न काम का प्रेशर नहीं, फिर भी ऑफिस में नहीं लगता मन? रस्ट आउट है इसकी वजह; इन तरीकों से निकलें बाहर
काम में पूरी शिद्दत से लगे होने पर भी संतुष्टि न मिलने और खालीपन का एहसास 'रस्ट आउट' का संकेत हो सकता है।

बर्न आउट से बहुत अलग है रस्ट आउट (Image Source: AI Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। कई बार हम किसी काम को पूरी शिद्दत से करते हैं, लेकिन इसके बावजूद अंदर से संतुष्टि नहीं मिल पाती और खालीपन का एहसास होता है। आप इसे बर्नआउट समझ लेते हैं, पर असल में यह रस्ट आउट की स्थिति है। एक्स्पर्ट्स का मानना है कि काम पूरे मन से करने के बाद भी अगर व्यक्ति को सुकून महसूस न हो तो उसके पीछे मानसिक स्थिति ‘रस्ट आउट’ बड़ी वजह होती है।
क्या है रस्ट आउट?
रस्ट आउट वाली थकान दिखाई नहीं देती, क्योंकि इसकी वजह काम का प्रेशर न होकर रोजाना उसी काम को करने की ऊब है। अक्सर ऐसा देखा गया है कि जब व्यक्ति को उसके काम में किसी चैलेंज का सामना न करना पड़े या फिर उसमें किसी तरह की क्रिएटिविटी न हो, तो अपने काम से बोर होने लगता है। साइकॉलजिस्ट इस स्थिति को दिमाग का जड़ हो जाना कहते हैं।
कैसे पहचानें इसके लक्षण?
हर दिन ऐसा महसूस होना कि जॉब में कुछ नया सीखने को नहीं मिल रहा या हर दिन एक जैसा ही काम है।
आपको ऐसा भी लग सकता है कि आपकी जॉब आपकी सोच या वैल्यूज से जुड़ी हुई नहीं हैं।
कई लोगों को रस्ट आउट की फीलिंग में ऐसा लग सकता है कि उनकी स्किल्स का यहां सही से या पूरी क्षमता के साथ उपयोग नहीं हो रहा।
इसके साथ ही काम से जुड़ी छोटी-छोटी बातों पर चिड़चिड़ापन, फोकस की कमी और मानसिक रूप से थकान महसूस करना भी इसके लक्षण हैं।
रस्ट आउट से बाहर कैसे निकलें?
ऐसे कई टिप्स हैं जिनकी मदद से रस्टआउट की फीलिंग से बाहर निकला जा सकता है:
अपने साथ ईमानदार बने रहें
रस्ट आउट की स्थिति में हमेशा नई जॉब एक अच्छा ऑप्शन नहीं हो सकती, क्योंकि हो सकता है कि थोड़े समय बाद उस जॉब में भी ऐसी ही फीलिंग आने लगे। अपनी उसी जॉब में एन्जॉय करने के लिए उसे क्रिएटिव तरिके से करने की सोचें। फिर इसे लेकर अपने सिनीयर्स से भी बात की जा सकती है।
वैल्यूज के बारे में समझें
खुद से सवाल पूछें कि आखिरी बार आपने अपनी जॉब में खुशी, उत्साह और जिज्ञासा को महसूस किया था। उसी वजह तलाशें और काम को उसी स्टाइल में करने की सोचें। इससे आपको अपनी काम से जुड़ी वैल्यूज के बारे में भी पता चलेगा।
जुनून की तलाश करें
क्या आपके पास कोई ऐसी स्किल है जिसका आपकी जॉब से कोई लेनादेना नहीं और आप उसे फॉलो भी नहीं कर पा रहे? अगर हां, तो वीकेंड्स पर उस हॉबी को करने का मन बनाएं। यह तरीका मानसिक थकान, ऊब और चिड़चिड़ेपन कम करने में मदद करेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।