Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ग्रीस के इस Island पर मौजूद है 100 दरवाजों वाला चर्च, विंडसर्फिंग के लिए भी है परफेक्ट डेस्टिनेशन

    Updated: Sat, 09 Aug 2025 12:58 PM (IST)

    क्या आप जानते हैं ग्रीस में एक ऐसा अनोखा आइलैंड है जो अपनी खूबसूरती और इतिहास के लिए दुनियाभर में जाना जाता है? यहां मौजूद है 100 दरवाजों वाला चर्च! हालांकि इसमें 99 दरवाजें ही हैं। लोग मानते हैं कि जब 100वां दरवाजा खुलेगा तो कॉन्स्टेंटिनोपल (आज का इस्तांबुल) वापस ग्रीस के पास आ जाएगा।

    Hero Image
    यहां के हर कोने में बसे हैं इतिहास और रोमांच के किस्से (Image Source: Freepik)

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप ऐसी जगह ढूंढ रहे हैं जहां प्रकृति की खूबसूरती, इतिहास की महक और रोमांच का मजा एक साथ मिले, तो ग्रीस का पारोस आइलैंड आपके लिए एक सपनों की जगह हो सकती है। एजियन सागर में बसे साइक्लैड्स द्वीप समूह का हिस्सा, यह आइलैंड लगभग 196 वर्ग किलोमीटर में फैला है। यूरोप में इसे विंडसर्फिंग के सबसे बेहतरीन स्थानों में गिना जाता है। यकीन मानिए, यहां का माहौल ऐसा है कि हर गली, हर किनारा और हर हवा का झोंका अपने साथ एक कहानी लिए चलता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पुराने गांव, नई रौनक

    पारोस के दो मुख्य शहर हैं- नाउस्सा और पारिकिया। नाउस्सा पहले एक मछुआरों का एक शांत गांव था, जहां लोग समुद्र से अपनी रोजी-रोटी कमाते थे, लेकिन समय के साथ यह जगह एक खूबसूरत तटीय कस्बे में बदल गई। अब यहां सफेद रंग के मकानों से घिरी पतली गलियां, रंग-बिरंगे फूलों से सजे छोटे-छोटे घर, आकर्षक बुटीक और समंदर के किनारे बने कैफे हर सैलानी को मोह लेते हैं।

    पारिकिया, द्वीप की राजधानी और मुख्य बंदरगाह है। यहां आप पारंपरिक ग्रीक वास्तुकला, बाजार की चहल-पहल और रात में जगमगाती नाइटलाइफ का मजा ले सकते हैं। पत्थरों से बनी पुरानी गलियों में टहलना और नीले गुंबदों वाले चर्चों को नजदीक से देखना अपने आप में एक खास अनुभव है।

    यह भी पढ़ें- Hill Station हो या खूबसूरत Island, असम में घुमक्‍कड़ी के शौकीनों को म‍िलेगा पसंदीदा ठ‍िकाना

    संगमरमर की दुनिया में सफर

    पारोस का पारियन संगमरमर दुनिया भर में मशहूर है। प्राचीन काल में यहां से निकला संगमरमर इतना चमकदार और साफ होता था कि इससे ग्रीस की कई ऐतिहासिक मूर्तियां और इमारतें बनीं। उदाहरण के तौर पर, दुनिया की प्रसिद्ध मूर्ति वीनस डी मिलो और हरमेस ऑफ प्राक्सिटेलीस इसी संगमरमर से तराशी गई हैं।

    ईसा पूर्व 6वीं शताब्दी में यहां की खदानों से संगमरमर निकालने का दौर शुरू हुआ और कई सदियों तक यह ग्रीक वास्तुकला की शान बना रहा। आज भी द्वीप के बीचों-बीच इन पुरानी खदानों के निशान देखे जा सकते हैं, जो बीते समय की गवाही देते हैं।

    आज भी रहस्यमयी है चर्च

    पारिकिया में स्थित पानागिया एकातोंतापिलियानी चर्च, जिसे ‘सौ दरवाजों वाला चर्च’ कहा जाता है, चौथी शताब्दी में बनाया गया था। माना जाता है कि इसे संत हेलेना ने बनवाया था। इसकी एक दिलचस्प कहानी है- इसमें 99 दरवाजे मौजूद हैं और कहा जाता है कि 100वां दरवाजा तभी खुलेगा जब ग्रीस, इस्तांबुल को वापस अपने अधिकार में लेगा। यह चर्च आज भी ईसाई धर्म के सबसे पवित्र स्थलों में गिना जाता है।

    वाटर एक्टिविटीज के लिए शानदार जगह

    पारोस का समुद्र हर तरह के पानी के खेलों के लिए मशहूर है। गोल्डन बीच या क्रिसी एक्टि यहां का सबसे लोकप्रिय बीच है, जहां हर साल अंतरराष्ट्रीय विंडसर्फिंग चैंपियनशिप होती है। इसके अलावा, यहां की हवा और साफ नीला पानी विंडसर्फिंग और काइटसर्फिंग के लिए परफेक्ट है।

    कोलम्बित्रेस बीच अपने अनोखे चट्टानी आकार और क्रिस्टल-सा साफ पानी के लिए जाना जाता है। वहीं, सेंटा मारिया, लॉगरस और पैरापोरोज जैसे तट स्कूबा डाइविंग, स्नॉर्कलिंग और नौकायन के शौकीनों के बीच बहुत फेमस हैं।

    अगर आप कभी ग्रीस जाने का प्लान बनाएं, तो पारोस आइलैंड को अपनी ट्रैवल लिस्ट में जरूर शामिल करें। यहां का हर पल आपको यह एहसास दिलाएगा कि आप सच में किसी पोस्टकार्ड की दुनिया में घूम रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- सि‍र्फ Hill Stations ही नहीं, समुद्र में भी म‍िलता है ट्रैवल थ्र‍िल; यहां होती है बेहतरीन Scuba Diving