दिल्ली के पास है खूबसूरत पर्यटन स्थल
घूमने-फिरने वाले लोग कभी भी समय का इंतजार नहीं करते हैं। उन्हें जब भी मौका मिलता है वह अपने ट्रैवल बैग को तैयार रखते हैं। अगर आप दिल्ली से हैं और इस ब ...और पढ़ें

घूमने-फिरने वाले लोग कभी भी समय का इंतजार नहीं करते हैं। उन्हें जब भी मौका मिलता है वह अपने ट्रैवल बैग को तैयार रखते हैं। अगर आप दिल्ली से हैं और इस बार किसी आसपास जगह की यात्रा करना चाहतो हैं तो सोनीपत आपके लिए सही जगह रहेगा। सोनीपत पश्चिमोत्तर भारत के पूर्व-मध्य हरियाणा राज्य का नगर और जिला है। साल 1972 में इसे रोहतक से अलग करके पूर्ण जिले का दर्जा दिया गया था। दिल्ली से महज 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सोनीपत राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अन्तर्गत आता है।
सोनीपत का इतिहास
पुराणों के अनुसार यह माना जाता है कि पाण्डवों ने हस्तिनापुर के राजा से युद्ध न करने के लिए जो पांच गांव मांगे थे, उनमें सोनीपत भी था। जो चार गांव थे उनमें सोनीपत, बागपत, तिलपत और इंद्रप्रस्थ थे। हिन्दू महाकाव्य महाभारत के अलावा महान व्याकरणविद् पाणिनी की अष्टाध्यायी में भी सोनीपत का उल्लेख मिलता है।
यमुना नदी के तट पर स्थित सोनीपत जिला एक मैदानी इलाका है। यहां के अधिकतर हिस्सों में खेती होती है। गेहूं और चावल यहां की प्रमुख फसलें हैं, अन्य फसलों में ज्वार, दलहन, गन्ना, बाजरा, तिलहन और सब्जियां शामिल हैं। इसके अलावा सोनीपत में कई उद्योग भी हैं। यहां मशीनी उपकरण, सूती वस्त्र, होजरी, शक्कर, सिलाई मशीन के पुर्जे, परिवहन उपकरण तथा पुर्जे, कालीन, हथकरघा वस्त्र और हस्तशिल्प में पीतल व तांबे के उद्योग हैं।
क्या देखें
सोनीपत में ख्वाजा खीजर का मकबरा बहुत ही प्रसिद्ध है जिसे देखने के लिए लोग दूर-दूर से आते हैं। इसका निर्माण 1522 में किया गया था। भुरभुरा लाल पत्थर से बना यह मकबरा एक ऊंचे से चबूतरे पर स्थापित किया गया है। मकबरे की छत को कई तरह की डिजाइनों से सजाया गया है। इसके अलावा आप सोनीपत में मुगल काल की पुरानी इमारतें भी देख सकते हैं।
सोनीपत में मंदिर
एटलस श्री राम मंदिर सोनीपत का सबसे पुराना मंदिर है, जन्माष्टमी के अवसर पर इस मंदिर को भव्य रूप में सजाया जाता है। सोनीपत-मुर्थल रोड पर बनी भगवान शिव की विशाल प्रतिमा भी सोनीपत का आकर्षण है। शिव प्रतिमा की उंचाई 31 फिट है।
कैसे पहुंचें
दिल्ली से जाने वाले पर्यटकों के लिए सोनीपत सबसे नजदीकी पर्यटन स्थल है। यह जगह इतना पास है कि दिल्ली से रोजाना काम करने वाले लोग यहां से सफर करते हैं। आप दिल्ली के कश्मीरी गेट बस अड्डे से या जी.टी. रोड करनाल बाई पास से हरियाणा रोडवेज की बसें ले सकते हैं। अगर आप रेल के जरिए जाने की सोच रहे हैं तो नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली से नियमित रूप से ट्रेनें चलाई जाती हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।