जैसे एयरपोर्ट से यात्रा आसान हो जाएगी।

वियतनाम ने 15 अप्रैल 2026 से हो ची मिन्ह सिटी आने वाले सभी विदेशी यात्रियों के लिए डिजिटल अराइवल कार्ड जरूरी कर दिया है। यह फॉर्म यात्रा से 72 घंटे पहले ऑनलाइन भरना होगा और एयरपोर्ट पर QR कोड दिखाना होगा। यह प्रक्रिया फ्री है, लेकिन इसे ई-वीजा के साथ पूरा करना जरूरी होगा।

थाईलैंड और दक्षिण कोरिया के नियम

थाईलैंड में भारतीयों के लिए 60 दिन तक वीजा-फ्री एंट्री जारी है, लेकिन लंबी अवधि के वीजा महंगे हो गए हैं। 27 अप्रैल 2026 से सिंगल एंट्री वीजा 3000 रुपये और मल्टीपल एंट्री वीजा 13,500 रुपये हो गया है। कुछ लंबे वीजा की फीस 1.4 लाख रुपये तक पहुंच गई है।

दक्षिण कोरिया ने भारतीय ग्रुप टूरिस्ट्स के लिए वीजा फीस में छूट 30 जून 2027 तक बढ़ा दी है। इस योजना के तहत ग्रुप में यात्रा करने वालों को प्रोसेसिंग फीस नहीं देनी होगी। हालांकि, यह सुविधा सिर्फ अधिकृत ट्रैवल एजेंसी के जरिए बुकिंग करने वालों को ही मिलेगी।

ट्रैवल प्लान से पहले रखें ध्यान

इन नए नियमों का असर खासकर उन यात्रियों पर पड़ेगा जो लंबी छुट्टी, बिजनेस ट्रिप या ग्रुप टूर की योजना बना रहे हैं। जहां फ्रांस ने ट्रांजिट आसान किया है, वहीं वियतनाम ने नई प्रक्रिया जोड़ दी है। थाईलैंड में खर्च बढ़ा है, जबकि दक्षिण कोरिया ने ग्रुप यात्रियों को राहत दी है।

होटल-रेस्तरां में खाना हुआ महंगा, सब्सिडी वाली रसोई गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए केंद्र सख्त; राज्यों को दिए निर्देश