Black Friday पर क्यों शॉपिंग से मुंह मोड़ रहे Gen-Z... क्या है सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा 'नो-बाय चैलेंज'?
ब्लैक फ्राइडे सेल के बावजूद Gen-Z 'नो-बाय चैलेंज' अपनाकर खरीदारी से बच रहे हैं।

80% डिस्काउंट के ऑफर भी नहीं पिघला पा रहे Gen-Z का दिल (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। हर साल नवंबर के आखिरी हफ्ते में 'ब्लैक फ्राइडे' आते ही मार्केट और शॉपिंग ऐप्स पर भारी डिस्काउंट की बाढ़ आ जाती है (Black Friday Sale)। मोबाइल की स्क्रीन पर 50 से 80 प्रतिशत तक की छूट, फ्लैश सेल और 'सिर्फ कुछ घंटे बाकी हैं' जैसे नोटिफिकेशन लोगों को खरीदारी के लिए उकसाते हैं।
हालांकि, इस बार सोशल मीडिया की तस्वीर कुछ बदली-बदली सी नजर आ रही है। जहां एक तरफ कंपनियां सामान बेचने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ Gen-Z के बीच नो-बाय चैलेंज (No-Buy Challenge) तेजी से ट्रेंड कर रहा है।

डिलीवरी बॉक्स के पास बैठकर फोन पर शॉपिंग को ना कहती युवती। (AI जनरेटेड तस्वीर)
क्या है नो-बाय चैलेंज?
अगर आप सोच रहे हैं कि इस चैलेंज में कुछ भी खरीदना मना है, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है। इसका मतलब संन्यासी बनना नहीं, बल्कि स्मार्ट बनना है। इस रूल के तहत युवा एक तय समय के लिए, सिर्फ जरूरी चीजों पर ही पैसा खर्च करते हैं। राशन, रेंट, ट्रैवल या रोज की चाय-कॉफी पर कोई रोक नहीं है, लेकिन अलमारी में पहले से पड़े 10 कपड़ों के बावजूद 11वीं हुडी खरीदना या सिर्फ 'अच्छा दिख रहा है' सोचकर रूम डेकोर का सामान ऑर्डर करने पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया जाता है।
शॉपिंग से क्यों बच रहे Gen-Z?
अब सवाल ये है कि आखिर हर ट्रेंड को सबसे पहले फॉलो करने वाली Gen-Z शॉपिंग से क्यों भाग रही है? इसकी पहली और सबसे कड़वी वजह है जेब का हाल और यूपीआई का इस्तेमाल। आज के दौर में एक क्लिक या क्यूआर कोड स्कैन करते ही पैसे अकाउंट से हवा हो जाते हैं।
महीने की 15 तारीख आते-आते जब बैंक बैलेंस डराने लगता है, तो समझ आता है कि असली सुकून नए जूतों में नहीं, बल्कि सेफ सेविंग्स में है। युवा अब समझ चुके हैं कि महंगाई के इस दौर में शो-ऑफ करने से बेहतर है अपने पैसों पर कंट्रोल रखना।
फर्जी डिस्काउंट के झांसे में नहीं आती ये पीढ़ी
दूसरी बड़ी वजह यह है कि अब Gen-Z को मार्केटिंग के नाम पर बेवकूफ बनाना आसान नहीं है। इंटरनेट के इस दौर में हर कोई जानता है कि कई ब्रांड्स सेल से एक हफ्ते पहले दाम बढ़ा देते हैं और फिर ब्लैक फ्राइडे पर वही पुराना रेट 'भारी डिस्काउंट' के नाम पर चिपका देते हैं। ऊपर से 'ओनली 2 लेफ्ट इन स्टॉक' वाले मैसेज देखकर अब युवाओं को एक्साइटमेंट नहीं, बल्कि चिढ़ होती है। उन्हें साफ दिखता है कि कंपनियां जानबूझकर फोमो क्रिएट कर रही हैं, और यंग ऑडियंस अब इस ट्रैप में फंसने के मूड में बिल्कुल नहीं है।
'कम सामान, ज्यादा सुकून' है नया ट्रेंड
इसके अलावा, देर रात की बोरियत वाली शॉपिंग से भी अब लोग ऊब चुके हैं। कुछ समय पहले तक सोशल मीडिया पर बड़े-बड़े शॉपिंग बैग्स के साथ 'हॉल वीडियो' बनाना बड़ा ट्रेंड था, लेकिन अब हवा का रुख बदल गया है। देर रात तनाव या बोरियत में ऑर्डर किया गया सामान जब घर आता है, तो दो दिन की खुशी के बाद सिर्फ पछतावा और कमरे में फालतू सामान का ढेर बचता है। यही वजह है कि अब 'कम सामान, ज्यादा सुकून' वाली वाइब इंटरनेट पर छाई हुई है।
कुल मिलाकर, 'नो-बाय चैलेंज' किसी कंजूसी का नाम नहीं, बल्कि अपनी शर्तों पर जीने का नया अंदाज है। Gen-Z का मानना है कि असली स्टाइल डिस्काउंट के पीछे भागने में नहीं, बल्कि यह तय करने में है कि आपकी मेहनत की कमाई कहां खर्च होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।