विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रेन आती है तो बंद हो जाती हैं दुकानें, गुजरते ही फिर सज जाता है बाजार; नजारा देख पहली बार में नहीं होगा यकीन

Published: Mon, 14 Sep 2026 01:03 PM (IST)

कभी देखा है ऐसा रेलवे ट्रेक जहां मार्केट के बीच से ट्रेन गुजरती हो? दुनियाभर में रोमांच के लिए है मशहूर।

थाईलैंड की माइकलॉन्ग मार्केट (Image Source: AI Generated)

थाईलैंड की माइकलॉन्ग मार्केट (Image Source: AI Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। ट्रेन का सफर करना कुछ लोगों के लिए किसी रोमांच से कम नहीं, वहीं कुछ लोग शॉपिंग से अपने मन को बहलाते हैं। पर क्या हो अगर हम कहें कि दुनिया में एक ऐसी भी जगह है, जहां आपके ये दोनों शौक पूरे हो सकते हैं यानी रोमांच भी और इसके साथ में शॉपिंग करने का मजा भी। चलिए आपको इस अजब-गजब मार्केट के बारे में बताते हैं। 

थाईलैंड की माइकलॉन्ग मार्केट

हम बात कर रहे हैं थाईलैंड की माइकलॉन्ग मार्केट के बारे में, जिसे दुनिया के सबसे अनोखे और खतरनाक बाजारों में गिना जाता है। यहां के स्थानीय लोग इसे ‘तालात रोम हूप’ कहते हैं, इसका मतलब होता है छतरी बंद करने वाला बाजार। यही वजह है कि माइकलॉन्ग बाजार को लोग फोल्डिंग अंब्रेला मार्केट के नाम से भी जानते हैं। बताते चलें कि यह मार्केट थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक से करीब 80 किलोमीटर की दूरी पर स्थित समुत सॉन्गख्रम प्रांत में है। 

ट्रेन आते ही बंद हो जाता है बाजार 

इस बाजार के नाम में ही इसकी पूरी कहानी छिपी हुई है, क्योंकि यह बाजार पटरियों के बिल्कुल किनारे पर लगता है। फिर जैसे ही इस बाजार से ट्रेन गुजरने वाली होती है तो लोग अपनी-अपनी दुकानों की छतरी बंद कर देते हैं। दरअसल, समुत सॉन्गख्रम प्रांत में माइकलॉन्ग रेलवे स्टेशन है और इस स्टेशन के पास की पटरियां शहर के बीचोंबीच बनाई गई हैं। 

इस बाजार को देखने पर लोगों को डर भी लग सकता है कि कहीं ट्रेन के इस तरह मार्केट के बीच से जाने से कोई बड़ा हादसा न हो, पर यह लोगों के आम जीवन का हिस्सा बन चुका है। 

पटरियों के किनारे लगती हैं सब्जियां 

दुनियाभर में रोमांच के लिए मशहूर माइकलॉन्ग रेलवे मार्केट एक सब्जी मंडी है। यह बाजार सुबह के 6 बजे से शाम के 6 बजे तक लगता है, जहां सब्जियों के अलावा फल, मीट, सी फूड भी मिलते हैं। ताज्जुब की बात यह है कि यहां सब्जियां खरीदने वाले ग्राहक से ज्यादा एडवेंचर पसंद करने वाले टूरिस्ट आते हैं। 

पूरे दिन में 8 बार गुजरती है ट्रेन 

थाइलैंड टूरिज्म अथॉरिटी की माने तो इस रेलवे रूट से ट्रेन पूरे दिन में 8 बार गुजरती है, 4 बार महाचाई से माइकलॉन्ग और 4 बार माइकलॉन्ग से महाचाई वापिस जाते समय। यहां जानने वाली बात यह है कि ट्रेन की गति भी इस एरिया में बेहद धीमी रहती है पर बाजार से दूरी कुछ इंच की ही होती है।