History Of Pakora: शाही खानपान में शामिल पकौड़े का क्या है रोचक इतिहास, जानिए इससे जुड़ी दिलचस्प बातें
History Of Pakora देश भर में कई तरह के पकौड़े बनाए जाते हैं। विभिन्न प्रकार की सब्जियों से लेकर अंडे मांस और यहां तक कि मछली से भी पकौड़े तैयार किए जाते हैं। लेकिन आलू और प्याज के पकौड़े भारत में सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं।

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। History Of Pakora: घर में मेहमानों के स्वागत का सबसे आसान तरीका है, उनके लिए गरमागरम और जायकेदार पकौड़े बनाना। पकौड़ा भारत में खाया जाने वाला सबसे लोकप्रिय व्यंजन है। खासतौर पर बारिश के मौसम में पकौड़े खाने का अपना अलग ही मजा होता है।
आलू, गोभी, पनीर, पालक, प्याज और ब्रेड के पकौड़े चटनी के चटकारों के साथ हर किसी को पसंद हैं। पकौड़े न सिर्फ हमारे घरों में बनते हैं, बल्कि यह एक पसंदीदा स्ट्रीट फूड भी है। आपको हर बाजारों में कई जगह पकौड़ो के स्टॉल पर अपनी बारी के इंतजार में कतार खड़े लोग दिख ही जाते होंगे। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि चटपटे पकौड़े भारत में आखिर कैसे पहुंचे? तो चलिए जानें इसका रोचक इतिहास…
चटपटे पकौड़े का क्या है इतिहास
पकौड़े के इतिहास पर नजर डालें, तो इसका जिक्र तमिल संगम साहित्य में मिलता है। विनीत भाटिया की किताब 'रसोई' के एक अंश के अनुसार, पकौड़े के बारे में बताया गया है कि "पकौड़े को पहले परीका के नाम से जानते थे। उस समय इसे बहुत अलग तरीके से तैयार किया जाता था। कई जगहों पर तेल में तली हुई दाल या कुरकुरी तली हुई सब्जियों को पकौड़ा कहा जाता था।
मुगल काल से है पकौड़े का गहरा संबंध
मुगल काल पाक इतिहास के लिए भी मशहूर है। मुगल दौर के शाही खानपान में पकौड़े शामिल थे। उस समय विभिन्न प्रकार के पकौड़े बनाए जाते थे। जैसे-अंडा पकौड़ा, मटन पकौड़ा, चिकन पकौड़ा आदि। ये शाही थाली में परोसे जाते थे। इन्हें पहले 'पक्कावत' के नाम से जाना जाता था। पक्कावत दो शब्दों से बना है 'पक्वा' यानी पका हुआ और 'वात' मतलब छोटे टुकड़े। बाद में इन तले हुए पकौड़ों को 'पकौड़ा' के रूप में जाना जाने लगा।
पुर्तगाली लाए आलू-प्याज के पकौड़े
कहा जाता है कि पुर्तगाली ही थे, जिनकी वजह से हम आलू-प्याज के पकौड़े खा पाते हैं, क्योंकि वे 16वीं शताब्दी में भारत में आलू लेकर आए थे। देश भर में कई तरह के पकौड़े बनाए जाते हैं। विभिन्न प्रकार की सब्जियों से लेकर अंडे, मांस और यहां तक कि मछली से भी पकौड़े तैयार किए जाते हैं। लेकिन आलू और प्याज के पकौड़े भारत में सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं। इसके अलावा अन्य देशों में भी लोग इस डिश को खूब पसंद करते हैं। स्ट्रीट फूड के तौर पर बेचे जाने वाले इन पकौड़ों का स्वाद काफी जायकेदार होता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।