Most Expensive Fruits: ये हैं दुनिया के 6 सबसे महंगे फल, जिनकी कीमत सुनकर हैरान हो जाएंगे आप
Most Expensive Fruits गर्मियों के मौसम में स्वस्थ रहने के लिए आप अपने खानपान में कई तरह के बदलाव करते हैं। इस मौसम में कई सारे अनोखे फल और सब्जियां मिलती हैं जिन्हें खाने से आप कई बीमारियों से बच सकते हैं। लेकिन महंगाई के कारण लोग इन फलों से वंचित रह जाते हैं। लेकिन क्या आप जानते कुछ ऐसे भी फल है जिन्हें हर कोई नहीं खरीद सकता है।

नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। Most Expensive Fruits: फल हमारे आहार का जरूरी हिस्सा है। ये अपने स्वाद और पौष्टिक गुण दोनों के लिए महत्वपूर्ण माने जाते हैं। फलों में कैलोरी की मात्रा कम होती हैं, ये विटामिन्स और खनिजों से भरपूर होते हैं, जो हमारे स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं।
वैसे भी बाजार में फल काफी महंगे मिलते हैं, इन्हें खरीदने के लिए लोगों को सौ बार सोचना पड़ता है। लेकिन क्या आप जानते हैं, दुनिया में कुछ ऐसे भी फल है, जिन्हें मिडिल क्लास फैमली के लिए भी खरीदना संभव नहीं है। ऐसे में आज आपको कुछ ऐसे फलों के बारे में बताएंगे, जिनकी कीमत सुनकर आप हैरान हो जाएंगे। आइए जानते हैं, दुनिया के सबसे महंगे फलों के बारे में...
युबारी खरबूजा
युबारी खरबूजा दुनिया का सबसे महंगा फल माना जाता है। यह सिर्फ जापान में उगाया जाता है। यह फल जापान के होक्काइडो द्वीप पर उत्पन्न हुआ था। इसका नाम युबारी में ग्रीनहाउस के नाम पर रखा गया था, जहां पहली बार इसकी खेती की गई थी। इन खरबूजों का आकार बिल्कुल गोल होता है और छिलका भी चिकना होता है।
ये नरम और मीठे खरबूजे काफी कीमती होते हैं। लोग इस फल को त्योहार के दौरान तोहफे के रूप में भी देते हैं। रिपोर्ट के अनुसार 2008 में दो युबरी किंग खरबूजे 30,000 डॉलर में बेचे गए, जिससे ये दुनिया के सबसे महंगे फल बन गए।
यो फल सीमित मात्रा में उगाए जाते हैं और इन्हें विशेष ध्यान और देखभाल की आवश्यकता होती है। इन फलों को कोई हानि न हो, इसलिए प्रत्येक फल की सुरक्षा के लिए कागज में लपेटा जाता है । इस फल का इस्तेमाल कई व्यंजनों में भी किया जाता है। यह फल अपने स्वादिष्ट स्वाद और अनूठी विशेषताओं के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है।
डेंसुके तरबूज
भारत में गर्मियों के मौसम में तरबूज खूब मिलते हैं, लेकिन डेंसुके तरबूज की खेती मुख्य रूप से जापान के उत्तर पूर्वी द्विप पर होती है। इसे काला तरबूज के नाम से भी जाना जाता है। इसका वजन लगभग 11 किलोग्राम तक होता है और इसके छिलके पर कोई धब्बे या धारियां नहीं होती हैं। अन्य तरबूजों की तुलना इसका स्वाद थोड़ा मीठा होता है।
आमतौर पर, एक काले डेंसुके तरबूज की कीमत 250 डॉलर होता है। लेकिन 2008 में, जापान में एक रिकॉर्ड बनाया गया था, जब इस फल को 6,100 डॉलर में बेचा गया था। यह फल भी केवल जापान के होक्काइडो द्वीप पर ही उगाया जाता है।
रूबी रोमन ग्रेप्स
रूबी रोमन अंगूर दुनिया के सबसे महंगे फलों में से एक है। यह फल भी जापान में ही पाया जाता है। यह भारत में बिकने वाले अंगूर से तीन-चार गुना बड़ा होता है। इस अंगुर का वजन 20 ग्राम या इससे अधिक होता है। अगर आप 26 प्रीमियम क्लास के रूबी रोमन अंगूर खरीदते हैं तो आपको तकरीबन 8,400 डॉलर देने होंगे।
लॉस्ट गार्डन ऑफ हेलिगन, अनानास
यह दुनिया के सबसे महंगे फलों में से एक है। इस फल को इंग्लैंड के ‘लॉस्ट गार्डेन ऑफ हेलिगन’ में उगाया जाता है। ये अनानास एक अनोखे वातावरण में उगाए जाते हैं जिसे अनानास गड्ढे के रूप में जाना जाता है, इसे 18 वीं शताब्दी में विक्टोरियन बागवानों द्वारा बनाया गया था। यह अनानास के विकास के लिए एक गर्म और नम वातावरण प्रदान करता है। एक अनानास की कीमत लगभग 1500 डॉलर से अधिक है।
सेम्बिकिया क्वीन स्ट्रॉबेरी
स्ट्रॉबेरी अपने अनूठे स्वाद और बनावट के लिए काफी लोकप्रिय फल है। लेकिन जब सेम्बिकिया क्वीन स्ट्रॉबेरी की बात आती है, इसकी लोकप्रियता और बढ़ जाती है। यह फल भी जापान में उगाई जाती है। ये प्रीमियम स्ट्रॉबेरी बारह के पैक में बेची जाती हैं, इसकी कीमत 85 डॉलर है।
डेकोपोन साइट्रस
डेकोपोन साइट्रस में बीज नहीं होता है और इस फल का स्वाद काफी मीठा होता है। पहली बार इस फल की खेती 1972 में की गई। हालांकि, ये फल आसानी से नहीं मिलते हैं। जापान में इस फल की खेती मुख्य रूप से होती है। ये छह के पैक में बेचे जाते हैं और इसकी कीमत 80 डॉलर है।
Pic Credit: Freepik
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।