शादी के लिए न कोर्ट के चक्कर, न पंडित की जरूरत! क्या है Self Respect Wedding, जो इन दिनों कर रही है ट्रेंड?
सेल्फ रिस्पेक्ट वेडिंग में पारंपरिक रीति-रिवाजों या पंडित के बिना समानता और सम्मान पर जोर दिया जाता है।

100 साल पुरानी है सेल्फ रिस्पेक्ट वेडिंग (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। मॉडर्न होते इस जमाने में अब शादी केवल सात फेरे लेकर या पारंपरिक रीति रिवाजों से नहीं हो रही है, इसका तरीका बदलता जा रहा है। जहां पहले लोग ट्रेडिशनल वेडिंग की जगह कानूनी शादी के लिए कोर्ट का रुख किया करते थे, तो इसी कड़ी में एक और वेडिंग इन दिनों ट्रेंड कर रही है जिसका नाम है सेल्फ रिस्पेक्ट वेडिंग।
पर वेडिंग और सेल्फ रिस्पेक्ट दोनों का आपस में मेल समझ में नहीं आ रहा, क्यों सही कहा न? आइए आपको इस नए शादी के तरीके के बारे में बताते हैं।
म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर ने की सेल्फ रिस्पेक्ट वेडिंग
हाल ही में सेल्फ रिस्पेक्ट वेडिंग तब सुर्खियों में आई, जब डॉ. टीआरबी राजा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस बारे में जानकारी दी कि म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और बिजनेसवूमन काव्या मारन ने सेल्फ रिस्पेक्ट वेडिंग की है। इस दौरान दोनों ने एक दूसरे को माला और चेन पहनाई, इस तरह वो शादी के बंधन में बंध गए।
क्या है सेल्फ रिस्पेक्ट वेडिंग?
सेल्फ रिस्पेक्ट वेडिंग भले ही अब लोगों की नजर में ज्यादा आई हो, लेकिन इसकी शुरुआत साल 1925 में तमिलनाडु में ई. वी. रामासामी ‘नायकर’ पेरियार के सेल्फ रिस्पेक्ट मूवमेंट से ही हो गई थी। इस शादी को तमिल भाषा में ‘सुयमरियादई थिरुमनम’ कहा जाता है। बता दें कि इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य समाज में होने वाले जातिगत भेदभाव और पुरुष प्रधान समाज को चुनौती देना था।
कैसे होती है शादी?
यह शादी परंपरिक रीति रिवाजों से बहुत अलग है, क्योंकि इसमें न तो कोई रस्म है, न पंडित और न ही मंत्रोच्चार। इसमें समानता, सहमति और सम्मान को सबसे आगे रखा गया है। यह कुछ-कुछ कोर्ट मैरिज से मिलती-जुलती है, जिसमें खास दोस्तों, परिवार और गवाहों की उपस्थिति में शादी की जाती है। इस दौरान कपल अपनी मर्जी से एक दूसरे माला, चेन या अंगूठी पहनाकर रिश्ता जोड़ सकते हैं। बस इसमें फर्क इतना है कि कोर्ट मैरिज में कानून के मुताबिक एक कान्ट्रैक्ट के तौर पर शादी होती है।
इन राज्यों में मिली है वेडिंग को कानूनी मान्यता
सेल्फ रिस्पेक्ट मूवमेंट की शुरुआत तमिलनाडु से हुई थी, इसलिए इसी राज्य में हिंदू विवाह अधिनियम, 1955 में धारा 7-A को जोड़कर इसे कानूनी मान्यता दी गई है। इसके अलावा, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में यह शादी की जा सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।