विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जनकपुर से अयोध्या और रामेश्वरम तक... 18 दिन में करें श्रीराम से जुड़े हर धाम के दर्शन! IRCTC लाया स्पेशल टूर

Published: Thu, 15 Oct 2026 05:29 PM (IST)

क्या आप भगवान श्री राम के जीवन से जुड़े पवित्र स्थलों की यात्रा करना चाहते हैं? अगर हां, तो IRCTC ...और पढ़ें

18 दिनों में करें भगवान राम के पवित्र तीर्थों के भव्य दर्शन (Image Source: AI-Generated)

18 दिनों में करें भगवान राम के पवित्र तीर्थों के भव्य दर्शन (Image Source: AI-Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। क्या आप भी रामायण काल की उन पवित्र जगहों को करीब से देखना चाहते हैं, जहां भगवान राम के चरण पड़े थे? अगर आपका जवाब हां है, तो आपके लिए एक बेहद अच्छी खबर है।

इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) एक खास 'श्री रामायण यात्रा' टूर लेकर आया है। इस ट्रिप में आप 'भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन' के जरिए एक यादगार सफर पर निकलेंगे। आइए, इस टूर पैकेज से जुड़ी डिटेल्स के बारे में जानते हैं।

कितने दिनों का होगा यह खास सफर?

यह एक लंबी धार्मिक यात्रा है, जो 18 दिन और 17 रातों तक चलेगी। इसकी शुरुआत 1 फरवरी 2027 को होगी।

कहां-कहां दर्शन करने का मिलेगा मौका?

इस यात्रा के दौरान आपको भारत और नेपाल की कई पावन जगहों पर ले जाया जाएगा। सफर की शुरुआत अयोध्या (राम जन्मभूमि और हनुमान गढ़ी) से होगी। इसके बाद यात्री नंदीग्राम, सीतामढ़ी, बक्सर, वाराणसी, प्रयागराज, श्रृंगवेरपुर, चित्रकूट, नासिक, हम्पी और दक्षिण भारत में स्थित रामेश्वरम धाम के दर्शन करेंगे। इसके अलावा, रोड-वे से नेपाल के जनकपुर जाकर राम जानकी मंदिर के दर्शन करने का सौभाग्य भी मिलेगा।

IRCTC Ramayana Yatra

(Image Source: AI-Generated)

दिल्ली-यूपी के इन 6 स्टेशनों से पकड़ें स्पेशल ट्रेन

यह खास ट्रेन दिल्ली के सफदरजंग स्टेशन से शुरू होगी। हालांकि, सहूलियत के लिए यात्री गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला जंक्शन, इटावा, कानपुर और लखनऊ स्टेशनों से भी इस ट्रेन में चढ़ सकते हैं। वहीं, वापसी के समय आप अपनी सुविधानुसार झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट, मथुरा या दिल्ली सफदरजंग पर उतर सकते हैं। इस सफर में सिर्फ 150 यात्रियों के लिए ही जगह है। आप अपने बजट के हिसाब से फर्स्ट एसी, सेकंड एसी या थर्ड एसी कोच का टिकट बुक कर सकते हैं।

पैकेज में क्या-क्या शामिल है?

एक बार टिकट बुक करने के बाद आपको कई शानदार सुविधाएं मिलेंगी:

  • पूरी यात्रा के दौरान आपको बेहतरीन शाकाहारी खाना (सुबह की चाय, नाश्ता, लंच और डिनर) दिया जाएगा।
  • सफर में 9 रातें ट्रेन के एसी कोच में गुजरेंगी, जबकि 8 रातों के लिए होटलों में रुकने की व्यवस्था होगी।
  • जनकपुर और चित्रकूट को छोड़कर बाकी सभी जगहों पर ठहरने के लिए 4-स्टार होटल दिए जाएंगे।
  • अलग-अलग जगहों पर घूमने और रेलवे स्टेशन से होटल तक जाने के लिए एसी गाड़ियों का इंतजाम रहेगा।
  • यात्रियों की सुरक्षा के लिए ट्रेन में सिक्योरिटी, हर समय मदद के लिए टूर मैनेजर और एक्सीडेंटल ट्रैवल इंश्योरेंस की सुविधा भी पैकेज में जुड़ी हुई है।

इस यात्रा पर कितना होगा खर्च?

अगर खर्च की बात करें, तो थर्ड एसी का प्रति व्यक्ति शुरुआती किराया 1,23,340 रुपये है। वहीं, अगर आप फर्स्ट एसी कूपे में अकेले सफर करना चाहते हैं, तो यह खर्च 2,03,470 रुपये तक जाता है। इस किराए में रेलवे की ओर से दी जाने वाली लगभग 33% की छूट पहले से ही शामिल कर दी गई है।

यात्रा पर जाने से पहले ध्यान रखने वाली जरूरी बातें

  • जनकपुर (नेपाल) जाने वाले रास्ते पर भिट्ठामोड़ बॉर्डर पड़ता है, जहां कोई इमिग्रेशन सुविधा नहीं है। इसलिए नेपाल में केवल भारतीय और नेपाली नागरिक ही जा सकेंगे।
  • सुरक्षा के लिए सभी यात्रियों को अपने साथ वोटर आईडी या पासपोर्ट जैसा कोई फोटो पहचान पत्र रखना जरूरी है।
  • इस पैकेज में खाने का मेन्यू फिक्स रहेगा, इसलिए अपनी पसंद से खाना ऑर्डर करने की सुविधा नहीं मिलेगी।
  • इसके अलावा, किसी भी मंदिर में वीआईपी दर्शन और होटल में रूम सर्विस का खर्च आपको खुद उठाना होगा।

यह भी पढ़ें- एक ही ट्रिप में जयपुर, पुष्कर, जोधपुर और जैसलमेर घुमाएगा IRCTC, 8 दिन के टूर में खाटू श्याम के दर्शन का भी मौका

यह भी पढ़ें- ट्रेन में नवरात्र व्रत के दौरान खाने की टेंशन खत्म! अब सीट पर मंगवा सकते हैं फलाहारी थाली; नोट करें प्रोसेस