दिवाली की सफाई में महंगे क्लीनर की नहीं पड़ेगी जरूरत, इस्तेमाल की हुई चायपत्ती से करें क्लीनिंग
चायपत्ती से खिड़कियां, कांच के बर्तन, फर्नीचर, किचन सिंक और चिकने बर्तन आसानी से साफ किए जा सकते हैं।

इस्तेमाल की गई चायपत्ती क्लीनिंग में आएगी काम (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भारत में चाय एक नेशनल ड्रिंक है, क्योंकि ज्यादातर घरों में सुबह-शाम कुछ बने न बने; चाय तो जरूर बनती है। ऐसे में चाय बनाने के बाद जो चायपत्ती बचती है, उसे हम बेकार समझकर फेंक देते हैं। जबकि ये चायपत्ती सफाई में आपके बड़े काम आ सकती है, वैसे भी इन दिनों सभी घरों में दीवाली सफाई अभियान जोरों-शोरों पर है। आइए आपको बताते हैं होम क्लीनिंग में चायपत्ती के इस्तेमाल करने के टिप्स:
खिड़कियों के शीशे साफ करें
खिड़कियां साफ करने के लिए बची हुई चायपत्ती को दोबारा साफ पानी से धो लें, ताकि उसमें से दूध और चीनी अच्छे से निकल जाए। इसके बाद चायपत्ती सादे पानी में डालकर 3 मिनट तक उबाल लेनी है। पानी को छानकर ठंडा करने के लिए रखें, फिर इस पानी से खिड़कियों के शीशे साफ कर लें।
कांच के बर्तन चमकाएं
पहले चायपत्ती को धोकर उसे बर्तन में 2-3 मिनट तक उबाल लें। फिर पानी को छानकर ठंडा होने के रख दें। इस पानी में 1 चम्मच डिटर्जेंट पाउडर या 2-3 बूंद डिशवॉश लिक्विड मिलाकर मिक्स करें। अब स्क्रब को पानी डुबोकर कांच के बर्तनों की क्लीनिंग करें।
फर्नीचर की चमक लौटाएं
लकड़ी के फर्नीचर पर चायपत्ती का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें, क्योंकि इससे दाग लगने का खतरा रहता है। इसके लिए चायपत्ती को धोकर अच्छे से उबाल लेना है। इस पानी को छानकर इसमें 2 चम्मच सिरका मिलाएं। इसके बाद मिश्रण में साफ सूती कपड़ा डुबोकर फर्नीचर को चमका लें।
किचन सिंक क्लीनिंग
चायपत्ती में मौजूद नेचुरल टैनिन्स क्लीनिंग एजेंट का काम करते हैं। अगर आपके घर में चिकनाई या तेल जम गया है, तो आप चायपत्ती को धोकर उसे पहले उबाल लें। फिर इस पानी को बिना छाने उसमें 1 चम्मच डिटर्जेंट और बेकिंग सोडा मिलाकर मिश्रण तैयार करें। इस लिक्विड को थोड़ा-थोड़ा सिंक में डालकर और बाकी मिश्रण को स्क्रब में डुबोकर अच्छे से साफ करें। इससे न सिर्फ जमी हुई चिकनाई और गंदगी दूर होगी, बल्कि उसकी बदबू भी चली जाएगी।
बर्तनों से चिकनाई दूर करें
पहले किसी बर्तन में इस्तेमाल हुई चायपत्ती डालकर उसे धो लें और उसका पानी निकाल लें। इसके बाद चिकने बर्तनों जैसे कड़ाही या पैन में धुली हुई चायपत्ती डालकर फैलाएं, फिर स्क्रब से घुमाते हुए साफ करें। इसके बाद डिशवॉश लिक्विड से सामान्य तरीके से धो लेना है।
