मोबाइल हटाओ तो खाना छोड़ देते हैं बच्चे? पेरेंट्स इस आदत को बदलने के लिए एक बार जरूर आजमाएं ये तरीके
आजकल बच्चे बिना फोन देखे खाना नहीं खाते, ऐसे में पेरेंट्स इस आदत को छुड़ाने के लिए ये टिप्स फॉलो कर सकते हैं।

खाना खाते समय बच्चों की स्क्रीन देखने की आदत इन तरीकों से छुड़ाएं (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। एक समय था जब बच्चों को दादा-दादी की कहानी सुनने में बड़ा मजा आता था और आज हाल यह है कि फोन की स्क्रीन देखे बिना उनका मनोरंजन ही अधूरा है। आजकल कई बच्चे बिना फोन देखे खाना ही नहीं खा रहे हैं, ऐसे में पेरेंट्स के सामने यह बड़ी चिंता है कि कैसे उनकी यह बुरी आदत से पीछा छुड़ाया जाए। आइए आपको ऐसे कुछ टिप्स बताते हैं जिन्हें फॉलो करके आप इस परेशानी से छुटकारा पा सकते हैं।
कहानी सुनाने का सिलसिला फिर से शुरू करें
जिस तरह पहले के समय में दादी-नानी की कहानियां सुनकर हम बड़े हुए, उस सिलसिले को फिर से शुरू करें। इस बात का ध्यान रखें कि बच्चों को उनके जमाने की रोचक कहानी सुनाएं, जिससे सारा फोकस धीरे-धीरे करके फोन की स्क्रीन से हटकर स्टोरीज सुनने पर आ जाए। यह तरीका सबसे आसान और असरदार साबित हो सकता है।
परिवार के साथ बैठकर खाएं
बच्चों का अकेले खाना स्क्रीन देखने की सबसे बड़ी वजह है, इससे बचने के लिए आप परिवार के साथ खाने की आदत डालें। इस दौरान आपस में बातचीत और हंसी-मजाक उन्हें फोन की याद ही नहीं आने देंगे।
खुद भी फोन इस्तेमाल न करें
बच्चे बड़ों का अनुसरण करते हैं और हम इस बात से इनकार नहीं कर सकते। अगर पेरेंट्स ज्यादातर समय फोन में बिताते हैं, तो बच्चा भी उनकी इसी आदत को दोहराएगा। इसके लिए पूरे परिवार का एक नियम बना दें कि खाने के वक्त कोई फोन नहीं इस्तेमाल करेगा।
कोई आकर्षक खिलौना सामने रखें
बच्चे का सबसे पसंदीदा खिलौना या कोई नया रंग-बिरंगा खिलौना जो उन्हें पसंद हो, उनके सामने रख दें। टॉय को रखकर ऐसा महसूस कराएं कि वह भी बच्चे के साथ बराबर खाना खा रहा है।
खाने को अट्रैक्टिव बनाएं
रोटियां बनाते समय उन्हें अलग-अलग आकार दें, कभी स्माइली, कभी स्टार, कभी टेडी बेयर। इसके अलावा, रंग-बिरंगी सब्जियां और फल काटकर उसे थाली में इस तरह सजाएं कि वो आकर्षक लगे।
तेज भूख लगने दें
बच्चा अगर भूखा नहीं होगा, तो खाने में सबसे ज्यादा आनाकानी करता है। इस बात का ध्यान रखें कि डिनर या लंच से पहले उसने बाहर का कोई पैकेट फूड न खाया हो, ताकि तेज भूख में खाने के आगे उसे कुछ दिखाई न दे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।