विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘इक-इक में दुई लगाई देबो..’ बारात विदा होते ही गूंजते हैं अवधी के नकटा गीत! ससुर-जेठ बन नकटौरा करती हैं महिलाएं

Published: Tue, 17 Nov 2026 04:10 PM (IST)

अवध क्षेत्र में बेटे की बारात विदा होने के बाद महिलाएं नकटा गीत गाती हैं, जिसमें वे पुरुषों की नकल कर नाटक करती हैं।

बारात के जाने के बाद नकटौरा करती महिलाएं (Image Source: AI Generated)

बारात के जाने के बाद नकटौरा करती महिलाएं (Image Source: AI Generated)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। आयोध्या से अवध और अवध से निकली है अवधि, एक ऐसी भाषा जो किसी के भी दिल को छू जाए। पर इसकी असली मिठास आम बोलचाल में नहीं, लोकगीतों में छिपी हुई है, फिर चाहे किसी को बुरा-भला ही क्यों न कहा जा रहा हो। नकटा अवधि गीतों की ऐसी ही शैली है, जिसका दूसरा नाम नकटौरा भी है। आइए यूपी के अवध क्षेत्र की इस गायन शैली के बारे में जानते हैं: 

नकटा गीत क्या हैं? 

लोकगीत हर अवसर, हर ऋतु और भावनाओं को केंद्र में रखकर गाए जाते हैं। इन्हीं में नकटा वो गीत हैं जो बेटे की शादी के मौके पर बारात के विदा होने के बाद रात के समय शुरू होते हैं। आप सोच रहे होंगे कि ये गीत नकटा क्यों कहलाए, तो यह शब्द नाटक से पहले नटका हुआ और बाद में बिगड़कर नकटा हो गया। अब क्योंकि इसकी जड़ें नाटक से जुड़ी हुई हैं, इसलिए इन गीतों को गाते समय महिलाएं नाटक भी करती हैं। 

बारात के जाने के बाद नकटौरा करती हैं महिलाएं

पहले के समय में महिलाएं बेटे की शादी में नहीं जाती थीं, सारे घर के पुरुष जब बारात लेकर घर से विदा होते थे तब महिलाएं आजादी से घर में रहकर खूब मजाक-मस्ती के साथ नकटौरा किया करती थीं। इसमें गीत भी थे, नृत्य भी और मजेदार नाटक भी। वहीं, इसकी दूसरी वजह भी थी क्योंकि घर के पुरुष चले जाते थे, इससे चोरी-डकैती का डर रहता था। 

ऐसे में महिलाएं रातभर जागकर मनोरंजन के साथ अपनी सुरक्षा भी कर लेती थीं। समय के साथ नकटा गीत अवध की परंपरा ही बन गए, जिसे बेटे की शादी में शौक से किया जाने लगा। हालांकि, इसका चलन मॉडर्न जमाने के साथ अब कम होता जा रहा है। 

पुरुषों के भेष में जमती थी महफिल 

महिलाएं के पास बारात को विदा करने के बाद पुरुषों की नकल करने का मानो यह सुनहरा मौका होता है, जब वो पुरुषों के भेष में कभी जेठ बनकर, कभी देवर तो कभी ससुर बनकर नाटक-नौटंकी करती हैं। इतना ही नहीं, वो इस दौरान अपने पड़ोसी, सब्जीवाले, धोबी, चूड़ीवाले किसी को नहीं छोड़तीं। जब तक बारात लौटकर नहीं आती, तब तक रात में यही प्रोग्राम होता है। 

चुलबुले और छेड़छाड़ भरे होते हैं नकटा गीत 

हास्य-व्यंग्य से भरपूर ये गीत माहौल को एकदम हल्का कर देते हैं, अब इस गीत को देख लीजिए - ‘आवे दा मोरे बारे बलमवा के आवे दा.... इक इक में दुई दुई लगाई देबो हाँ इक इक में….’ या फिर रस घोर घोर पियवा के बोलिया लागेला रस घोर घोर... ऐ हो सासु के बोलिया कैसन लागेला ऐ हो सासु....। इन गीतों में हंसी ठिठोली के साथ रोजमर्रा के रिश्तों की नोंक-झोंक भी खूबसूरती से देखने को मिलती है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।