Himachal Tourist Places: दिसंबर के महीने में बना रहे हैं वेकेशन प्लान, तो हिमाचल की ये 5 जगहें करें एक्सप्लोर
दिसंबर को महीना आते ही ज्यादातर लोग वेकेशन प्लान करने लगते हैं। अगर आप भी इस बार बर्फबारी के बीच अपना नया साल सेलिब्रेट करना चाहते हैं तो हिमाचल प्रदेश की ये 5 जगहें आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित होंगी।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Himachal Pradesh Tourist Places: सर्दियों में घूमने-फिरने का अपना एक अलग ही मजा होता है। ज्यादातर लोगों को यह मौसम बेहद पसंद होता है। ठंड के इस मौसम में अक्सर लोग वेकेशन प्लान करते हैं, ताकि वह क्रिसमस और नए साल का जश्न अपने करीबियों के साथ मना सकें। अगर आप भी दिसंबर के इस सुहाने मौसम में कहीं बाहर घूमने की योजना बना रहे हैं, तो हिमाचल प्रदेश आपके लिए एक बढ़िया विकल्प साबित होगा। यह राज्य पूरी दुनिया में अपनी खूबसूरती के लिए काफी मशहूर है। हर साल दुनियाभर से लोग यहां वेकेशन मनाने आते हैं। ठंड के मौसम में इस राज्य की खूबसूरती और भी ज्यादा बढ़ जाती है। ऐसे में हम आपको बताएंगे हिमाचल प्रदेश की कुछ ऐसी खूबसूरत जगहों के बारे में जहां आप बेहतरीन तरीके से अपना नया साल सेलिब्रेट कर सकते हैं।
कुफरी
हिमाचल प्रदेश स्थित कुफरी एक ऐसी जगह है, जो अपने ट्रेकिंग ट्रेल्स और लंबी पैदल यात्रा वाले रास्तों के लिए जानी जाती है। सफेद बर्फ से ढंके इस हिल स्टेशन की सुंदरता देखते ही बनती है। दिसंबर को महीने में यहां बर्फबारी का अपना एक अलग ही मजा है। खूबसूरत वादियों के साथ ही आप यहां स्कीइंग का भी लुत्फ उठा सकते हैं।
खज्जियार
हिमाचल प्रदेश में मौजूद इस जगह को भारत का मिनी स्विट्जरलैंड कहा जाता है। पर्वतों से घिरे इस हिल स्टेशन में मौजूद झील इसकी खूबसूरती में चार चांद लगाती है। अपनी इसी खासियत की वजह से खज्जियार दिसंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश में घूमने के लिए सबसे अच्छी जगहों में से एक है, जहां आप नए साल पर बर्फबारी भी देख सकते हैं।
मनाली
दिसंबर के महीने में घूमने के लिए हिमाचल प्रदेश स्थित मनाली देश ही नहींं बल्कि विदेश में भी काफी लोकप्रिय है। इस दौरान यहां हनीमून मनाने वालों, परिवार के साथ आने वालों और सोलो ट्रिप पर जाने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। यह जगह हर तरह के पर्यटकों के लिए बेहतरीन है। शानदार होटल्स से लेकर खूबसूरत वादियों और लजीज व्यंजनों तक यह शहर लोगों के बीच हर एक चीज के लिए काफी मशहूर है। आप यहां ट्रेकिंग, पैराग्लाइडिंग और स्कीइंग जैसी रोमांचक गतिविधियों का भी मजा ले सकते हैं।
शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला देश का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। मनाली की ही तरह यह शहर भी दुनियाभर में अपनी खूबसूरती के लिए काफी मशहूर है। हिमाचल में सबसे विकसित स्थानों में से एक शिमला आपके विंटर वेकेशन के लिए एक परफेक्ट जगह है। आप यहां पर भी पैराग्लाइडिंग, कैंपिंग और स्कीइंग जैसी गतिविधियों का अनुभव कर सकते हैं।
मैक्लोडगंज
मैक्लोडगंज जिसे छोटे ल्हासा के नाम से भी जाना जाता है, हिमाचल का एक बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन है। यहां आपको भारतीय और तिब्बती संस्कृतियों का मिलाजुला रूप देखने को मिलेगा। शानदार कैफे, स्वादिष्ट व्यंजनों और खूबसूरत वादियों वाला यह स्टेशन भी दिसंबर में घूमने के लिए हिमाचल के शीर्ष स्थानों में से एक है।
Picture Courtesy: Freepik
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।