विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चैट पर होती हैं मीठी बातें, पर मिलते ही शब्द गायब! नया डेटिंग ट्रेंड है Chatfishing, लोग AI से लिखवा रहे रिप्लाई

Published: Tue, 17 Nov 2026 10:07 AM (IST)

क्या आपको कभी किसी शख्स से आमने-सामने मिलकर ऐसा लगा है कि उसका असली स्वभाव मैसेजेस वाली दुनिया से बिल्कुल ...और पढ़ें

ऑनलाइन चैट में दिल जीतने वाला पार्टनर असल जिंदगी में निकला बोरिंग? (Image Source: AI-Generated)

ऑनलाइन चैट में दिल जीतने वाला पार्टनर असल जिंदगी में निकला बोरिंग? (Image Source: AI-Generated) 

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। जरा सोचिए, सोशल मीडिया या डेटिंग साइट पर आपको एक मैसेज फ्लैश होता है। आप उसे पढ़ते हैं और आपके चेहरे पर एक बड़ी-सी मुस्कान आ जाती है। उसके हर रिप्लाई इतने हाजिरजवाबी भरे, रोमांटिक और मजेदार हैं कि आपको लगने लगता है, "वाह, मुझे बिल्कुल परफेक्ट पार्टनर मिल गया!"

लेकिन... जब कई दिनों की इस ऑनलाइन चैटिंग के बाद आप पहली बार उस शख्स से रूबरू होते हैं, तो आपको एक बड़ा झटका लगता है। जी हां, आप पाते हैं कि मैसेज में जादू बिखेरने वाली उसकी वो शानदार पर्सनैलिटी असल जिंदगी में पूरी तरह गायब है।

अगर आपके साथ भी कभी ऐसा कुछ हुआ है, तो सावधान हो जाइए। मैसेज और असल जिंदगी की पर्सनैलिटी के इसी बड़े अंतर को आजकल डेटिंग की भाषा में चैटफिशिंग (Chatfishing) कहा जा रहा है।

क्या होता है चैटफिशिंग में?

यह 'कैटफिशिंग' जैसा ही डेटिंग का एक एकदम नया ट्रेंड है। कई बार लोग अपनी भावनाओं को लिखकर व्यक्त करने में झिझकते हैं या उन्हें सही समय पर अच्छे जवाब नहीं सूझते। इस परेशानी से बचने के लिए वे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सहारा लेते हैं। ऐसे लोग अक्सर चैट का स्क्रीनशॉट लेते हैं, उसे AI टूल में डालते हैं और वहां से मिले बेहतरीन जवाब को सीधा कॉपी-पेस्ट करके आपको भेज देते हैं। इससे वे पल भर में बेहद रोमांटिक और स्मार्ट लगने लगते हैं।

कब रेड फ्लैग बन जाती है यह आदत?

अगर कोई सिर्फ एक अच्छी पिक-अप लाइन सोचने या अपनी किसी बात को थोड़ा बेहतर ढंग से कहने के लिए AI की मदद लेता है, तो इसमें कोई बुराई नहीं है। असली परेशानी तब खड़ी होती है, जब इंसान अपनी पूरी की पूरी पर्सनैलिटी ही AI के भरोसे गढ़ने लगे। जब चैट पूरी तरह मशीनी दिमाग से लिखी जा रही हो, तो व्यक्ति अनजाने में अपनी एक झूठी इमेज बना लेता है। यही वजह है कि जब दो लोग असल जिंदगी में मिलते हैं, तो चैट का वह जादुई इंप्रेशन एकदम टूट जाता है।

कैसे पहचानें कि मैसेज इंसान लिख रहा है या AI?

वैसे तो यह पकड़ना थोड़ा मुश्किल है, लेकिन नामुमकिन नहीं। आम जिंदगी की बातचीत में लोग अक्सर बहुत ही सिंपल भाषा का इस्तेमाल करते हैं। वे अपने दिनभर के किस्सों, किसी वेब सीरीज या नई फिल्मों का जिक्र करते हैं। इसके उलट, अगर सामने वाले का हर एक मैसेज एकदम नपा-तुला, बिना किसी गलती के और जरूरत से ज्यादा 'परफेक्ट' लग रहा है, तो समझ जाइए कि वहां AI से जवाब लिखवाए जा रहे हैं।

क्या है इससे निपटने का सही तरीका?

इस नए ट्रेंड के भ्रम से बचने का सबसे सटीक और आसान तरीका है- रीयल लाइफ में मिलना। अगर आपको मैसेजेस के तरीके पर जरा भी शक हो रहा है, तो उस व्यक्ति से आमने-सामने मिलें और उनके साथ वक्त बिताएं। रूबरू होने पर बहुत जल्दी यह साफ हो जाएगा कि चैटिंग में दिखने वाला वह शानदार इंसान असलियत में भी वैसा ही है, या यह सिर्फ AI का बुना हुआ एक जाल था।

यह भी पढ़ें- Monkey Branching से सावधान! पार्टनर में दिखें ये 5 बदलाव, तो समझ लें रिश्ते में हो चुकी है किसी तीसरे की एंट्री

यह भी पढ़ें- घंटों बातें, इमोशनल कनेक्शन और पार्टनर जैसी फीलिंग, Gen-Z में तेजी से क्यों बढ़ रहा है इमोशनशिप का ट्रेंड?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।