रे वीरा गुड़ की भेली लाई... भात न्योतने की रस्म में रौनक जमाता है ये हरियाणवी लोकगीत, हंसी-ठिठोली भरे हैं बोल
हरियाणा में ब्याह का असली रंग डीजे के कानफोड़ू शोर से नहीं, बल्कि घूंघट की आड़ से गाए जाने वाले ठेठ लोकगीतों से जमता है।

हरियाणवी शादियों का यह लोकगीत सुनकर, मायके की आ जाएगी याद (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। शादी की शहनाइयां हों या ढोलक की थाप, जब तक हरियाणवी लोकगीतों की तान न छेड़ी जाए, तब तक हर जश्न अधूरा-सा लगता है। खासकर बात जब 'भात' जैसी अहम रस्म की हो, तो हरियाणवी महिलाओं के पास गीतों का एक ऐसा खजाना है, जो सीधे दिल में उतर जाता है।
आज हम आपको एक ऐसे ही पारंपरिक हरियाणवी लोकगीत के बारे में बताने जा रहे हैं, जो भात न्योतने की रस्म से जुड़ा है और हर शादी वाले घर की रौनक है। जी हां, गीत के बोल हैं- "रे वीरा गुड़ की भेली लाई, मैं भात न्योतने आई..."। ढोलक की थाप और महिलाओं की तालियों के बीच इस गाने में पिरोए गए ठेठ हरियाणवी शब्दों के असली मायनों पर शायद ही किसी ने गौर किया हो, लेकिन इसके पीछे एक गहरी भावना और भाई-बहन का अटूट प्यार छिपा है।
दरअसल, इस मस्ती भरे और जज्बातों से ओतप्रोत गीत की तह में उतरें, तो भात की अहमियत और एक बहन की अपने भाई से मीठी शिकायतों का खूबसूरत ताना-बाना नजर आता है। आइए, इस सदाबहार लोकगीत के दिलचस्प पहलुओं को करीब से समझते हैं।

(Image Source: AI-Generated)
'रे वीरा गुड़ की भेली लाई...' का असल मतलब
यह गाना हरियाणा की पारंपरिक लोक गायन शैली में रचा गया एक बेहद प्रसिद्ध गीत है। हरियाणा और उत्तर भारत में शादी से पहले बहन अपने मायके जाकर भाई और चाचा-ताऊ को भात का न्योता देती है। इस न्योते में 'गुड़ की भेली' देने का पुराना रिवाज है, जिसे एक बेहद शुभ शगुन माना जाता है।
इस लोकगीत की सबसे मशहूर पंक्तियां कुछ इस प्रकार हैं:
"रे वीरा गुड़ की भेली दे दे, चाचा ताऊओ के भात न्योत दूं।
हे जीजी गुड़ की भेली ना मिलती, चाहे बिक जा घर की हवेली।
ए जी इब के टाल करे ना, आगे ने ब्याह सगाई..."
इन पंक्तियों में एक बहन के अधिकार और लाड़ को दर्शाया गया है, जो हर हाल में अपने मायके वालों को न्योता देना चाहती है। वह कहती है कि आगे घर में ब्याह-सगाई है, इसलिए अब कोई टाल-मटोल नहीं चलेगा।
देहाती जीवन और भाई का अपनी बहन के लिए प्यार
इस गीत में भाई का अपनी बहन के प्रति प्रेम भी बड़ी खूबसूरती से झलकता है। बहन शिकायत करती है कि 7 साल हो गए तब जाकर उसे पीहर की याद आई, और उसे चाचा-ताऊ की चौखट तो दिखी, लेकिन भाई की देहली नजर नहीं आई। इसी बीच जब भाई की नजर अपनी बहन पर पड़ती है, तो वह झोली देखकर उसे बुलाता है और अपनी पत्नी से कहता है:
"रे गोरी जल्दी तपो रसोई मेरी बहन मिलन ने आई।"
यह पंक्ति संयुक्त परिवार की उस गर्माहट को दिखाती है, जहां एक भाई थका-हारा होने के बावजूद अपनी बहन की आवभगत में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहता। जब बहन ताना मारती है कि:
"हो बीरा 15 सो का भात भर आया, तूं फिर भी भूखा आया", तो भाई बड़ी मासूमियत से जवाब देता है कि वह सीधे बाहर से चला आया ताकि अपनी बहन से मिल सके।

(Image Source: AI-Generated)
भाभी के ताने और पुरानी बातों को भुलाने की सीख
गाने के अंत में देहाती महिलाओं की समझदारी और रिश्तों को सहेजने की बड़ी व्यावहारिक सीख छिपी है। बहन अपने भाई से इमोशनल होकर पूछती है- "हे बीरा लड्डू खाकर मरता, तो कौन मेरा आदर करता।"
तभी महफिल में बैठी दूसरी महिलाएं या सहेलियां समझाती हैं:
"हे जीजी उन्न बाता ने भूल जा, रे होगी बात पुरानी।
जीजी तेरी भावज से मत ना कहिए, तने देगी रोज उलहाने।"
ये चुलबुले बोल दर्शाते हैं कि ननद और भाभी का रिश्ता कैसा होता है। बड़ी औरतें समझाती हैं कि पुरानी बातों पर मिट्टी डालो और अपनी भाभी से ये सब शिकायतें मत करना, वरना वो रोज 'उलहाने' यानी ताने देगी।
इस गीत के शब्द इतने ठेठ हैं कि यह तुरंत जुबान पर चढ़ जाता है। यह लोकगीत सिर्फ भात न्योतने की रस्म का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह महिलाओं को घूंघट की आड़ में भी अपनी खुशी, गिले-शिकवे और हंसी-मजाक जाहिर करने का एक बेहतरीन जरिया देता है। आज भी शादियों में जब महिलाएं ढोलक लेकर बैठती हैं, तो इस गीत को गाए बिना भात की महफिल अधूरी ही मानी जाती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।