Hindi Diwas Speech 2020: हिन्दी दिवस के मौके पर प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कैसे करें स्पीच तैयार- जानिए
Hindi Diwas Speech 2020 आप भी हिन्दी दिवस के मौके पर प्रतियोगिता में भाग लेने की सोच रहे हैं तो हम आपको बताते हैं कि कैसे इस दिन भाषण या निबंध लिखना है।
नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। भारत में हिन्दी दिवस की शुरूआत 14 सितंबर 1953 में हुई थी, तब से आज तक हर साल 14 सितंबर को हिन्दी दिवस के रूप में मनाया जाता है। भारत में इस साल 68वां हिन्दी दिवस मनाया जाएगा। भारत में कई भाषाएं बोली जाती है, लेकिन सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा हिन्दी है। हिन्दी दिवस को स्कूल, कॉलेज और ऑफिस में सेलिब्रेट किया जाता है। इस दिन को सेलिब्रेट करने के लिए लोग हिन्दी दिवस प्रतियोगिता में भाग लेते हैं और पुरस्कार भी पाते थे। आप भी हिन्दी दिवस के मौके पर प्रतियोगिता में भाग लेने की सोच रहे हैं तो हम आपको बताते हैं कि कैसे इस दिन भाषण या निबंध लिखना है। हिंदी दिवस पर भाषण का ड्राफ्ट देखकर आप आसानी से हिंदी दिवस पर भाषण लिख सकते हैं। आइये जानते हैं हिंदी दिवस पर भाषण कैसे लिखें।
स्पीच की शुरूआत
प्रतियोगिता में मौजूद सभी अतिथिगण को मेरा नमस्कार, मैं तानिया हूं। हिन्दी दिवस के खास मौके पर आज खुद को इस प्रतियोगिता में शामिल करके मैं गर्व महसूस कर रही हूं। साथियों जैसा की हम सभी जानते हैं कि हम लोग हिन्दी दिवस के खास मौके पर हिन्दी भाषा के सम्मान को बढ़ाने के लिए आज यहां एकत्रित हुए है।
जैसा कि हम सभी जानते हैं कि हिन्दी दिवस पिछले 67 सालों से 14 सितंबर के दिन हर साल सेलिब्रेट किया जाता है। इसी दिन हिन्दी भाषा को संवैधानिक रूप से भारत की आधिकारिक भाषा का दर्जा मिला था। दो सौ साल की ब्रिटिश राज की गुलामी से आजाद होने के बाद भारतीयों ने सपना देखा था, कि एक दिन पूरे देश की एक ही भाषा होगी, जिसके जरिए देश के कोने-कोने में वाद-संवाद होगा। संविधान निर्माताओं ने देवनगरी में लिखी हिन्दी भाषा को देश की भाषा के रूप में स्वीकार किया।
संविधान निर्माताओं ने तय किया था कि जब तक हिन्दी भाषा पूरे देश की संपर्क भाषा नहीं बन जाती तब तक अंग्रेजी भी देश की आधिकारिक भाषा रहेगी।
अंग्रेजी, स्पेनिश और मंदारिन भाषा के बाद हिंदी चौथी ऐसी भाषा है जो दुनिया में सबसे ज्यादा बोली जाती है। हिंदी दिवस पर हर साल, भारत के राष्ट्रपति दिल्ली में एक समारोह में, हिंदी भाषा में अतुलनीय योगदान के लिए लोगों को राजभाषा पुरस्कार से सम्मानित करते हैं।
जैसा कि हम सभी जानते हैं कि हिंदी दिवस आधिकारिक भाषा के प्रचार और प्रसार के लिए समर्पित दिन है। भारत में हिंदी एक मात्र ऐसी भाषा है, जिसे सबसे अधिक बोला, लिखा व पढ़ा जाता है।
हिंदी दिवस के इतिहास की अगर हम बात करें तो 14 सितंबर, 1949 को, भारत की संविधान सभा ने हिंदी को नवगठित राष्ट्र की आधिकारिक भाषा के रूप में अपनाया था।
हम में से कई लोग ऐसे भी होंगो जिन्हें ये पता नहीं होगा कि हिंदी दिवस कैसे मनाया जाता है? मैं आपको बताती हूं कि भारत में हिन्दी दिवस कैसे मनाया जाता है।
इस दिन भारत में सभी स्कूल, कॉलेज और कार्यालयों में हिंदी में साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है जिसमें इच्छुक छात्र हिस्सा लेते हैं।
देश के पहले प्रधान मंत्री, जवाहरलाल नेहरू ने 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाने का फैसला किया। हिंदी भाषा के बारे में मैं आपको बताना चाहूंगी कि ‘हिंदी’ भाषाओं के इंडो-यूरोपीय परिवार की इंडो-आर्यन शाखा से संबंधित है। अंग्रेजी के साथ हिंदी, भारत की आधिकारिक भाषा है। हिंदी वह भाषा थी, जिसे स्वतंत्रता के संघर्ष के दौरान देश भक्तों और भारतीय नेताओं ने राष्ट्र की पहचान के रूप में अपनाया था। बारहवीं शताब्दी के बाद से हिंदी को साहित्यिक भाषा के रूप में उपयोग किया जाता है। तो चलिए आज खास दिन पर एक लहर की शुरुआत करें, अपनी मातृभाषा को राष्ट्रभाषा बनाने के लिए जय हिन्द जय हिंदी।
Written By: Shahina Noor
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।