झारखंड की मुंडा और उरांव जनजाति से जुड़ा है ये ‘सरहुल’ लोकनृत्य, मांदर की थाप पर जमकर थिरकते हैं आदिवासी
झारखंड का सरहुल लोकनृत्य उरांव, संथाल, मुंडा और हो जनजातियों द्वारा नए साल के स्वागत में किया जाता है।

खुशियों और उत्साह से भरपूर सरहुल लोकनृत्य (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। झार यानी वन और खंड का मतलब भूमि, ऐसे बना है झारखंड। अपने नाम की ही तरह इस राज्य की जीवनशैली भी जंगल, पहाड़, नदियों के इर्द-गिर्द घूमती है। प्रकृति से गहराई से जुड़े इस क्षेत्र की इसी सांस्कृतिक विरासत को आज यहां रहने वाले जनजातीय समुदायों ने संभाल रखा है। आप इसकी झलक झारखंड के लोकनृत्य सरहुल में देख सकते हैं।
खुशियों और उत्साह से भरपूर सरहुल लोकनृत्य
सरहुल झारखंड में निवास करने वाले उरांव, संथाल, मुंडा और हो जनजातियों का पारंपरिक नृत्य माना जाता है, जिसे आदिवासी लोग नए साल के स्वागत के समय करते हैं। सरहुल दो शब्दों ‘सर’ और ‘हुल’ से मिलकर बना है, जिसमें सर का मतलब साल का पेड़ और हुल का मतलब फूल है। बताते चलें कि झारखंड के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और छत्तीसगढ़ में भी यह पारंपरिक नृत्य किया जाता है।
कैसे किया जाता है यह नृत्य?
इस नृत्य को हर उम्र के आदिवासी पुरुष और महिलाएं कर सकते हैं। पहले महिलाएं हाथों में हाथ डालकर एक गोल घेरा बनाती हैं। वहीं, मांदर, तुरही, बांसुरी, नगाड़ा और ढोल जैसे लोक वाद्ययत्रों को बजाने वाले पुरुष उस घेरे में खड़े हो जाते हैं।
इसके बाद लोकगीत की धुनों पर इसी गोल घेरे में घूमते हुए सरहुल नृत्य किया जाता है, इस दौरान पुरुष भी उसी घेरे में साथ-साथ घूमते नजर आते हैं। पहले एक थाप पर शरीर को आगे की तरफ झुकाया जाता है, उसके बाद दूसरी थाप पर शरीर को पीछे ले जाते हैं।
प्रकृति पूजा और आदिवासी एकता का प्रतीक है सरहुल
कहते हैं सरहुल महोत्सव और इसके नृत्य की आत्मा साल में बसती है। दरअसल, साल का पेड़ मुंडा, संथाल और उरांव जैसे आदिवासी समुदायों में बहु पवित्र और पूजनीय माना गया है क्योंकि इसमें ग्राम देवी मां सरना निवास करती हैं। जब चैत्र के महीने में वसंत ऋतु में फूल खिलने शुरू होते हैं, तो वो महज एक मौसमी बदलाव नहीं होता, बल्कि प्रकृति के साथ ही जीवन के चक्र की शुरुआत का प्रतीक बन जाता है।
सरहुल के अलावा इन नृत्यों पर भी थिरकते हैं आदिवासी
प्रकृति से जुड़ा यह महोत्सव केवल सरहुल नृत्य तक ही सीमित नहीं है। इसके अलावा, मुंडा जनजाति का जादुर और गेना, झुमइर जनजाति का झुमइर, संथाल और हो जनजाति का बाहा लोकनृत्य भी इस उत्सव की जान है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।