ससुर मेरे नै बोया बाजरा... खोड़िया हो या लेडीज संगीत, इस हरियाणवी लोकगीत के बिना अधूरी है शादी वाले घर की रौनक
घूंघट की आड़ से कोई ताई या चाची किसी जब ठेठ हरियाणवी लोकगीत की तान छेड़ती है, तो महंगे से महंगे डीजे का चार्म भी फीका पड़ जाता है।

शादी-ब्याह के उत्सव में ढोलक बजाकर लोकगीत गातीं हरियाणवी महिलाएं (AI जनरेटेड तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। डीजे के बेस और पॉप म्यूजिक के इस दौर में, जब किसी शादी वाले घर के आंगन से ढोलक की खनकती थाप और महिलाओं की खिलखिलाहट गूंजती है, तो समां ही कुछ और होता है। जी हां, हरियाणवी ब्याह-शादियों का असली रंग तो इन्हीं पारंपरिक लोकगीतों से जमता है, जिनके बिना हर जश्न अधूरा-सा लगता है।
आज हम ऐसे ही एक चुलबुले हरियाणवी लोकगीत (Haryanvi Folk Song) 'ससुर मेरे नै बोया बाजरा' की बात कर रहे हैं। अगर आप इस गीत की तह में उतरेंगे, तो इसके पीछे आपको हरियाणा की लहलहाती किसानी, संयुक्त परिवार की गर्माहट और ननद-भाभी, सास-बहू के बीच की प्यारी-सी नोकझोंक का खूबसूरत ताना-बाना नजर आएगा।
'ससुर मेरे नै बोया बाजरा'
यह गाना हरियाणा की पारंपरिक लोक गायन शैली में रचा गया एक बेहद पुराना और प्रसिद्ध गीत है। पुराने समय में जब जीवन पूरी तरह से खेती-किसानी और फसलों पर निर्भर था, तब ग्रामीण घरों की दिनचर्या भी खेतों के ही इर्द-गिर्द घूमती थी।
इस लोकगीत की सबसे मशहूर शुरुआती पंक्तियां कुछ इस प्रकार हैं:
ससुर मेरे नै बोया बाजरा,
जम आई हरण ज्वार सुणीयो...
जेठ मेरे नै घाल्या, ए ज्योंडिया,
चढ़ी ए स्वासण, नार सुणीयो...
इस गाने में एक बहू अपने ससुराल की कृषि आधारित जीवनशैली और पारिवारिक रिश्तों का बखान बड़े ही चुलबुले अंदाज में कर रही है। गाने के बोल बताते हैं कि ससुर ने खेत में बाजरा बोया है। यह गीत सिर्फ खेती-बाड़ी का जिक्र नहीं करता, बल्कि एक बहू का अपने जेठ, ननद और सास-ससुर के साथ होने वाली रोजमर्रा की बातचीत को भी बड़ी खूबसूरती से दर्शाता है।
हरियाणवी देहात की जान है यह लोकगीत
इस लोकगीत के बोल भले ही बहुत सीधे और मजाकिया लगते हों, लेकिन इनके पीछे हरियाणा के देहाती जीवन और पारिवारिक रिश्तों की एक मजबूत डोर छिपी है। यह गीत केवल बाजरा बोने या फसल उगाने के बारे में नहीं है, बल्कि यह परिवार के भीतर के संवाद को दर्शाता है।
गीत में आगे चलकर ननद के खेत में रोटी लेकर जाने, सास द्वारा दी गई सीख और भाभी के करारे मगर मजाकिया जवाबों का जो जिक्र आता है, वह उस दौर की मेहनतकश महिलाओं के आत्मविश्वास और उनके जीवन की सादगी का प्रतीक है। यह दिखाता है कि कैसे महिलाएं घर और खेत की जिम्मेदारियों के बीच भी हंसी-मजाक के पल चुरा लिया करती थीं।
सुनते ही जुबान पर चढ़ जाते हैं जिसके ठेठ शब्द
ऊपर चढ़कै, मारया ए गोफिया,
रसिये जुड़ गए, चार सुणीयो...
किसने बुलाए थम, कित तै ओ आए,
मैं सुं ओ, इज्जत दार सुणीयो...
छोटी नणदल, रोटी ए ल्याई,
मैं भाभी री, तेरे यार सुणीयो...
तनै री नणदल, गुडीया री दे दयुं,
घरे ना बताइए री, बात सुणीयो...
नणद हठीली नै, सास सिखाई
थारी बहु माली के, के साथ सुणीयो...
सास बढ़ी हारी, ने ससुरा सिखाया
थारी बहु माली के, के साथ सुणीयो...
इस गीत के अधूरी लगती है हरियाणवी शादी की महफिल
जब भी शादियों में खोड़िया या महिला संगीत होता है, तो ढोलक की थाप पर महिलाएं इस गीत को गाए बिना नहीं रह पातीं। यह गीत सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं गाया जाता, बल्कि यह महिलाओं को अपनी खुशी जाहिर करने और आपस में नोकझोंक के जरिए हंसी-ठिठोली करने का एक बेहतरीन जरिया देता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।