घड़े जैसा ढोल छाती पर बांधकर होता है ओडिशा का घुमुरा नृत्य, नर्तक दिखाते हैं ऐसे करतब कि नहीं हटेगी नजर
ओडिशा का घुमुरा नृत्य कालाहांडी जिले की सदियों पुरानी परंपरा है, जो अपने घड़े के आकार के वाद्ययंत्र के लिए लोकप्रिय है।

घड़े से है ओडिशा के घुमुरा नृत्य का खास नाता (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के हर कोने में कोई न कोई लोककला सदियों से निभाई जा रही परंपरा को जीवंत रखे हुए है। इनमें अगर हम ओडिशा के घुमुरा लोकनृत्य की बात न करें, ऐसा हो ही नहीं सकता। यह नाम सुनकर आपको राजस्थान के घूमर नृत्य की याद आई होगी, पर यह उससे एकदम अलग है। दरअसल, इसका नाता नृत्य से न होकर युद्ध कला और घड़े से है। आइए आज घुमुरा लोकनृत्य से जुड़े इतिहास पर बात करते हैं।
घड़े से है घुमुरा नृत्य का खास नाता
घुमुरा ओडिशा के कालाहांडी जिले का एक पारंपरिक लोकनृत्य है, इसकी कहानी घड़े से जुड़ी हुई है। दरअसल, नृत्य का नाम ही घड़े के आकार के परंपरिक वाद्ययंत्र की वजह से पड़ा है। यह एक तरह का ढोल होता है, जिसके बिना नृत्य ही अधूरा माना जाता है। कहते हैं कि इस वाद्ययंत्र से निकलने वाली गूंजती हुई गहरी ध्वनि भगवान शिव के डमरू और माता सरस्वती की वीणा से मिलकर बनी है।
सैनिकों का मनोबल बढ़ाने के बाद बना दरबारी नृत्य
वैसे तो नृत्य की शुरुआत को लेकर इतिहासकारों में मतभेद है, पर इसकी एक कहानी युद्ध में लड़ रहे सैनिकों से जुड़ी बताई जाती हैं। ऐसा कहा जाता है कि पहले के समय में युद्ध के मैदान में सैनिकों का मनोबल बढ़ाने के लिए घुमुरा ढोल बजाया जाता था। फिर बाद में कालाहांडी के शासकों ने इस नृत्य को सरंक्षण देने के लिए इसे दरबारी नृत्य का हिस्सा बना लिया। इस तरह आगे चलकर घुमुरा नृत्य ओडिशा की संस्कृति की खास पहचान बना।
शरीर पर ढोल बांधकर नाचते हैं लोग
घुमुरा कालाहांडी जिले में पुरुषों का किया जाने वाला एक जोशीला नृत्य है, जिसे 15-40 की उम्र वाले पुरुष ही करते हैं। इसे समूह में किया जाता है और हर एक समूह में आठ, बारह या सोलह लोग होते हैं। सबसे पहले नर्तक रस्सी की मदद से अपने शरीर पर चमड़े से मढ़ा हुआ ढोल बांधते हैं।
फिर नृत्य शुरू करते हुए साथ-साथ में इसे भी बजाते रहते हैं। इस दौरान उनके कदम इतने फुर्तीले होते हैं कि कोई भी देखे तो जोश से भर जाए। वहीं, गोल घेरे में चक्कर लगाना, ऊंची छलांग और हैरतअंगेज करतब ऐसे लगते हैं, मानो यह नृत्य कम और कोई मार्शल आर्ट ज्यादा हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।