डरावने सपने, बात-बात पर गुस्सा और पढ़ाई में गिरावट... 5 संकेत बताते हैं 'डिजिटल ट्रॉमा' से जूझ रहा है आपका बच्चा
इंटरनेट मीडिया से बच्चों को मिलने वाली जानकारियां कई बार नकारात्मक होती हैं, मगर इसकी लत ऐसी है कि छूटती ...और पढ़ें

बच्चों के मन में गहरे घाव छोड़ रहा है 'डिजिटल ट्रॉमा' (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डॉ. हरीश शेट्टी, मुंबई। आज के हाइपर-कनेक्टेड डिजिटल युग में बच्चे कई घंटे स्मार्टफोन और इंटरनेट से जुड़े रहते हैं। इंटरनेट मीडिया पर आए दिन सामने आने वाली नकारात्मक खबरें, साइबरबुलिंग, हिंसा आदि बच्चों में गंभीर ट्रामा, एंग्जायटी और अवसाद को जन्म दे रही है। समझना जरूरी है कि यह डिजिटल ट्रामा बच्चों को गहरे से प्रभावित करता है और एक परिवार के रूप में जरूरी है इससे निपटना। बच्चों को डिजिटल दुनिया से पूरी तरह काटना संभव नहीं है, लेकिन घर में भावनात्मक सुरक्षा, खुला संवाद और सही मार्गदर्शन देकर हम उन्हें इंटरनेट मीडिया के अदृश्य घावों से जरूर बचा सकते हैं।
इंटरनेट मीडिया का ट्रॉमा
जब बच्चे इंटरनेट मीडिया पर किसी व्यक्ति, समुदाय या देश के खिलाफ बुलिंग, नफरत या हिंसा देखते हैं, तो वे 'वाइकेरियस ट्रॉमा' (परोक्ष आघात) का शिकार होते हैं। इसका असर दो तरह से होता है। कुछ बच्चे इसे अंदर ही अंदर महसूस करते हैं और पीड़ित के साथ खुद को जोड़कर देखने लगते हैं, जिससे उनके भीतर डर, अकेलापन, दर्द, तनाव और तरह-तरह के फोबिया घर कर जाते हैं।
दूसरी तरफ, जो बच्चे ऐसी नकारात्मकता या बुलिंग को देखकर मनोरंजन महसूस करते हैं, वे अनजाने में ही वास्तविक जीवन में भी उन लोगों को परेशान करने लगते हैं जिन्हें वे नापसंद करते हैं।
साझा करें अपने अनुभव
वैश्वीकरण के इस दौर में माता-पिता के पास समय की कमी है, लेकिन यहां बातचीत की मात्रा से ज्यादा उसकी गहराई मायने रखती है। बच्चों से सीधे उनके इंटरनेट मीडिया इस्तेमाल के बारे में पूछने पर वे सतर्क हो सकते हैं। इसके बजाय, माता-पिता को पहले अपने इंटरनेट मीडिया अनुभव और वहां देखी गई चीजों के बारे में बच्चों से बात करनी चाहिए। जब माता-पिता खुलेंगे, तो बच्चे भी मन की बात साझा करने के लिए प्रेरित होंगे। बच्चों से हल्की-फुल्की और मजेदार सामान्य बातचीत करके उनके मन की गहराइयों तक पहुंचा जा सकता है।
यदि बदल जाए बच्चे का व्यवहार
जब बच्चे रक्षात्मक हो जाएं, तो उन पर दबाव डालने के बजाय परिवार और स्कूल के सपोर्ट सिस्टम का उपयोग करें। सतर्क शिक्षक स्कूल में बच्चों के व्यवहार में आने वाले बदलावों को जल्दी पकड़ सकते हैं और माता-पिता को संवेदनशील हस्तक्षेप के लिए सूचित कर सकते हैं। यहां यह समझना भी जरूरी है कि अत्यधिक चिंतित, तानाशाही रवैया रखने वाले और हर बात पर अपनी राय थोपने वाले माता-पिता स्थिति को और बिगाड़ सकते हैं। ऐसे माता-पिता को भी सही मार्गदर्शन की जरूरत होती है, जिसके लिए स्कूल की पीटीएम में संवाद और काउंसलिंग बेहद कारगर साबित हो सकती है।
कब लें विशेषज्ञ की मदद
कई बार बच्चे गैजेट्स की ओर इसलिए भागते हैं क्योंकि वे पहले से ही अवसाद, माता-पिता के आपसी झगड़ों, लर्निंग डिसेबिलिटी, पढ़ाई के तनाव या दोस्तों और शिक्षकों के साथ चल रही समस्याओं से जूझ रहे होते हैं। ऐसे मामलों में केवल फोन छीनना समाधान नहीं है, बल्कि मूल कारण का इलाज जरूरी है। जब बच्चे की मोबाइल पर निर्भरता गंभीर स्तर पर पहुंच जाए और सामान्य उपायों से सुधार न हो, तो बिना देरी किए विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए। गंभीर स्थितियों में दवाओं के साथ-साथ नियमित काउंसलिंग की सुविधा भी उपलब्ध होती है।
नजरअंदाज न करें ये संकेत
- लंबे समय तक उदास या गुमसुम रहना और छोटी-छोटी बातों पर चिड़चिड़ा होना।
- रात में डरावने सपने आना और नींद का पैटर्न बिगड़ना।
- दोस्तों को घर बुलाने में शर्म महसूस करना या सामाजिक रूप से कट जाना।
- अत्यधिक गुस्सा, आक्रामकता या शत्रुतापूर्ण व्यवहार दिखाना।
- खुद को बेकार या निराश महसूस करना और पढ़ाई में अचानक गिरावट आना।
ऐसे करें बिना क्लेश के डिजिटल डिटॉक्स
रात के समय घर के सभी सदस्यों के फोन अलग कमरे में रखें। दिन या रात में दो से चार घंटे के लिए सभी फोन एयरप्लेन मोड पर करके माता-पिता आपस में तथा बच्चे माता-पिता को फोन दें। इससे धीरे-धीरे फोन देखने की आदत कम होने लगती है। जहां बच्चों के साथ रिश्ते अच्छे हैं, वहां लगातार बातचीत और आपसी सहमति से फोन का उपयोग कम करने की कोशिश करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।