पटाखों के शोर से सहम जाता है आपका पेट डॉग? दीवाली पर उसे स्ट्रेस-फ्री और सुरक्षित रखने के लिए अपनाएं ये टिप्स
दीवाली पर पटाखों का शोर पेट्स के लिए डरावना हो सकता है, क्योंकि उनकी सुनने की क्षमता इंसानों से ज्यादा होती है।

दीवाली पर पेट्स का कैसे रखें ध्यान? (AI Generated Image)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। दीवाली का त्योहार खुशियों और रोशनी का पर्व होता है। हर तरफ जगमगाती रोशनी, दीये और मिठाइयां इस त्योहार को खास बनाते हैं। हालांकि, इस त्योहार में पटाखों का शोर भी होता है, जो हमारे पेट्स के लिए काफी डरावना हो सकता है।
जानवरों की सुनने की क्षमता इंसानों से ज्यादा तेज होती है। इसलिए उनके लिए पटाखों की तेज आवाजें और ज्यादा डरावनी हो सकती हैं। आसमान में पटाखों की रोशनी और धुआं भी उन्हें परेशान कर सकता है। इसलिए दीवाली को अपने पेट्स के लिए भी खास बनाने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। आइए जानें कैसे पटाखों के शोर में आप अपने पेट्स को सुरक्षित रख सकते हैं।
घर के अंदर एक सुरक्षित माहौल बनाएं
दीवाली के शोर-शराबे से अपने पेट्स को बचाने के लिए अपने घर के अंदर एक शांत और आरामदायक जगह बनाएं। घर का वो कमरा चुनें, जहां पटाखों की आवाज सबसे कम आती हो। वहां उनका बिस्तर लगाएं, उनके खिलौने रखें और उनके लिए पानी रखें। तेज आवाज और धुएं को अंदर आने से रोकने के लिए खिड़की-दरवाजे बंद करके रखें, ताकि पेट्स को घर के अंदर सुरक्षित महसूस हो।
खाने-पीने का ध्यान रखें
त्योहारों में तला-भुना खाना खूब बनता है और मेहमानों का आना-जाना भी लगा रहता है। ऐसे में इस बात का ध्यान रखें कि आपके पेट्स को कुछ भी तला-भुना काना न मिले। चॉकलेट्स, मिठाइयां और मसालेदार तला हुआ खाना पेट्स के स्वास्थ्य के लिए काफी नुकसानदेह हो सकता है। इसलिए उनके लिए उनका पेट फूड रेडी रखें और उन्हें समय पर खाना खिलाएं।
उन्हें अकेला न छोड़े
पटाखों के शोर के कारण जानवरों को घबराहट महसूस हो सकती है। इसलिए ऐसे में उन्हें आपके सपोर्ट की जरूरत होती है। जब वे डरें या घबराहट के कारण घर में इधर-उधर भागें या शोर मचाएं, तो उन पर गुस्सा करने की जगह, उन्हें प्यार से सहलाएं। उनके पास बैठें और उन्हें महसूस करवाएं कि वो अकेले नहीं हैं। अगर आपका पेट बहुत ज्यादा घबरा रहा है या उसका व्यवहार बहुत आक्रामक हो रहा हो, तो तुरंत उनके डॉक्टर से बात करें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।