वर्क फ्रॉम होम हुआ पुराना, अब कॉर्पोरेट में आया 'Hush Trips' का जमाना; बॉस से छिपकर लोग अपना रहे ये ट्रेंड
कॉर्पोरेट वर्ल्ड में वर्क फ्रॉम होम के बाद अब 'हश ट्रिप्स' का नया चलन बढ़ रहा है।

क्या है हश ट्रिप्स का ट्रेंड? (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कोरोना महामारी के बाद कॉर्पोरेट वर्ल्ड में वर्क फ्रॉम होम या हाइब्रिड वर्क कल्चर का चलन काफी बढ़ गया है। लोग दफ्तर न आकर अपने घरों से काम करने लगे हैं, लेकिन वर्क कल्चर या ये नया तरीका अब एक और कदम आगे निकल चुका है, जिसे हश ट्रिप्स कहा जाता है।
ये नया ट्रेंड कर्मचारियों और मैनेजमेंट के बीच बहस का एक मुद्दा बना हुआ है। आइए जानें क्या है ये हश ट्रिप्स का ट्रेंड।
क्या है हश ट्रिप्स ट्रेंड?
इसके नाम से ही आप समझ सकते हैं चुपके से की गई ट्रिप। इसमें कर्मचारी अपने बॉस या HR को बताए बिना किसी टूरिस्ट या हॉलीडे डेस्टिनेशन पर चला जाता है और वहीं से ऑफिस का काम पूरा करता है।
इसमें कर्मचारी अपनी छुट्टियों का इस्तेमाल नहीं करता और वर्किंग दिनों पर ही मीटिंग्स और ऑफिस के दूसरे कामों को ऐसे शामिल करता है कि बैकग्राउंड या बातचीत से बॉस ऐसा अंदाजा ही न लगा सके कि वह अपने घर पर नहीं, बल्कि किसी हॉलीडे डेस्टिनेशन पर है।
क्यों मशहूर हो रहा है ये ट्रेंड?
आजकल लोग अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ में बैलेंस बनाने के लिए नए-नए तरीके खोज रहे हैं। हश ट्रिप्स भी इसी का एक तरीका है। लंबे समय तक एक ही जगह बैठकर काम करने से मानसिक थकान होती है। इसलिए किसी नए माहौल में जाकर काम करना काफी रिफ्रेशिंग महसूस होता है।
साथ ही, कर्मचारी अपनी पेड लीव्स को बचाना चाहते हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर वे पूरी तरह काम से ब्रेक ले सकें। इसके अलावा, वर्किंग आवर्स के बाद घूमने का मौका मिल जाता है, जिससे काम भी प्रभावित नहीं होता और घूमना भी हो जाता है।
कंपनियों के लिए चिंता
भले ही ये ट्रेंड कर्मचारियों को काफी पसंद आ रहा है, लेकिन कंपनियां इसकी इतनी फैन नहीं हैं। हश ट्रिप्स उनके लिए थोड़ा जोखिम भरा हो सकता है। जैसे- किसी ट्रिप पर अगर किसी कर्मचारी ने पब्लिक वाई-फाई का इस्तेमाल किया काम के दौरान, तो हैकिंग या डेटा ब्रीच होने का रिस्क रहता है। इसके कारण कंपनी को काफी नुकसान हो सकता है।
इसके अलावा, किसी भी कंपनी में कर्मचारी और बॉस के बीच ट्रांसपेरेंसी और कम्युनिकेशन सबसे अहम होता है। अगर कर्मचारी ऐसा रवैया अपना रहे हैं और बॉस को बाद में पता चलता है, तो कर्मचारी पर भविष्य में विश्वास कम हो सकता है और बात उसकी नौकरी पर भी आ सकती है।
