विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रेन में नवरात्र व्रत के दौरान खाने की टेंशन खत्म! अब सीट पर मंगवा सकते हैं फलाहारी थाली; नोट करें प्रोसेस

Published: Tue, 13 Oct 2026 05:00 PM (IST)

क्या आप भी इस शारदीय नवरात्र ट्रेन से कहीं सफर करने की तैयारी कर रहे हैं? अगर हां, तो यह आर्टिकल खास आपके लिए ही है।

नवरात्र में ट्रेन से सफर करने वालों के लिए काम की खबर (Image Source: AI-Generated)

नवरात्र में ट्रेन से सफर करने वालों के लिए काम की खबर (Image Source: AI-Generated) 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। नवरात्र व्रत के दौरान ट्रेन का सफर करना थोड़ा मुश्किल लग सकता है, खासकर जब बात साफ-सुथरे और सात्विक खाने की हो।

जी हां, स्टेशनों पर ट्रेन चंद मिनटों के लिए ही रुकती है और उस भीड़ में फलाहारी भोजन ढूंढना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं। हालांकि, अब आपको अपने व्रत में भूखे रहने या सिर्फ केले और चाय पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। दरअसल, अब आप अपनी जर्नी शुरू होने से पहले ही अपने व्रत के खाने की पक्की व्यवस्था कर सकते हैं।

Order Vrat food on train online

(Image Source: AI-Generated) 

IRCTC का नवरात्र स्पेशल फीचर

यात्रियों की सुविधा के लिए IRCTC की ई-कैटरिंग वेबसाइट और Food on Track ऐप ने एक खास "नवरात्र स्पेशल" विकल्प शुरू किया है। ऐप या वेबसाइट खोलते ही आपको होम स्क्रीन पर यह लिंक दिख जाएगा। इस पर क्लिक करते ही आपके सामने सिर्फ सात्विक और व्रत के खाने की लिस्ट आ जाएगी, जिसमें प्याज, लहसुन या सामान्य आटे का बिल्कुल भी इस्तेमाल नहीं होता है।

सफर के दौरान खाने के क्या-क्या विकल्प मिलेंगे?

अलग-अलग रेस्टोरेंट और स्टेशनों के हिसाब से आपको कई तरह के स्वादिष्ट फलाहारी डिशेज मिल जाएंगे:

  • व्रत वाली खास थाली: अगर आपको पेट भरकर खाना है, तो फलाहारी थाली मंगा सकते हैं। इसमें आपको समा के चावल, व्रत वाले आलू की सब्जी, फ्रूट सलाद और दही मिल जाएगा।
  • चटपटे स्नैक्स और डिशेज: साबूदाना खिचड़ी, कुट्टू के पराठे, कुट्टू का डोसा, पूरी और यहां तक कि सिंघाड़े के आटे के समोसे भी मंगाए जा सकते हैं।
  • हल्का-फुल्का नाश्ता: अगर कुछ हल्का खाने का मन है तो आप नारियल पानी, मखाना, मूंगफली, ताजे फल, ड्राई फ्रूट्स या साबूदाना पापड़ ऑर्डर कर सकते हैं।
  • व्रत वाली मिठाइयां: मीठे के शौकीनों के लिए साबूदाना और मखाने की खीर के अलावा लौकी तथा सिंघाड़े के आटे का हलवा भी मेन्यू में रहता है।

ध्यान रहे, इन सभी चीजों को बनाने में सिर्फ सेंधा नमक, घी, दूध, पनीर, साबूदाना, राजगिरा और कुट्टू जैसे शुद्ध फलाहारी सामग्री का ही इस्तेमाल किया जाता है।

अपनी सीट पर खाना कैसे मंगाएं?

ट्रेन में खाना ऑर्डर करना बेहद आसान है, बस इन स्टेप्स को फॉलो करें:

  • PNR नंबर डालें: 'फूड ऑन ट्रैक' ऐप या ई-कैटरिंग वेबसाइट पर अपना 10 अंकों का PNR दर्ज करें।
  • स्टेशन चुनें: अपनी जर्नी के रूट में से कोई ऐसा स्टेशन चुनें जहां आपकी ट्रेन रुकने वाली हो।
  • मेन्यू देखें: उस स्टेशन पर उपलब्ध सात्विक भोजन के विकल्प चेक करें।
  • सामग्री पढ़ें: हर किसी के व्रत के नियम अलग होते हैं, इसलिए डिश में क्या-क्या डाला गया है, यह जरूर पढ़ लें।
  • ऑर्डर और पेमेंट: अपनी पसंद का खाना चुनें और कैश ऑन डिलीवरी, यूपीआई, कार्ड या नेटबैंकिंग से पेमेंट कर दें।

बस। आपका गरमागरम फलाहारी खाना आपके चुने हुए स्टेशन पर सीधे आपकी सीट पर पहुंचा दिया जाएगा।

पूरे परिवार या ग्रुप के लिए एक साथ मंगाएं खाना

अगर आप 15 या उससे ज्यादा लोगों के समूह के साथ सफर कर रहे हैं, तो आप ग्रुप ऑर्डर्स सेक्शन का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहां अपना नाम, PNR, फोन नंबर और यात्रियों की संख्या डाल दें। 48 घंटे के भीतर IRCTC का एक प्रतिनिधि आपको फोन करेगा। आप उन्हें अपनी फास्टिंग की जरूरतें बताकर मेन्यू और दाम तय कर सकते हैं। एडवांस पेमेंट करने के बाद, यात्रा वाले दिन पूरे ग्रुप का खाना एक साथ स्टेशन पर डिलीवर हो जाएगा।

सफर के लिए कुछ जरूरी टिप्स

  • आखिरी समय की भागदौड़ से बचने के लिए यात्रा से पहले ही अपना खाना प्री-ऑर्डर कर लें।
  • खाना बुक करते समय अपना PNR नंबर हमेशा सामने रखें।
  • अगर सफर लंबा है, तो सिर्फ एक समय के खाने के भरोसे न रहें, अपनी पूरी यात्रा के मील्स प्लान करके चलें।
  • डिलीवरी के लिए वही स्टेशन चुनें जहां ट्रेन के रुकने का समय थोड़ा ज्यादा हो।

यह भी पढ़ें- ट्रेन में अकेली महिला के लिए कैसे तय होती है सीट? टिकट बुक करने से पहले जान लें ये बातें

यह भी पढ़ें- रेलवे स्टेशन पर कुली की मनमानी नहीं करनी पड़ेगी बर्दाश्त, ज्यादा पैसे मांगने पर ऐसे करें शिकायत; होगी कार्रवाई