विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मेरे सिर पै बंटा टोकणी...' पनघट की छेड़छाड़ बयां करता हरियाणवी लोकगीत, डीजे पर थिरकने को कर देगा मजबूर

Published: Tue, 17 Nov 2026 07:03 PM (GMT+05:30)

आज हम आपको एक ऐसे हरियाणवी लोकगीत के बारे में बताने जा रहे हैं, जो पानी भरती पनिहारिन और एक अजनबी मुसाफिर की मीठी तकरार पर बुना गया है।

सिर पर टोकणी रखकर लोक नाचती हरियाणवी युवती। (AI जनरेटेड तस्वीर)

सिर पर टोकणी रखकर लोक नाचती हरियाणवी युवती। (AI जनरेटेड तस्वीर)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। रात के बारह बज रहे हों या फिर बजने वाले हों सुबह के चार... हरियाणवी शादी में डीजे के फ्लोर पर जब तक किसी ठेठ लोकगीत की धुन नहीं बजती, तब तक न तो भाभियों के पैर थिरकते हैं और न ही जश्न में असली रंग जमता है।

बॉलीवुड के कितने ही रीमिक्स क्यों न आ जाएं, लेकिन हरियाणा की माटी से निकले इन लोकगीतों (Haryanvi Folk Song) की बात ही कुछ और है। ये सिर्फ नाचने-गाने के लिए नहीं बने, बल्कि इनके हर बोल में पनघट की चुहलबाजी, देहात का भोलापन और रिश्तों की एक पूरी कहानी छिपी होती है। आज हम आपको एक ऐसे ही गीत के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसके बोल हैं- 'मेरे सिर पै बंटा टोकणी...'।

पनघट जाती महिला और राहगीर की मीठी नोकझोंक

यह गाना हरियाणा की पारंपरिक लोक गायन शैली में रचा गया एक बेहद प्रसिद्ध गीत है। पुराने समय में जब ग्रामीण जीवन में महिलाएं कुएं या पनघट से पानी भरने जाती थीं, तब पानी भरने का वह समय उनकी आपसी बातचीत और हंसी-ठिठोली का सबसे बड़ा जरिया हुआ करता था। इस लोकगीत की पंक्तियां कुछ इस प्रकार हैं:

"मेरे सिर पै बंटा टोकणी, मेरे हाथ में नेजू डोल
मैं पतली सी कामनी, इक राहे मुसाफिर मिल गया
छोरी इक घूंट पानी पिलाय, मैं पतली सी कामनी..."

इस गाने में एक महिला (पतली सी कामनी) सिर पर पानी का पीतल का बर्तन (बंटा टोकणी) और हाथ में रस्सी-बाल्टी (नेजू डोल) लेकर जा रही है। रास्ते में उसे एक मुसाफिर मिलता है, जो उससे एक घूंट पानी मांगता है।

बेहद प्यारी है इस हरियाणवी लोकगीत की कहानी

गाने की कहानी बड़ी ही दिलचस्प है। जब अजनबी मुसाफिर पानी मांगता है, तो महिला यह कहते हुए इनकार कर देती है कि पानी पिलाने में बर्तन को झुकाने पर वो भीग जाएगी। इसके बाद वह उस मुसाफिर से पूछती है कि तुम किसके पाहुने यानी मेहमान हो और इस गांव में क्या लेने आए हो?

"छोरे ना डूबे मेरी नेजू डोल, ना नवै मेरा शरीर
छोरे किसके हो तुम पाहुने, अर किसने लेन आए
मैं पतली सी कामनी..."

"छोरी बाप तेरे का पाहुना, अर आया तनै लेन..."

"छोरा अब डूबै मेरी डोलची, छोरा अब नवै मेरा शरीर
मैं पतली सी कामनी..."

तब वह मुसाफिर जवाब देता है कि वह उसके पिता का ही मेहमान है और उसी को (गौना कराकर) विदा कराकर ले जाने आया है। यह सुनते ही महिला का रुख पूरी तरह बदल जाता है और वह खुशी-खुशी अपने पति के लिए सब कुछ न्योछावर करने को तैयार हो जाती है। यह गीत एक नए शादीशुदा जोड़े के बीच पनघट पर हुए रोमांस और शर्म-ओ-हया को बेहद देसी अंदाज में बयां करता है।

चुलबुले बोलों में छिपी महिलाओं की हंसी-ठिठोली

इस लोकगीत के बोल भले ही बहुत सीधे और मजाकिया लगते हों, लेकिन इनके पीछे हरियाणा के देहाती जीवन और पारिवारिक रिश्तों की एक मजबूत डोर छिपी है। जब भी शादियों में महिला संगीत होता है, तो ढोलक की थाप पर महिलाएं इस गीत को गाए बिना नहीं रह पातीं। यह गीत सिर्फ मनोरंजन के लिए नहीं गाया जाता, बल्कि यह महिलाओं को घूंघट की आड़ में भी अपनी खुशी जाहिर करने और पति-पत्नी की खट्टी-मीठी तकरार को मजे लेकर गाने का एक बेहतरीन जरिया देता है।

यह भी पढ़ें- रे वीरा गुड़ की भेली लाई... भात न्योतने की रस्म में रौनक जमाता है ये हरियाणवी लोकगीत, हंसी-ठिठोली भरे हैं बोल

यह भी पढ़ें- 'सासू लडूंगी जरूर...' महिला संगीत में बॉलीवुड गानों को टक्कर देता है ये हरियाणवी लोकगीत, ब्याह की बढ़ाता है रौनक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।