सख्त और पिचके तकिए पर सोकर अकड़ गई है गर्दन? 3 ट्रिक्स से बनाएं फिर से एकदम गुदगुदा, मिलेगी अच्छी नींद
पुराना और पिचका तकिया अक्सर गर्दन दर्द और खराब नींद का कारण बनता है।

बेकार तकिए की वजह से करवटें बदलते कटती है रात? (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। दिन भर की थकान के बाद जब हम बिस्तर पर जाते हैं, तो एक अच्छी नींद के लिए सबसे ज्यादा जरूरत होती है एक मुलायम तकिए की, लेकिन क्या आपका फेवरेट तकिया भी अब पिचक कर पापड़ जैसा हो गया है? सख्त और पिचके तकिए पर सोने से न सिर्फ नींद खराब होती है, बल्कि सुबह उठने पर गर्दन और कंधों में भयंकर दर्द और अकड़न भी होने लगती है।
अगर आप भी इस परेशानी से जूझ रहे हैं और नया तकिया खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपको अपने पुराने तकिए को फेंकने की कोई जरूरत नहीं है। आज हम आपको ऐसे 3 आसान ट्रिक्स (How to fluff a flat pillow) शेयर करने जा रहे हैं, जिनसे आपका पुराना और चिपटा तकिया फिर से रुई जैसा गुदगुदा और फूला हुआ बन जाएगा।
तकिए को दिखाएं धूप
क्या आप जानते हैं कि आपका तकिया क्यों पिचक जाता है? दरअसल, सोते समय हमारे शरीर का पसीना और सिर की नमी तकिए के अंदर चली जाती है, जिससे अंदर की रुई या फाइबर भारी होकर दब जाता है। ऐसे में, अपने पिचके हुए तकिए को हफ्ते में कम से कम एक बार 2 से 3 घंटे के लिए तेज धूप में रखें। धूप की गर्मी से तकिए के अंदर की सारी नमी सूख जाएगी और फाइबर फिर से फूल जाएगा। साथ ही, धूप से तकिए में मौजूद बैक्टीरिया और बदबू भी खत्म हो जाएगी।
हाथों से करें तकिए की मसाज
यह सबसे आसान और तुरंत काम करने वाला तरीका है, जिसे आपको अपनी डेली रूटीन में शामिल करना चाहिए। अपने तकिए को दोनों हाथों से पकड़ें और उसे हर तरफ से अंदर की ओर दबाएं। इसे बिल्कुल वैसे ही थपथपाएं और गूंधें जैसे आटा गूंधा जाता है। आप तकिए को बिस्तर पर रखकर उस पर हल्के हाथों से मुक्के भी मार सकते हैं। इससे तकिए के अंदर एक जगह इकट्ठा हो चुकी रुई अलग-अलग हो जाएगी और उसमें हवा भर जाएगी, जिससे वह तुरंत गुदगुदा हो जाएगा।
टेनिस बॉल और ड्रायर का सुपरहिट जुगाड़
अगर आपका तकिया बहुत ज्यादा सख्त हो गया है और ऊपर दिए गए तरीकों से काम नहीं बन रहा है, तो यह मशीन वाला जुगाड़ आपके बहुत काम आएगा। इसके लिए, अपने वाशिंग मशीन के ड्रायर में तकिए को डालें। अब दो साफ टेनिस गेंदों को अलग-अलग मोजे में डालकर बांध लें और उन्हें भी तकिए के साथ ड्रायर में डाल दें। ड्रायर को 10-15 मिनट के लिए 'नो हीट' या बिल्कुल हल्की हवा की सेटिंग पर चलाएं। मशीन के अंदर घूमते समय टेनिस गेंदें तकिए को हर तरफ से पंच करेंगी, जिससे अंदर का सारा जमा हुआ फाइबर खुल जाएगा। जब आप तकिया बाहर निकालेंगे, तो वह बिल्कुल नए जैसा फूला हुआ मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।