Miss Universe 2026 से 15 देशों ने खींचे हाथ! कहीं बैन, तो कुछ जगहों पर वीजा बना सुंदरियों के रास्ते का रोड़ा
प्यूर्टो रिको में 75वें मिस यूनिवर्स पेजेंट से पहले 15 देशों ने अपनी भागीदारी वापस ले ली है।

मिस यूनिवर्स में नहीं दिखेगा मलेशिया-इंडोनेशिया की सुंदरियों का जलवा (Image Source: AI-Generated)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। प्यूर्टो रिको के सैन जुआन में 75वें Miss Universe पेजेंट की तैयारियां जोरों पर हैं। इंटरनेट पर हर तरफ जोस मिगुएल एग्रेलोट कोलिजीयम की चकाचौंध और ब्यूटी पेजेंट्स की शानदार तस्वीरें छाई हुई हैं।
लेकिन, चमक-दमक वाले इस ग्रैंड इवेंट में शुरुआत से ही एक बहुत बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। जी हां, ग्रैंड फिनाले से ठीक पहले 15 देशों ने इस ग्लोबल ब्यूटी पेजेंट से अपना कदम पीछे खींच लिया है।
6 एशियाई देशों पर लगा बैन
इस बार मिस यूनिवर्स के मंच पर थाईलैंड, मलेशिया, वियतनाम, इंडोनेशिया, सिंगापुर और लाओस का जलवा देखने को नहीं मिलेगा। बता दें, कॉरपोरेट और फ्रेंचाइजी से जुड़े आपसी विवादों के चलते इन 6 एशियाई देशों के प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पर रोक लगा दी गई है।
राहत की बात बस इतनी है कि इन देशों की ब्यूटी पेजेंट्स से उनका नेशनल टाइटल नहीं छीना जाएगा। एक दिलचस्प बात यह भी है कि वियतनाम भले ही इस साल बैन की वजह से हिस्सा नहीं ले पा रहा है, लेकिन अगले साल होने वाले 76वें मिस यूनिवर्स की मेजबानी वियतनाम ही करने वाला है।
वीजा की अड़चनों ने तोड़े सपने
प्रतियोगिता से बाहर होने की एकमात्र वजह फ्रेंचाइजी विवाद नहीं है, बल्कि कई देशों के लिए वीजा भी एक बड़ी दीवार बन गया। अमेरिका के वीजा प्रतिबंधों और कागजी समस्याओं की वजह से नेपाल, जिम्बाब्वे, जाम्बिया, अंगोला और कांगो गणराज्य की सुंदरियां इस साल प्रतियोगिता में शामिल नहीं हो पाएंगी।
खिताब से ज्यादा सेहत और सुकून लगा जरूरी
कई कंटेस्टेंट्स ने अपनी सेहत और निजी जिंदगी को प्राथमिकता देते हुए खुद ही इस रेस से बाहर होने का फैसला किया है:
- बुल्गारिया (एना-मारिया): बुल्गारिया की कंटेस्टेंट दुर्भाग्य से एक कार एक्सीडेंट का शिकार हो गईं। उनके आयोजकों ने आधिकारिक तौर पर कहा कि किसी भी खिताब या ताज से ज्यादा जरूरी एना-मारिया की सेहत, सुरक्षा और रिकवरी है।
- ऑस्ट्रिया (विक्टोरिया एमर्सन): विक्टोरिया ने इंस्टाग्राम पर अपने फैंस को बताया कि वह अपनी मेंटल और फिजिकल हेल्थ के लिए यह शो छोड़ रही हैं। उन्होंने एक बेहद पावरफुल कोट भी लिखा कि उनके पास ताज और सैश हो या न हो, उनके भीतर की ताकत ही उन्हें असली 'क्वीन' बनाती है।
- सेंट मार्टिन (मैडली मैरियन): मैडली ने बेहद भावुक होते हुए निजी कारणों से अपना सफर बीच में ही रोकने का ऐलान किया। उन्होंने माना कि यह मौका बहुत खास था और इसे छोड़ने का फैसला उनके लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था।

(Image Source: Instagram/gianpimissology)
इनके अलावा, मालदीव की कंटेस्टेंट आमिनाथ युइन मोहम्मद और मोरक्को की सारा अल्लाली ने भी बिना कोई खास वजह बताए अचानक इस प्रतियोगिता से दूरी बना ली है।
प्यूर्टो रिको में सजे इस मंच पर फिनाले का रोमांच तो बना हुआ है, लेकिन पेजेंट शुरू होने से पहले ही इतनी बड़ी संख्या में देशों के बाहर हो जाने से पूरी दुनिया में इसकी काफी चर्चा हो रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।